Siliguri News: पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी जंक्शन रेलवे स्टेशन पर रविवार की शाम रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है. इन लोगों के पास भारत में प्रवेश या रहने का कोई वैध कागजात नहीं था, जिसके बाद उन्हें आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (GRP) को सौंप दिया गया है.
दलाल के जरिए भारत में हुई थी घुसपैठ
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पकड़े गए सभी आठ लोग बांग्लादेश के दिनाजपुर और नीलफमारी जिलों के निवासी हैं. पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि ये लोग करीब आठ महीने पहले एक दलाल की मदद से रायगंज बॉर्डर के रास्ते गैर-कानूनी तरीके से भारत में दाखिल हुए थे.
इस अवैध घुसपैठ के लिए उन्होंने दलाल को प्रति व्यक्ति 12,000 रुपये का भुगतान किया था. भारत में आने के बाद ये सभी दिल्ली समेत देश के विभिन्न राज्यों में दिहाड़ी मजदूरी का काम कर रहे थे.
हल्दीबाड़ी के रास्ते वापस लौटने का था प्लान
मिली जानकारी के अनुसार ये सभी लोग दिल्ली से नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस पकड़कर पहले राधिकापुर पहुंचे और वहां से सिलीगुड़ी जंक्शन पहुंचे थे. सुरक्षा एजेंसियों को संदेह है कि ये लोग सिलीगुड़ी से हल्दीबाड़ी सीमा के रास्ते वापस बांग्लादेश लौटने की फिराक में थे.
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और सोमवार को इन्हें सिलीगुड़ी की स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा. पुलिस अब उन दलालों की तलाश कर रही है जिन्होंने इन्हें बॉर्डर पार कराने में मदद की थी.
यह भी पढ़ें-