कागज की तरह मुड़ गई फॉर्च्यूनर, उड़े परखच्चे, अंतर्राष्ट्रीय शूटर की मौत की तस्वीरें हिला देंगी

मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज संभाजी पाटिल की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके साथी यश चौधरी गंभीर रूप से घायल हैं.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • मुंबई-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार कार ट्रक से टकराई जिससे निशानेबाज संभाजी पाटिल की मौत हो गई
  • हादसा सोमवार देर रात हुआ जब संभाजी पाटिल और साथी यश चौधरी प्रैक्टिस के लिए पुणे से गुजरात जा रहे थे
  • संभाजी पाटिल की कार पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई जबकि यश चौधरी गंभीर घायल हैं
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:

महाराष्ट्र के पालघर जिले में मुंबई-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर हुआ एक भीषण सड़क हादसा देश के खेल जगत के लिए बड़ा सदमा लेकर आया है. अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज संभाजी पाटिल (27) की इस दुर्घटना में मौके पर ही मौत हो गई. हादसे की भयावहता का अंदाज़ा सिर्फ कार की तस्वीरें देखकर लगाया जा सकता है. फॉर्च्यूनर कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह पिचक चुका है, दरवाज़े मुड़ गए हैं और वाहन के परखच्चे कई मीटर दूर तक बिखरे पड़े थे. दृश्य इतना भयावह था कि बचावकर्मियों ने भी माना कि कार की हालत अपनी कहानी खुद बयां कर रही थी.

कब हुई घटना?

घटना सोमवार देर रात की है जब संभाजी पाटिल अपने साथी यश प्रशांत चौधरी (22) के साथ पुणे से गुजरात की ओर प्रैक्टिस के लिए जा रहे थे. हाईवे पर मनोर के पास उनकी तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े एक भारी ट्रक से पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार क्षत-विक्षत हो गई और अंदर बैठे संभाजी पाटिल को बचाने की कोई गुंजाइश नहीं बची.

इस हादसे में संभाजी पाटिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी यश चौधरी गंभीर रूप से घायल हैं और उनका अस्पताल में इलाज जारी है. डॉक्टरों के अनुसार उनका इलाज चुनौतीपूर्ण है लेकिन पूरी कोशिश की जा रही है कि उनकी हालत में सुधार लाया जाए.

तेजतर्रार निशानेबाजों में से एक थे संभाजी

संभाजी पाटिल देश के उभरते हुए तेजतर्रार निशानेबाजों में से एक थे. वह 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल श्रेणी में माहिर थे और जूनियर वर्ल्ड कप में गोल्ड मेडल जीतकर देश का मान बढ़ा चुके थे. वर्तमान में वह पुणे के बालेवाड़ी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेल अधिकारी के रूप में भी कार्यरत थे.उनकी प्रतिभा, अनुशासन और उपलब्धियों के कारण खेल जगत में उनका विशेष स्थान था.

उनके निधन की खबर से खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई है. उनके कोच, साथी खिलाड़ी और परिचितों ने इसे भारतीय शूटिंग का बड़ा नुकसान बताया. वहीं, उनके गृहनगर छत्रपति संभाजीनगर में भी मातम का माहौल है. पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है और हादसे के सटीक कारणों की जांच की जा रही है.

ये भी पढ़ें-: कानपुर लेम्बोर्गिनी हादसे के वक्त का CCTV फुटेज, टक्कर मारते ही आरोपी शिवम के बाउंसर उसे उठाकर ले भागे, वीडियो

Advertisement

Featured Video Of The Day
Kanpur HDFC Viral Girl Video: 'मैं तुम्हारी गर्मी निकल दूंगा' पर आस्था सिंह की सफाई | UP News |Viral
Topics mentioned in this article