'जनता माफ नहीं करती', ईरान युद्ध का जिक्र कर PM मोदी का विपक्ष पर हमला; जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन में क्या कहा? बड़ी बातें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन कर दिया. इस दौरान उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए यूपी वालों को बधाई दी. उन्होंने विपक्ष को भी आड़े हाथों लिया. उन्होंने पश्चिम एशिया संकट का भी जिक्र किया.

विज्ञापन
Read Time: 11 mins
जनसभा को संबोधित करते पीएम मोदी.
PTI
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • PM मोदी ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया और इसे विकसित यूपी के प्रतीक के रूप में बताया
  • पश्चिमी यूपी में हाल ही में कई बड़े प्रोजेक्ट्स हुए, जिनमें सेमीकंडक्टर फैक्ट्री और मेरठ मेट्रो शामिल हैं
  • जेवर एयरपोर्ट उत्तर भारत को वैश्विक स्तर पर जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण हवाई अड्डा है
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नोएडा:

जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन हो गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को इसका उद्घाटन किया. इसके बाद सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 'हम विकसित यूपी-विकसित भारत अभियान का एक नया अध्याय शुरू कर रहे हैं. देश का सबसे बड़ा प्रदेश आज देश के सबसे अधिक इंटरनेशनल एयरपोर्ट वाले राज्यों में से एक हो गया है.' इस दौरान पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया के संकट का भी जिक्र किया. उन्होंने अपने संबोधन के आखिरी में राजनीतिक पार्टियों से संकट के इस समय अफवाहें न फैलाने की अपील भी की. पीएम मोदी ने कहा कि देश को नुकसान पहुंचाने वाली हरकतों को जनता कभी माफ नहीं करती.

उद्घाटन के बाद सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'आज मेरे लिए गर्व और प्रसन्नता के दो कारण हैं. एक तो ये है कि इस एयरपोर्ट का शिलान्यास भी करने का सौभाग्य आप सबने मुझे दिया था. और आप सबने इस एयरपोर्ट के उद्घाटन का सौभाग्य भी मुझे दिया है. लेकिन मैंने उस सौभाग्य को आपके साथ बांट दिया और आपके हाथों उद्घाटन करवा दिया. दूसरा- जिस यूपी ने मुझे अपना प्रतिनिधि चुना, जिस यूपी ने मुझे सांसद बनाया, उसकी पहचान के साथ इस भव्य एयरपोर्ट का नाम भी जुड़ गया है. यहां से दुनिया के लिए विमान तो उड़ेंगे ही, साथ ही विकसित यूपी की उड़ान का भी प्रतीक बनेगा.'

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 'मैं यूपी को विशेष रूप से पश्चिमी यूपी की जनता को इस भव्य एयरपोर्ट के लिए बहुत बहुत बधाई देता हूं. आज का ये कार्यक्रम भारत के नए मिजाज का प्रतीक है.'

यह भी पढ़ेंः 'अभी आधा काम हुआ है, मैंने सिर्फ पर्दा उठाया है...', PM मोदी ने नोएडा एयरपोर्ट का उद्घाटन कर ऐसा क्यों कहा

Advertisement

पीएम मोदी के भाषण की 10 बड़ी बातेंः-

1. आज पूरा विश्व कितना चिंतित है, पश्चिम एशिया में एक महीने से युद्ध चल रहा है, युद्ध की वजह से कई सारे देशों में खाने-पीने के सामान, पेट्रोल, डीजल, गैस, खाद, ऐसी कई जरूरी चीजों का चारों तरफ संकट पैदा हो गया है. देश इस संकट का सामना करने के लिए प्रयास कर रहा है. इस संकट का पूरी शक्ति से मुकाबला कर रहा है. देशवासियों के ताकत के भरोसे कर रहा है. भारत बहुत बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और गैस युद्ध प्रभावित क्षेत्रों से मंगाता है. इसलिए सरकार हर वो कदम उठा रही है, जिससे सामान्य परिवारों पर, हमारे किसान भाइयों पर, इस संकट का बोझ न पड़े. 

2. संकट के इस समय में भी, भारत ने अपने तेज विकास को निरंतर जारी रखा है. मैं सिर्फ पश्चिमी यूपी की बात करूं तो पिछले कुछ हफ्ते में ही ये चौथा बड़ा प्रोजेक्ट है, जिसका शिलान्यास या लोकार्पण हुआ है. कुछ ही हफ्तों में इस दौरान नोएडा में बहुत बड़ी सेमीकंडक्टर फैक्ट्री का शिलान्यास हुआ. इसी दौरान देश की पहली दिल्ली-मेरठ नमो भारत ट्रेन ने गति पकड़ी. इसी कालखंड में मेरठ मेट्रो का विस्तार किया गया. और इतने कम समय में आज नोएडा एयरपोर्ट का आप सबके हाथों से उद्घाटन भी हो गया.

Advertisement

3. ये सारे प्रोजेक्ट्स यूपी के विकास के लिए डबल इंजन के सरकार के प्रयासों का शानदार उदाहरण है. सेमीकंडक्टर फैक्ट्री भारत को टेक्नोलॉजी में आत्मनिर्भर बना रही है. मेरठ मेट्रो और नमो भारत रेल तेज और स्मार्ट कनेक्टिविटी दे रही है. ये हमारा जेवर एयरपोर्ट पूरे उत्तर भारत को दुनिया से जोड़ रहा है. आपने अभी वीडियो में देखा ये ऐसा एयरपोर्ट बन रहा है, हर दो मिनट में एक जहाज उड़ेगा. 

4. पहले की सरकारों ने नोएडा को अपनी लूट का एटीएम बना लिया था. लेकिन आज भाजपा सरकार में वही नोएडा यूपी के विकास का सशक्त इंजन बन रहा है. इस एयरपोर्ट को अटल बिहारी वाजपेयी सरकार ने 2003 में फाइल में मंजूरी दे दी थी. लेकिन एयरपोर्ट नहीं बना. केंद्र में कांग्रेस और यहां की पहले की सरकारों ने सालों तक इस एयरपोर्ट की नींव तक नहीं पड़ने दी. 2004 से 2014 तक ये एयरपोर्ट फाइलों में ही दबा रहा. जब हमारी सरकार बनी तो यूपी में सपा की सरकार थी. शुरू के दो तीन सालों ने सपा वालों ने इस पर काम नहीं होने दिया. लेकिन जैसे ही यहां बीजेपी-एनडीए की सरकार बनी, दिल्ली में एनडीए की सरकार बनी, तो जेवर एयरपोर्ट की नींव भी पड़ी, निर्माण भी हुआ और अब ये शुरू भी हो गया है. 

यह भी पढ़ेंः ₹2,800 करोड़ सीधे हाथ में, नोएडा एयरपोर्ट से बरसेगा पैसा! हर साल 1 ट्रिलियन की आय और 50 लाख लोगों को काम

5. एयरपोर्ट के अलावा, ये क्षेत्र देश के दो बड़े फ्रेट कॉरिडोर का भी हब बन रहा है. ये कॉरिडोर मालगाड़ियों के लिए बिछाई गई स्पेशल पटरियां हैं. इससे उत्तर भारत की बंगाल और गुजरात के समंदर से कनेक्टिविटी बेहतर हो गई है. दादरी वो स्थान है, जहां ये दोनों कॉरिडोर आपस में मिलते हैं. यानी, यहां किसान जो उगाते हैं, उद्योग जो कुछ बनाते हैं, वो जमीन से और हवाई मार्ग से दुनिया के कोने-कोने तक जा पाएगा. ऐसी मल्टी मॉडल कनेक्टिविटी के कारण यूपी दुनियाभर के निवेशकों के लिए बहुत बड़ा आकर्षण बन रहा है. 

Advertisement

6. जिस नोएडा को पहले अंधविश्वास के कारण अपने हाल पर छोड़ दिया गया था. कुर्सी जाने के डर से पहले के सत्ताधारी यहां आने से डरते थे. मुझे याद है कि यहां सपा सरकार थी, मैंने नोएडा आने का कार्यक्रम बनाया, तो यहां के मुख्यमंत्री इतने डरे हुए थे कि वो इस कार्यक्रम में नहीं आए. मुझे भी डराने की कोशिश की. नोएडा मत जाओ अभी-अभी प्रधानमंत्री बने हो. मैंने कहा कि मैं इस पावन धरती का आशीर्वाद लेने जा रहा हूं जो मुझे लंबे अरसे तक सेवा करने का मौका देगा. अब वही इलाका पूरी दुनिया का स्वागत करने के लिए तैयार है. ये पूरा क्षेत्र आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूरा कर रहा है. 

7. इस क्षेत्र की अर्थव्यवस्था में खेती-किसानी का बहुत महत्व है. यह उन मेरे किसान भाइयों का विशेष रूप से आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने इस प्रोजेक्ट को साकार करने के लिए अपनी जमीनें दी हैं. मेरे किसान भाई-बहन आपके इस योगदान से ही इस पूरे क्षेत्र में विकास का नया दौर शुरू होने जा रहा है. आधुनिक कनेक्टिविटी का जो विस्तार यहां हो  रहा है, उससे पश्चिमी यूपी में फूड प्रोसेसिंग की संभावनाओं को और जोर मिलेगा. अब यहां के उतपाद दुनिया के बाजारों में और तेजी से पहुंच पाएंगे. 

Advertisement

यह भी पढ़ेंः कब शुरू होगी फ्लाइट, किन शहरों को फायदा, टिकट बुकिंग कैसे करें; नोएडा एयरपोर्ट से जुड़े इन सवालों के जवाब भी जानिए

8. मैं अपने किसान साथियों का एक और बात के लिए आभार व्यक्त करना चाहता हूं. आपके गन्ने से जो इथेनॉल बनाया गया है, उससे कच्चे तेल पर देश की निर्भरता कम हुई है. अगर इथेनॉल का उत्पादन न बढ़ता, पेट्रोल में ब्लेंडिंग न बढ़ती तो देश को हर साल 4.5 करोड़ बैरल यानी लगभग 700 करोड़ लीटर कच्चा तेल विदेशों से मंगवाना पड़ता. किसानों के परिश्रम ने देश को इस संकट के समय में इतनी बड़ी राहत दी है. इथेनॉल से देश को तो फायदा हुआ ही है. किसानों को भी बहुत बड़ा लाभ हुआ है. डेढ़ लाख करोड़ की विदेशी मुद्रा बची है. इथेनॉल न बनाते तो ये पैसा विदेश जाना तय था. बीते सालों में इतना सारा पैसा देश के किसानों को मिला है. गन्ना किसानों को मिला है. यहां के गन्ना किसानों ने तो पहले के वो दिन भी देखे हैं, जब कई सालों तक गन्ने का बकाया लटका रहता था. लेकिन आज भाजपा की डबल इंजन सरकार के प्रयासों से गन्ना किसानों से स्थिति बेहतर हुई है. 

9. किसी भी देश में एयरपोर्ट सिर्फ सामान्य सुविधा नहीं होता, ये प्रगति को भी उड़ान देते हैं. 2014 से पहले देश में सिर्फ 74 एयरपोर्ट थे, आज 160 से ज्यादा एयरपोर्ट हैं. अब महानगरों के अलावा देश के छोटे-छोटे शहरों में भी हवाई कनेक्टिविटी पहुंच रही है. पहले जो सरकारें रही हैं, वे मानती थीं कि हवाई यात्रा सिर्फ अमीरों के लिए ही होनी चाहिए. लेकिन बीजेपी सरकार ने सामान्य भारतीयों के लिए हवाई यात्रा को आसान बना दिया है. हमारी सरकार ने यूपी में हवाई अड्डों के नेटवर्क का तेजी से विस्तार करते हुए उनकी संख्या बढ़ाकर 17 कर दिया है. 

10. बीजेपी सरकार का निरंतर प्रयास रहा है कि एयरपोर्ट भी बने और किराया-भाड़ा भी सामान्य परिवारों की पहुंच में रहे. इसलिए हमने उड़ान योजना शुरू की थी. इस स्कीम के कारण बीते कुछ सालों में 1.60 करोड़ देशवासियों ने उड़ान योजना से टिकट लेकर सस्ती दरों पर हवाई यात्रा की है. हाल ही में केंद्र सरकार ने उड़ान योजना को और विस्तार दिया है. इसके लिए लगभग 29 हजार करोड़ की स्वीकृति दी गई है. आने वाले सालों में इसके तहत छोटे शहरों में 100 नए एयरपोर्ट और 200 नए हेलीपैड बनाने की योजना है. यूपी को भी इससे बहुत लाभ होगा. 

11. भारत का एविएशन सेक्टर बहुत तेजी से गति और विकास कर रहा है. जैसे-जैसे भारत में नए-नए एयरपोर्ट बन रहे हैं, वैसे-वैसे नए हवाई जहाजों की जरूरत भी बढ़ रही है, इसलिए देश की अलग-अलग एयरलाइंस ने सैकड़ों जहाजों के ऑर्डर दिए हैं. ये जहाज आ रहे हैं, उनको उड़ाने वाले, सर्विस देने वाले, मेंटेनेंस से जुड़े, ऐसे हर काम के लिए वर्कफोर्स की जरूरत होगी. ये युवाओं के लिए बहुत बड़ा अवसर है. एविएशन के सेक्टर में ट्रेनिंग का विस्तार कर रही है. आप जब गाड़ी खरीदते हैं, तो जरूर देखते हैं कि गाड़ी बनाने वाली कंपनी का सर्विस सेंटर आसपास है या नहीं है, आप जानकर हैरान होंगे कि हवाई जहाजों की सर्विसिंग, रिपेयरिंग एंड ओवरहॉल की पुख्ता व्यवस्था नहीं थी. भारत के 85 पर्सेंट हवाई जहाजों को आज भी मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहॉल के लिए विदेश भेजना पड़ता है. इसलिए हमारी सरकार ने ठाना है कि हम देश को एमआरओ सेक्टर में भी आत्मनिर्भर बनाएंगे. भारत में एमआरओ सुविधाएं विकसित की जा रही हैं. जेवर में भी इसका शिलान्यास हुआ है. सुविधा जब तैयार हो जाएगा, तो देश-विदेश के विमानों को सेवा देगी. इससे देश को कमाई भी होगी. हमारा पैसा भी देश में रहेगा और युवाओं को अनेक रोजगार भी मिलेंगे. 

यह भी पढ़ेंः नोएडा एयरपोर्ट का खास कोड DXN, जानें क्यों मिली ये खास पहचान

12. आज हमारी सरकार की प्राथमिकता देश के नागरिकों की सुविधा है. देश के नागरिक का समय बचे और जेब पर ज्यादा बोझ भी न पड़े, ये हमारा लक्ष्य है. मेट्रो और वंदे भारत जैसी रेल सेवाओं का इसी भाव से ही विस्तार किया जा रहा है. दिल्ली मेरठ नमो भारत रेल से कितना फायदा हो रहा है, ये भी हम सब देख रहे हैं. अभी तक नमो भारत से 2.5 करोड़ से ज्यादा लोग सफर कर चुके हैं. दिल्ली मेरठ के सफर में पहले घंटों लग जाते थे, अब वो सफर मिनटों में ही पूरा हो रहा है. 

13. विकसित भारत के विकसित आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर निवेश कर रहे हैं. बीते 11 साल में इंफ्रास्ट्रक्चर का बजट 6 गुना से ज्यादा बढ़ाया गया है. इन सालों में 17 लाख करोड़ रुपये हाइवे और एक्सप्रेसवे पर खर्च किए गए. 1 लाख किमी का हाइवे बनाए गए हैं. 2014 तक रेलवे में सिर्फ 20 हजार किमी रूट का बिजलीकरण हुआ था. 2014 के बाद से 40 हजार किमी ट्रैक का बिजलीकरण किया गया है. देश में नदी जलमार्गों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है. विकसित भारत के निर्माण के लिए जरूरी हर क्षेत्र में तेजी से काम कर रहा है. विकसित भारत बनाने के लिए सबका प्रयास बहुत जरूरी है. 

14. ये जरूरी है कि 140 करोड़ देशवासी कड़े से कड़ा परिश्रम करें और वैश्विक संकटों का एकजुट होकर सामना करें. अभी जो युद्ध चल रहा है, इससे पैदा हुए संकटों का सामना कैसे करना है, इसके बारे में मैंने संसद में भी विस्तार से बताया है. मेरी कल देश के सभी मुख्यमंत्रियों से लंबी चर्चा हुई है. मैं आज आप सभी जनता जनार्दन से फिर कहूंगा, हमें शांत मन से, धैर्य के साथ एकजुटता के साथ मिल-जुलकर इस संकट का सामना करना है. ये पूरे विश्व में परेशानी पैदा करने वाला संकट है. हमें अपने देश की चिंता करनी है और यही हम भारतीयों की सबसे बड़ी ताकत है. 

15. मैं देश के सभी राजनीतिक दलों से आग्रहपूर्वक कहना चाहता हूं कि इस प्रकार के संकट में ऐसी बातें करने से बचें जो देश के लिए नुकसानदायक है, जो भारतीयों के हक में है, जो भारत के हित में है, वही भारत सरकार की नीति और रणनीति है. राजनीति के लिए गलत बयानबाजी करने वाले राजनीतिक बहस में कुछ नंबर पा लेंगे लेकिन देश को नुकसान पहुंचाने वाली हरकतों को जनता कभी माफ नहीं करती. कोरोना को लेकर भी अफवाह फैलाई, वैक्सीन को लेकर झूठ बोले गए, ताकि सरकार को मुश्किल हो, देश को नुकसान हो, जनता ने चुनाव परिणामों के दौरान ऐसी राजनीति को ठुकरा दिया. मुझे पूरा भरोसा है कि राजनीतिक दल इससे सबक सीखेंगे और देश के एकजुट प्रयासों को बल देंगे, ताकत देंगे.

यह भी पढ़ेंः नोएडा एयरपोर्ट की कमान इनके हाथों में, जानें कौन हैं COO किरण जैन और CEO क्रिस्टोफ श्नेलमैन

Featured Video Of The Day
Israel पर बम बरसाए लेकिन Iran ने किसे किया धन्यवाद? Saudi Arab में अमेरिकी बेस पर हमला | War News