झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने सिविल जज (जूनियर डिवीजन) प्रीलिम्स परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है. जूनियर डिवीजन प्रीलिम्स परीक्षा साल 2024 में हुई थी और दो साल बाद इसका रिजल्ट जारी किया गया है. बता दें कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद फाइनल आंसर-की में सुधार किया गया था और उसके बाद रिजल्ट जारी किया गया है. रिजल्ट के अनुसार कुल 1844 उम्मीदवार अब मुख्य परीक्षा देंगे. मुख्य परीक्षा किस दिन आयोजित की जानी है. उसकी जानकारी जल्द ही झारखंड लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी. इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए 138 पदों पर नियुक्ति की जानी है.
सिविल जज प्रीलिम्स परीक्षा पूरे राज्य में 10 मार्च 2024 को आयोजित की गई थी. जुलाई 2024 को इस परीक्षा का रिजल्ट जारी किया गया था. हालांकि प्रीलिम्स एग्जाम की आंसर की को लेकर विवाद हुआ था और ये मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया था. इस मामले की सुनवाई करते हुए 9 फरवरी 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने कुछ विवादित प्रश्नों की समीक्षा करने का आदेश दिया था. इसके बाद आयोग ने नई फाइनल आंसर-की जारी की थी.
2 सवालों को ड्रॉप किया
फाइनल आंसर की में 5 सवालों के आंसर बदले गए थे. जबकि 2 सवालों को ड्रॉप कर दिया गया था. इतना ही नहीं परीक्षा में शामिल हुए सभी उम्मीदवारों को 3 सवालों के लिए अंक दिए गए थे. इस पूरी प्रक्रिया के बाद अब रिजल्ट जारी किया गया है. जुलाई 2024 में जो रिजल्ट जारी किया था, उसमें कुल 1,797 उम्मीदवार पास हुए थे.
रिजल्ट जारी करते हुए आयोग वे साफ कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए इस परीक्षा की संशोधित आंसर की जारी की गई है. इसी के आधार पर प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट जारी किया गया है. आयोग ने साफ किया है कि रिजल्ट में किसी भी तरह की गलती या टाइपोग्राफिकल के संज्ञान में आने पर उसपर सुधार का अधिकार सुरक्षित रहेगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं