विज्ञापन

नौकरियों के लिए AI आपदा है या अवसर? NDTV AI Summit में टेक दिग्गजों ने दिया हर सवाल का जवाब

NDTV AI Summit: NDTV के 'Ind.ai समिट' में कई टेक दिग्गज पहुंचे थे. माइक्रोसॉफ्ट इंडिया और साउथ एशिया चीफ पुनीत चंडोक और Nvidia के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट जय पुरी जैसे दिग्गजों ने एआई और इससे नौकरियों पर पड़ने वाले असर पर बात की और हर सवाल का जवाब भी दिया.

नौकरियों के लिए AI आपदा है या अवसर? NDTV AI Summit में टेक दिग्गजों ने दिया हर सवाल का जवाब
NDTV AI Summit

NDTV AI Summit: NDTV के 'Ind.ai समिट' में टेक्नोलॉजी की दुनिया के कई दिग्गज पहुंचे. जिनमें ब्रिटेन के पूर्व पीएम ऋषि सुनक, माइक्रोसॉफ्ट इंडिया और साउथ एशिया चीफ पुनीत चंडोक और Nvidia के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट जय पुरी जैसे लोग शामिल थे. इस दौरान टेक वर्ल्ड के इन महारथियों ने कई मुद्दों पर बातचीत की, साथ ही बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई से नौकरियों पर कितना असर पड़ेगा और इकॉनोमी में इसका क्या रोल है. सभी ने इस बात को माना कि एआई से कुछ नौकरियों को खतरा है, लेकिन ये भी बताया कि आने वाले कुछ सालों में इससे बंपर नौकरियां पैदा भी होंगीं. 

क्या बोले Nvidia के एग्जीक्यूटिव वीपी?

अमेरिका स्थित टेक्नोलॉजी दिग्गज Nvidia के कार्यकारी उपाध्यक्ष (Executive Vice President) जय पुरी ने NDTV के 'Ind.ai समिट' में कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आखिरकार अधिक रोजगार पैदा करेगा और अर्थव्यवस्था की मदद करेगा. पुरी ने कहा, "AI एक बहुत शक्तिशाली ताकत है और हमारे सामने आए हर दूसरे तकनीकी बदलाव की तरह, इसका भी प्रभाव पड़ेगा." उन्होंने इस बात को स्वीकार किया कि इससे कुछ नौकरियां खत्म होंगी लेकिन नई नौकरियां भी पैदा होंगी. 

माइक्रोसॉफ्ट इंडिया के चीफ ने कही ये बात

माइक्रोसॉफ्ट इंडिया के चीफ पुनीत चंडोक ने एआई और नौकरियों को लेकर कहा कि हमें इस बात पर फोकस करना होगा कि कैसे एआई को भारत के हर इंसान की जिंदगी में शामिल किया जाए. एआई को लेकर भारत में दो इमोशन हैं, पहला ये है कि एआई से नौकरियां चली जाएंगीं और ये हमारी नौकरी खा जाएगा. दूसरा ये है कि लोग ये सोच रहे हैं कि बाकी किसी भी टेक्नोलॉजी की तरह ये भी ऐसे ही निकल जाएगा और इसे इग्नोर कर रहे हैं. हालांकि दोनों ही चीजें गलत हैं. मुझे लगता है कि आपको अपनी स्किल को बढ़ाना होगा और अपनी जॉब डिस्क्रिप्शन से आगे सोचना होगा. आपको एआई के साथ सोचना चाहिए और इसे एक टीममेट की तरह देखना चाहिए, न कि आपके फोन में सिर्फ एक टूल की तरह... अगर आप ये सब करते हैं तो ये एक ऑक्सीजन मास्क की तरह काम करेगा और भारत का भविष्य काफी ब्राइट रहेगा. 

पुनीत चंडोक ने कहा कि अगर आप एआई के साथ चलना शुरू नहीं करते हैं तो ज्यादा देर तक आप नौकरी में नहीं रह सकते हैं. जिस नौकरी के लिए 25 परसेंट स्किल मांगी जाती थी, आज उसके लिए 50 परसेंट तक स्किल की जरूरत है. आपकी नौकरी खुद आपको बदल रही है. एआई सीखना आज किसी पहाड़ पर चढ़ने जैसा है. कुछ लोग इस पहाड़ पर दौड़ रहे हैं, कुछ बाइक से चढ़ने की कोशिश कर रहे हैं, कुछ लोग पहले ही चढ़ चुके हैं और कुछ लोग अब तक नीचे खड़े होकर सिर्फ चोटी को देख रहे हैं. 

Linkedin इंडिया हेड ने बताया कैसे मिलेगी नौकरी

इसी पैनल में शामिल लिंक्डिन इंडिया के हेड कुमारेश पत्ताबिरमन ने कहा कि लोग अपने लिंक्डिन प्रोफाइल में अपनी स्कूल की जानकारी और पुरानी कंपनियों में क्या काम किया, ये सब शामिल करते हैं. लेकिन आज के दौर में ये अहम है कि आपके पास कितनी नई स्किल हैं, आपके पुराने बैज अब काम नहीं आएंगे. आपको आगे बढ़ना होगा और खुद को अपग्रेड करना होगा. अब वो दौर आ गया है कि आपको इस वजह से खोजा जाएगा कि आपने क्या किया है, इस वजह से नहीं कि आप किस ब्रांड से असोसिएट करते हैं. कंपनियां तेजी से हायरिंग कर रही हैं और उन्हें ऐसे टैलेंट की तलाश है, जो अपनी स्किल को कई गुना बढ़ा चुके हैं.

लेबर मार्केट को बदल देगा एआई: ऋषि सुनक 

NDTV के 'Ind.ai समिट' में बोलते हुए ब्रिटेन के पूर्व पीएम ऋषि सुनक ने कहा, "मुझे लगता है कि AI लेबर मार्केट को बदल देगा. कुछ नौकरियां जाएंगी मुझे लगता है कि और भी बहुत सी नौकरियां बदल जाएंगी. मुझे लगता है कि इतिहास हमें दिखाता है कि जब हम इस बदलाव को अच्छी तरह से मैनेज करते हैं तो समाज आगे बढ़ता है." उन्होंने आगे कहा, "भारत ने यह मान लिया है कि टेक्नोलॉजी में लीडरशिप उसे बनाने पर निर्भर नहीं करती. यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप उसे कितने असरदार तरीके से इस्तेमाल करते हैं. बड़े पैमाने पर अपनाने पर ध्यान देकर, भारत में मौजूद टैलेंट पूल, मजबूत पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर और टेक्नोलॉजी को बहुत सपोर्ट करने वाली जनता के सपोर्ट से, भारत AI में लीडरशिप रोल निभाने के लिए अच्छी स्थिति में है."

AI बदलेगा IT का खेल: नंदन नीलकणी ने गिनाईं 4 नौकरियां जो घटेंगी, 5 नए काम जिनकी मांग बढ़ेगी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com