जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में तेंदुए ने एक बार फिर आतंक मचा दिया है. खानसाहिब क्षेत्र के बतपोरा और शेखपोरा इलाकों में रविवार (19 अप्रैल) को तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया. इस हमले में कम से कम आधा दर्जन लोग घायल हो गए. इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है और कई लोग घरों में बंद रहने को मजबूर हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार, तेंदुआ अचानक आवासीय इलाकों में घुस आया और कई लोगों पर हमला कर दिया. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. कुछ लोगों ने बताया कि तेंदुआ घरों के आसपास घूमता रहा, जिससे इलाके में भय का माहौल बन गया.
5 घंटे तक नहीं पहुंची टीम
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस को सूचित किया गया. लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि टीम पहुंचने में करीब 4 से 5 घंटे की देरी हो गई. इस देरी से लोगों में गुस्सा और भय दोनों बढ़ गया. उन्होंने कहा कि वन विभाग के पास पर्याप्त स्टाफ नहीं है, जिसके कारण ऐसे मामलों में तुरंत कार्रवाई नहीं हो पाती.
लोग घरों में कैद
हमले में घायल हुए लोगों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है. इस घटना के बाद इलाके में अभी भी भय का माहौल बना हुआ है. लोग घरों से बाहर निकलने में डर रहे हैं. हालांकि अधिकारियों ने बताया कि टीम मौके पर पहुंच गई. तेंदुए की तलाश और उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ने का प्रयास जारी है. एक अधिकारी ने कहा, “टीमें ग्राउंड पर हैं और तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं. हम जल्द से जल्द उसे पकड़ने की कोशिश कर रहे हैं, साथ ही लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं.”














