NDTV 'वॉक द टॉक': बंगाल में सिर्फ TMC, चौथी बार बनाएंगे सरकार- चुनाव प्रचार के दौरान बोलीं मंत्री शशि पांजा

चुनाव में खासकर महिलाओं को लेकर बीजेपी के किए वादों पर निशाना साधते हुए शशि पांडा ने कहा कि देश भर में कई राज्यों में बीजेपी की सरकार है. अभी दिल्ली में ही बीजेपी की सरकार बनी है. एक साल से ज्यादा हो गए हैं, क्या वहां महिलाओं से किया वादा, 2500 रुपये महीने का बीजेपी ने पूरा किया है?

विज्ञापन
Read Time: 5 mins
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • TMC नेता शशि पांजा श्यामपुकुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रही हैं, उन्होंने लगातार चौथी बार जीत की उम्मीद जताई
  • शशि पांजा ने महिलाओं के खिलाफ अपराधों की आलोचना करते हुए बीजेपी के राज्यों में अपराध बढ़ने का आरोप लगाया
  • उन्होंने बीजेपी पर मतदाता सूची से लाखों नाम हटवाने और संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग करने का भी आरोप लगाया
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
कोलकाता:

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर तमाम राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार तेज कर दिया है. यहां सीधा मुकाबला तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच है. ममता बनर्जी सरकार में मंत्री शशि पांजा एक बार फिर से प्रदेश की श्यामपुकुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रही हैं. एनडीटीवी के एडिटर इन चीफ राहुल कंवल ने अपने क्षेत्र में चुनाव प्रचार कर रहीं शशि पांजा से खास बातचीत की और उनसे राज्य में चुनावी माहौल, चुनौतियां और संभावनाओं के बारे में विस्तार से बात की.

उत्तरी कोलकाता की इस सीट पर लोगों का समर्थन मांग रहीं शशि पांजा ने 'वॉक द टॉक' शो में राहुल कंवल को बताया कि इस बार एक बार फिर से टीएमसी की सरकार बन रही है. बीजेपी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग मीडिया में सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं, लेकिन जमीन पर सिर्फ टीएमसी ही है. बीजेपी को याद होना चाहिए कि पिछले चुनाव में हार के बाद उपचुनाव में भी उन्हें हार का सामना करना पड़ा है.

पेशे से डॉक्टर 63 वर्षीय शशि पांजा ने कहा कि ममता बनर्जी की सरकार ने पिछले 15 सालों में जमीन पर काम किया है. टीएमसी ने लोगों के बीच जाकर अपनी जगह बनाई है. उन्होंने कहा कि बीजेपी महिलाओं के साथ होने वाले अपराध पर बात करने की हकदार नहीं है, उनके खुद के शासित राज्यों में एनसीआरबी का डेटा देख लें तो सबसे ज्यादा अपराध वहीं हो रहे हैं. पांजा ने कहा कि बीजेपी इतना नीचे गिर सकती है कि उनके कार्यकर्ता ममता बनर्जी को रेप की धमकी दे रहे हैं.

उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने 14 मार्च को उनके ऊपर हमला किया. उनके घर पर पहुंचकर तोड़फोड़ की. उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े नेताओं के इशारे पर इस घटना को अंजाम दिया गया. उनके घर को बम से उड़ाने की साजिश थी. नारी सुरक्षा और नारी सम्मान की बात करने वाली बीजेपी ने उनपर जानलेना हमला करवाया.

शशि पांजा ने कहा कि एसआईआर की आड़ में बीजेपी ने 8 से 10 लाख मतदाताओं का वोटर लिस्ट से नाम हटवाया. उन्हें पता है कि बंगाल की जनता उनके साथ नहीं है. इसीलिए हर अवैध तरीका अपना रही है. 'जय श्री राम' बनाम 'जय मां काली' के नारे को लेकर उन्होंने कहा कि पोलिटिकल स्कोर बनाने के लिए बीजेपी इस तरह के नारे उछालने का काम करती है. 'जय श्री राम' को बीजेपी ने दूसरे समुदाय से घृणा करने के नारे के तौर पर बदल दिया है. ये बेहद ही शर्मनाक है.

Advertisement
मंदिर में पूजा करती हुईं पांडा ने कहा कि रोजाना वो अपने चुनाव प्रचार से पहले भगवान का आशीर्वाद लेती हैं. उन्होंने कहा कि वो इसे दिखावा के तौर पर नहीं करतीं या टेलीवीजन पर इसका प्रचार नहीं करतीं, जैसा बीजेपी करती है. मछली खाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि ये बंगाल की पहचान है. वहीं खाने की बात है तो सबको अपने खानपान की आजादी है. बीजेपी नेता तो यहां तक कहते हैं कि जो मांस-मछली खाता है वो मुगल है.

टीएमसी नेता ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में चुनाव है तो बीजेपी सभी संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर टीएमसी उम्मीदवारों को परेशान कर रही है. अभी सीबीआई, ईडी, आईटी जैसी सभी एजेंसियों को पश्चिम बंगाल भेज दिया गया है और वो हर कोशिश कर रहे हैं, ताकि टीएमसी को परेशान किया जा सके. ये जान-बूझकर सेलेक्टिव कार्रवाई कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें: 'बदलाव के मूड में बंगाल, इस बार बनेगी BJP सरकार', NDTV के 'वॉक द टॉक' में राहुल कंवल से बोले स्वपन दासगुप्ता

Advertisement

चुनाव में खासकर महिलाओं को लेकर बीजेपी के किए वादों पर निशाना साधते हुए शशि पांडा ने कहा कि देश भर में कई राज्यों में बीजेपी की सरकार है. अभी दिल्ली में ही बीजेपी की सरकार बनी है. एक साल से ज्यादा हो गए हैं, क्या वहां महिलाओं से किया वादा, 2500 रुपये महीने का बीजेपी ने पूरा किया है? बीजेपी चुनाव के लिए ऐसे ही झूठे वादे करती है. उन्होंने कहा कि बंगाल में हम महिलाओं की सहायता के लिए पहले से ही इस तरह की योजनाएं चला रहे हैं.

ये सवाल पूछे जाने पर कि क्या इस बार का चुनाव पिछली बार के मुकाबले ज्यादा कड़ा है? क्या बीजेपी टीएमसी को कड़ी टक्कर दे रही है? शशि पांजा ने कहा कि बीजेपी चुनाव जीतने के लिए हर तरीका अपना रही है, चाहे वो संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग हो या टीएमसी को किसी भी तरह से परेशान करना हो. चुनाव आयोग भी सभी पार्टियों को एक जैसा मौका नहीं दे रही है. लेकिन इसके बावजूद टीएमसी चौथी बार जीत दर्ज करेगी और सरकार में वापसी करेगी.

गौरतलब है कि 294 विधानसभा सीटों के लिए पश्चिम बंगाल में चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे. पहले चरण में 23 अप्रैल, तो वहीं दूसरे चरण में 29 अप्रैल को मतदान होंगे. वोटों की गिनती 4 मई को होगी.

ये भी पढ़ें: क्या BJP की बंगाल में इतनी ताकत हो गई है कि वो ममता को हरा देगी? NDTV के सवाल पर क्या बोले सुवेंदु अधिकारी

इसे भी पढ़ें: 'TMC के 90 फीसदी फर्जी वोटर SIR में कट गए', NDTV के 'वॉक द टॉक' में राहुल कंवल से बोले सुवेंदु अधिकारी

Advertisement
Featured Video Of The Day
Lok Sabha में Women Reservation Bill पर Amit Shah ने क्या-क्या कहा? | Rahul Gandhi | PM Modi