देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन रफ्तार भरने को तैयार है. ये वंदे भारत दो राज्यों की राजधानियों को जोड़ेगी. इससे देश की औद्योगिक राजधानी मुंबई और कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के बीच कम पैसे में और कम वक्त में सफर हो सकेगा. मुंबई-बेंगलुरु वंदे भारत स्लीपर ट्रेन लॉन्चिंग के पहले अंतिम परीक्षणों को पूरा कर रही है. 16 कोच वाली इस ट्रेन में 823 रेलयात्री यात्रा कर पाएंगे. इसकी स्पीड 180 किमी प्रति घंटे की होगी. यह ट्रेन छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) मुंबई से KSR बेंगलुरु रेलवे स्टेशन के बीच चलेगी. वंदे भारत स्लीपर मुंबई से बेंगलुरु के बीच करीब 1100 किमी दूरी तय करने में इसे 15 से 17 घंटे का वक्त लगेगा. रेलवे प्लान के मुताबिक, यह ट्रेन मुंबई से शाम 6 बजे शुरू होकर रात 9 बजे तक पुणे और अगली सुबह करीब 8 बजे तक बेंगलुरु पहुंचेगी.
- इस ट्रेन में 11 AC थर्ड कोच हैं और उसकी 611 सीटें होगी
- इसमें 4 AC सेकेंड क्लास कोच हैं और 188 सीटें होगी
- ट्रेन में एक फर्स्ट AC कोच रखा गया है
लग्जरी होटल जैसा आराम
- एर्गोनोमिक बर्थ और कुशनिंग: आम ट्रेनों की तुलना में वंदे भारत स्लीपर की सीट में बेहतर कुशनिंग और एक्स्ट्रा साइड सपोर्ट. लंबी यात्रा में पीठ दर्द नहीं होगा.
- प्राइवेसी और केबिन: फर्स्ट एसी डिब्बों में शानदार केबिन और कूपे दिए गए हैं, जो रात के सफर में पूरी प्राइवेसी और शांति मिलेगी.
- अपर बर्थ एक्सेस: ऊपरी बर्थ पर चढ़ने के लिए सीढ़ियों के डिजाइन को बदला गया है, जिससे चढ़ना काफी आसान और सुरक्षित
- सेंसर, इंटीरियर: कोच के बीच का गलियारा बड़ा, ऑटोमैटिक डोर, दुर्गंध मुक्त टॉयलेट और हर बर्थ पर रीडिंग लाइट दी गई
- कवच: ट्रेन कवच यानी टक्कर से बचाने के एंटी-कोलिजन सिस्टम और हर केबिन में इमरजेंसी कम्यूनिकेशन सिस्टम से लैस है
वंदे भारत स्लीपर को सिक्योरिटी क्लीयरेस
भारत की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन इस रूट पर रात में चलने वाली सबसे तेज ट्रेनों में से एक होगी. रेलवे बेंगलुरु रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की आखिरी सुरक्षा जांच और परफारमेंस ट्रायल में जुटा है. सभी आवश्यक जांच पूरी करने के बाद इसे हरी झंडी मिल जाएगी और यह ट्रेन यात्रियों के लिए सेवा शुरू कर देगी. दिल्ली एनसीआर की पॉपुलर नमो भारत ट्रेन की तरह इसकी स्पीड भी 180 किमी प्रति घंटे तक होगी.
आरामदायक शोररहित होगा रात का सफर
भारत इंजीनियरिंग मेटल्स लिमिटेड (BEML) ने चेन्नई की इंटीग्रल कोच फैक्ट्री में हाईटेक सुविधाओं से लैस ये ट्रेन तैयार की गई है. नई ट्रेन नारंगी और ग्रे रंग के साथ आकर्षक लुक देती है. रात भर की यात्रा में यात्रियों को झटके महसूस नहीं होंगे और सोते-सोते वो अपने गंतव्य तक पहुंच जाएंगे.
वंदे भारत स्लीपर के कोच इसी हिसाब से लंबी दूरी की यात्रा के लिए आरामदायक बनाया गया है, ताकि कम झटकों और कम शोर के साथ यात्री आराम से रात के वक्त बेहतर नींद के साथ गंतव्य तक पहुंच सकें.
पुणे, हुबली जैसे शहरों को फायदा
महाराष्ट्र, कर्नाटक के बीच पुणे, सतारा, बेलगाम, दावणगिरि, धारवाड़, हुबली जैसे शहरों के यात्रियों को इस ट्रेन से ज्यादा फायदा होगा. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मई में मुंबई-बेंगलुरु वंदे भारत ट्रेन सेवा का ऐलान किया था. सिक्योरिटी और तकनीकी परीक्षण अब अंतिम चरण में हैं. सुरक्षा परीक्षणों के बाद ट्रेन चालू होने की तारीख, रेल किराया और रूट की पूरी जानकारी दे दी जाएगी.
देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन जनवरी में हावड़ा और कामाख्या के बीच शुरू हुई थी. ये ट्रेन काफी लोकप्रिय हुई है और मुंबई-बेंगलुरू रूट पर भी यात्रियों को ऐसे ही नतीजों की उम्मीद है.
कवच सिस्टम और सीसीटीवी से लैस
वंदे भारत ट्रेनों दुर्घटना और दूसरी ट्रेनों की टक्कर से बचाने वाली कवच सिस्टम से लैस किया गया है. इसमें इमरजेंसी टॉक बैक फैसिलिटी होगी. साफ-सुथरे टॉयलेट के साथ हर कोच में यात्रियों के लिए सूचना के लिए डिस्प्ले बोर्ड होंगे.
ये भी पढ़ें- नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, जिसमें में मिलेगा खास अनुभव, ट्रेन के खाने से लेकर साफ-सफाई तक, जानिए कैसी है सुविधा
सीसीटीवी कैमरों से लैस ट्रेन में सारे कोच वातानुकूलित होंगे. रात की रेल यात्रा के लिए इसके कोच की सीटों को ज्यादा आरामदायक बनाया गया है, जो एक लग्जरी होटल जैसा फील देता है.
वंदे भारत एक्सप्रेस के बाद भारतीय रेलवे कई रूट पर वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें चलाने की योजना बना रहा है. इसमें दिल्ली से कई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन चलाने की भी तैयारी है.
ये भी पढ़ें- पुणे और बेंगलुरु के बीच सफर करना होगा आसान, वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का हुआ ऐलान, जानिए रूट, किराया समेत जरूरी डिटेल्स