दिनभर की 10 बड़ी खबरें: छात्र की मौत पर योगी-अखिलेश आमने-सामने, अकवान से ट्रेनें रद्द और सोने में चीन का खेल

गोरखपुर में छात्र की मौत पर योगी और अखिलेश आमने-सामने, चक्रवात अकवान का असर, 14 राज्यों में बारिश का अलर्ट, यूपी में 2.38 करोड़ वोटर लिस्ट से बाहर, सोने में मिलावट का बड़ा खुलासा, सैफ अली खान को धमकी और TIME100 सूची में भारतीय हॉकी स्टार सविता. पढ़ें दिनभर की 10 बड़ी खबरें.

विज्ञापन
Read Time: 7 mins

गोरखपुर हादसे पर CM योगी का सपा पर बड़ा हमला, कहा- सपा के गुंडों ने ली 14 साल के छात्र की जान

गोरखपुर में 14 वर्षीय छात्र की मौत के मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और गहरा दुख जताया. उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी से जुड़े लोगों के काफिले की वजह से यह घटना हुई और इसे अराजकता का उदाहरण बताया. योगी ने कहा कि मृतक चौरीचौरा के एक महत्वपूर्ण क्रांतिकारी और स्वतंत्रता सेनानी परिवार से जुड़ा था, इसलिए यह घटना और भी दुखद है. उन्होंने प्रशासन को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए और कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा तथा सभी गुंडों को कानून के तहत कड़ा सबक सिखाया जाएगा.

‘सच सामने आए', 14 वर्षीय छात्र की मौत पर अखिलेश यादव ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग

गोरखपुर में 14 वर्षीय छात्र की मौत के मामले को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने मामले की सर्वोच्च स्तर पर जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि निष्पक्ष जांच से ही सच्चाई सामने आएगी. उन्होंने बच्चे की मौत पर राजनीति किए जाने के आरोपों का भी जवाब दिया और कहा कि अपना बच्चा खोने का दर्द सिर्फ परिवार ही समझ सकता है. अखिलेश ने घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने और दोषियों की जिम्मेदारी तय करने पर जोर दिया.

कल का मौसम: 4 राज्यों में बारिश का अलर्ट, दिल्ली-यूपी में कोहरा और बढ़ेगी ठंड

देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का असर बढ़ रहा है, जबकि दिल्ली-NCR प्रदूषण की गंभीर मार झेल रहा है. IMD ने 20 नवंबर के लिए 14 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. चक्रवात 'अकवान' के प्रभाव से पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है. वहीं यूपी, बिहार, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन घना कोहरा और ठिठुरन बढ़ सकती है. कश्मीर में तापमान शून्य से नीचे पहुंच चुका है और आने वाले दिनों में सर्दी और तेज होने के संकेत हैं.
खबर विस्तार से पढ़ें: कल का मौसम: दिल्ली-यूपी में कोहरा और ठंड, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा समेत 14 राज्यों में बारिश का अलर्ट

चक्रवात अकवान का असर, ओडिशा में वन्दे भारत एक्सप्रेस सहित 39 ट्रेनें रद्द

क्रवात अकवान (Cyclone Akvan) के ओडिशा तट की ओर बढ़ने के कारण ईस्ट कोस्ट रेलवे ने एहतियात के तौर पर 39 ट्रेनों को रद्द कर दिया है. ये ट्रेनें 19, 20 और 21 नवंबर 2026 को चलने वाली थीं. ईस्ट कोस्ट रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी दीपक राउत ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और चक्रवात के दौरान रेल परिचालन में किसी तरह के जोखिम से बचने के लिए यह फैसला लिया गया है. रद्द की गई ट्रेनों में लंबी दूरी की एक्सप्रेस, पैसेंजर, मेमू और वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं. 20 नवंबर को रद्द की गई प्रमुख ट्रेनों में भुवनेश्वर-विशाखापत्तनम वंदे भारत एक्सप्रेस, विशाखापत्तनम-भुवनेश्वर वंदे भारत एक्सप्रेस, हावड़ा-पुरी वंदे भारत एक्सप्रेस और पुरी-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस शामिल हैं. 
खबर विस्तार से पढ़ें: चक्रवात 'अकवान' का कहर: वंदे भारत समेत 39 ट्रेनें अचानक रद्द, घर से निकलने से पहले देख लें पूरी लिस्ट

Advertisement

यूपी में ढाई करोड़ लोग अब भी वोटर लिस्ट से बाहर, चुनाव आयोग का बड़ा खुलासा

यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारी के बीच चुनाव आयोग ने ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी है. मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा के मुताबिक अनुमानित आबादी और मौजूदा मतदाता संख्या की तुलना में करीब 2.38 करोड़ लोग अभी वोटर लिस्ट में शामिल नहीं हैं. आयोग पूरे प्रदेश में अभियान चलाकर अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का नाम जोड़ने की कोशिश कर रहा है. रिनवा ने बताया कि कई लोगों का नाम पंचायत या निकाय चुनाव की सूची में तो होता है, लेकिन विधानसभा और लोकसभा की मतदाता सूची में नहीं जुड़ पाता. वोटरों की सुविधा के लिए ऑनलाइन आवेदन और पहली बार PDF सर्च फीचर भी दिया गया है, जबकि नाम जुड़वाने या सुधार कराने की अंतिम तारीख 16 दिसंबर है.

आतंकियों ने की थी SPOs की हत्या, FIR से कश्मीर कांग्रेस प्रमुख थ्योरी कटघरे में 

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में 11 नवंबर को दो SPOs की हत्या मामले में दर्ज FIR ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा के 'गलत पहचान' वाले दावे पर सवाल खड़े कर दिए हैं. FIR के अनुसार दोनों SPO ड्यूटी पर थे और अज्ञात आतंकियों ने उन पर हमला कर उनकी हत्या की, साथ ही उनके सरकारी हथियार भी लूट लिए. दस्तावेज में कहीं भी शिकार पर जाने या सेना की फायरिंग का जिक्र नहीं है. कर्रा ने पहले दावा किया था कि दोनों को सेना ने आतंकवादी समझकर गोली मारी थी.

Advertisement

लव मैरेज किया, दो बच्चे भी हुए फिर पत्नी की बलि चढ़ाने वाला था पति, वक्त रहते पहुंची पुलिस और बच गई जान

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र में एक महिला की कथित बलि देने की साजिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक प्रेम विवाह करने वाले रितेश कुमार ने जादू-टोना के शक में पत्नी कविता कुमारी की बलि देने की योजना बनाई थी. घर पर बाबा और ओझा को बुलाकर पूजा कराई गई, जबकि ससुराल वालों को फोन कर बेटी की मौत की झूठी खबर दी गई. सूचना मिलते ही पहुंचे परिजनों पर हमला भी किया गया, लेकिन समय रहते पुलिस पहुंच गई और महिला की जान बच गई. मामले में पति, देवर और सास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. 

सोने में Rhenium और Tungsten की मिलावट,मिलावट का चौंकाने वाला खुलासा

दिल्ली के करोलबाग में एक ज्वैलर के पास पहुंचे 100 ग्राम के सोने के बिस्कुट में बड़ी मिलावट का मामला सामने आया है. जांच के दौरान बिस्कुट के भीतर Rhenium और Tungsten जैसी धातुएं मिलीं, जिन्हें बाहर से पहचानना बेहद मुश्किल था. विशेषज्ञों के मुताबिक इन धातुओं का घनत्व सोने के करीब होने के कारण कई मशीनें भी धोखा खा जाती हैं. कारोबारी दावा कर रहे हैं कि चीन से आने वाले इन पाउडरों को सोने में मिलाकर मोटा मुनाफा कमाया जा रहा है.
खबर विस्तार से पढ़ें: सोने में चीन का खेल! Rhenium और Tungsten मिलाकर बेचा जा रहा नकली गोल्ड, मशीनें भी खा रही हैं धोखा

भारतीय हॉकी की दीवार सविता को वैश्विक सम्मान, TIME100 Next India सूची में मिली जगह

भारतीय महिला हॉकी टीम की दिग्गज गोलकीपर सविता को बड़ा अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिला है. उन्हें देश का भविष्य गढ़ने वाले 100 प्रभावशाली व्यक्तियों की TIME100 Next: India की पहली सूची में शामिल किया गया है. हॉकी इंडिया ने इस उपलब्धि पर सविता को बधाई देते हुए इसे भारतीय हॉकी और देश के लिए गर्व का क्षण बताया है. सविता लंबे समय से भारतीय महिला हॉकी की सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में रही हैं और उनकी इस उपलब्धि को वैश्विक स्तर पर भारतीय हॉकी की बढ़ती पहचान के तौर पर देखा जा रहा है.

तुषार कपूर और आयुष्मान के बाद अब सैफ को धमकी, मुंबई पुलिस ने शुरू की पड़ताल

बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान को बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के फरार आरोपी जीशान अख्तर के नाम से धमकी मिलने की सूचना सामने आई है. मुंबई पुलिस यह जांच कर रही है कि धमकी वास्तव में जीशान अख्तर ने दी है या फिर किसी ने उसका नाम इस्तेमाल किया है. इससे पहले अभिनेता तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को भी इसी तरह की धमकियां मिली थीं. उस मामले में पुलिस ने बेंगलुरु के IIT ग्रेजुएट वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया था, जिस पर AI की मदद से धमकी भरे संदेश भेजने का आरोप है. पुलिस के अनुसार उसका किसी गैंग से संबंध नहीं मिला था. फिलहाल सैफ को मिली धमकी के मामले की जांच जारी है.
खबर विस्तार से पढ़ें: 'जब हमारी गोली लगेगी ना...', सैफ अली खान को रोहित गोदारा गैंग से जान से मारने की धमकी, बाबा सिद्दीकी जैसा हाल करने की चेतावनी
 

Advertisement
Featured Video Of The Day
PF TOP NEWS : पेंशन की तरह हर महीने मिलेगा PF का पैसा!

Topics mentioned in this article
Top 10 News
Today Top Headlines
Yogi Adityanath
Akhilesh Yadav

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं