Ram Navami 2026: झारखंड के गढ़वा जिले में रामनवमी की महाअष्टमी पर देर रात ऐसा बवाल हुआ कि पूरा इलाका छावनी में तब्दील हो गया. रमकंडा थाना क्षेत्र में जुलूस निकालने के दौरान दो पक्षों के बीच शुरू हुई पत्थरबाजी ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े और लाठीचार्ज करना पड़ा.
24 घंटे से सुलग रहा था विवाद
दरअसल, बुधवार रात से ही जुलूस के मार्ग को लेकर तनाव बना हुआ था. गुरुवार दिनभर विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस की सुरक्षा में जुलूस निकाला गया था, गुरुवार देर शाम जैसे ही जुलूस कौआखोह शिव चबूतरा के पास पहुंचा, समुदाय विशेष के लोगों ने उसे आगे जाने से रोक दिया. देखते ही देखते मामूली विवाद पत्थरबाजी में बदल गया और दोनों तरफ से ईंट-पत्थर चलने लगे.
पुलिस छावनी में तब्दील हुआ इलाका
हालात बेकाबू होते देख डीआईजी कौशल किशोर और एसपी अमन कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा और आंसू गैस के गोले दागे गए. इस हिंसक झड़प में आधा दर्जन पुलिस अधिकारी और जवान चोटिल हुए हैं, जबकि दोनों पक्षों के कई नागरिक भी घायल हैं. घायलों में मिथिलेश कुमार, अनिल कुमार और सचिन कुमार प्रमुख हैं, जिनका इलाज चल रहा है.
SHO को हटाया गया, 12 हिरासत में
पुलिस ने अब तक इस मामले में एक दर्जन से अधिक उपद्रवियों को हिरासत में लिया है और दर्जनों मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं. विवाद की गंभीरता को देखते हुए रमकंडा थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह कुंटिया को तत्काल प्रभाव से हटाकर आरके पटेल को नया प्रभार सौंपा गया है. डीआईजी ने सख्त लहजे में कहा है कि झांकी पर पथराव करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.














