- तेलंगाना के संगारेड्डी जिले के जुल्कल गांव में एक मां ने अपने दो बच्चों की हत्या कर खुद भी आत्महत्या कर ली.
- परिवार के मुखिया प्रवीण की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद ममता अपने बच्चों के साथ गहरे सदमे में थीं.
- घटना शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे हुई, जब ममता ने घर में अपने बच्चों की हत्या की और आत्महत्या कर ली.
तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर दिया है. जुल्कल गांव में एक मां ने अपने ही दो बच्चों की हत्या कर दी और बाद में खुद ने भी जान दे दी. करीब दो महीने पहले ही परिवार के मुखिया प्रवीण की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी. उनकी मौत के बाद ही उनकी पत्नी ममता अपने दो बच्चों 5 साल के मणिकांत और 4 साल के प्रणयश्री के साथ रह रही थीं.
परिवार के सदस्यों का कहना है कि ममता गहरे सदमे में थीं और इस दुख से उबरने के लिए संघर्ष कर रही थीं. दुर्घटना के बाद से वह ज्यादातर बच्चों के साथ घर पर ही रहती थीं.
पड़ोसियों ने शक के बाद पुलिस को दी सूचना
यह घटना शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे की है, जब ममता ने कथित तौर पर घर में अपने दोनों बच्चों की हत्या कर दी. इसके तुरंत बाद उसने भी आत्महत्या कर ली.
घर से किसी तरह की कोई हलचल नहीं होने पर स्थानीय लोगों को संदेह हुआ और उन्होंने इस बारे में पुलिस को सूचना दी. पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने घर का दरवाजा तोड़ा. पुलिस को घर के अंदर तीनों के शव मिले.
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
जिले के एसपी परितोष पंकज ने घटनास्थल का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया. शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया.
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए आगे की जांच की जा रही है.
| हेल्पलाइन | |
|---|---|
| वंद्रेवाला फाउंडेशन फॉर मेंटल हेल्थ | 9999666555 या help@vandrevalafoundation.com |
| TISS iCall | 022-25521111 (सोमवार से शनिवार तक उपलब्ध - सुबह 8:00 बजे से रात 10:00 बजे तक) |
| (अगर आपको सहारे की ज़रूरत है या आप किसी ऐसे शख्स को जानते हैं, जिसे मदद की दरकार है, तो कृपया अपने नज़दीकी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ के पास जाएं) | |














