प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तक आज कई कार्यक्रमों में शिरकत करते हुए नजर आएंगे. वहीं, अजमेर दरगाह से जुड़े मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई है. राहुल गांधी कल यूपी की सुल्तानपुर अदालत में पेश हुए थे, आज वह आरएसएस से जुड़े मानहानि मामले में महाराष्ट्र की भिवंडी कोर्ट में पेश हुए हैं. प्रधानमंत्री मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से यूपी के यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) में HCL-फॉक्सकॉन सेमीकंडक्टर प्लांट की नींव रखेंगे. वहीं, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल आज गुजरात के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वह कार्यकर्ताओं से मिलेंगे और सभाओं को भी संबोधित करेंगे. नई दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का आज आखिरी दिन है. उधर, टी20 वर्ल्डकप में आज से सुपर-8 के मुकाबले शुरू हो रहे हैं. सुपर-8 के पहले मुकाबले में आज पाकिस्तान का मुकाबला न्यूजीलैंड से होगा.
Breaking News LIVE Updates...
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने गौ रक्षा के मुद्दे पर किया 'धर्मयुद्ध' का ऐलान
प्रयागराज के माघ मेला में ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और प्रशासन के बीच हुआ विवाद अब राजनीतिक मुद्दा बन गया है. मामले को लेकर बयानबाजी तेज है और सियासी आरोप-प्रत्यारोप थमने का नाम नहीं ले रहे. इस बीच शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती 'धर्म युद्ध बोर्ड' लेकर आ गए हैं. शंकराचार्य ने कहा कि गो रक्षा के मुद्दे को हमारे मुख्यमंत्री गंभीरता से नहीं ले रहे हैं. हमने उन्हें 40 दिन का समय दिया था. 20 दिन बीत गए हैं, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया है. इसलिए हमने अब 'धर्मयुद्ध' का ऐलान किया है.
केरल में महिला के पेट छूटी कैंची, रिटायर्ड डॉक्टर के खिलाफ केस दर्ज
केरल के अलाप्पुझा मेडिकल कॉलेज में वर्ष 2021 में ऑपरेशन कराने वाली एक महिला के पेट में सर्जरी में इस्तेमाल होने वाली कैंची मिलने के बाद एक रिटायर्ड डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि पुन्नाप्रा निवासी उषा जोसेफ (51) की बच्चेदानी में गांठ थी. जोसेफ ने मई 2021 में जब इसका इलाज कराया उस वक्त डॉ. ललिताम्बिका मेडिकल कॉलेज में स्त्री रोग विभाग की तत्कालीन विभागाध्यक्ष थीं. इस संबंध में जोसेफ के एक रिश्तेदार ने शिकायत दर्ज कराई थी जिसके बाद अम्बलप्पुझा पुलिस ने शुक्रवार रात सेवानिवृत्त चिकित्सक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया.
PFI के राष्ट्रीय प्रभारी की जमानत याचिका खारिज
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की अदालत ने प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के शिक्षा विभाग के राष्ट्रीय प्रभारी की जमानत याचिका को खारिज कर दिया है. एनआईए ने जमानत याचिका का विरोध करते हुए आरोप लगाया था कि पीएफआई के राष्ट्रीय प्रभारी ने हथियार प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया था और आतंकवादी संगठन आईएसआईएस की विचारधारा का प्रचार किया था. विशेष एनआईए अदालत के न्यायाधीश एम. के. मोहनदास ने शुक्रवार को पीएफआई के शिक्षा विभाग के राष्ट्रीय प्रभारी और प्रतिबंधित संगठन से संबद्ध अखिल भारतीय इमाम परिषद के उपाध्यक्ष अशरफ उर्फ करमन्ना अशरफ मौलवी की जमानत याचिका खारिज कर दी.
राहुल गांधी के पुतले पर चले लात-घूंसे, बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जलाया पुतला
बीजेपी युवा मोर्चा के नेतृत्व में लालबाग चौराहे पर राहुल गांधी का पुतला फूंका गया. नई दिल्ली मे AI इंपैक्ट समिट 2026 के अंदर घुसकर यूथ कांग्रेस द्वारा टी-शर्ट उतार कर किए गए कथित हंगामे के विरोध में राहुल गांधी का पुतला दहन किया गया है.
जापान समेत 2 देशों के दौरे पर CM योगी, यूपी में निवेश लाने पर जोर
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दो देशों के दौरे में कुछ निवेशकों के साथ बैठक करने के अलावा हाई स्पीड ट्रेन में सवारी कर अनुभव करेंगे. सूत्रों के मुताबिक, जापान के यामानाशी में ग्रीन हाइड्रोजन की फैक्ट्री में सीएम योगी भ्रमण करेंगे. इसके अलावा कुछ फैक्ट्री में जाकर उनकी कार्यप्रणाली को समझने की कोशिश करेंगे. सीएम योगी ख़ास तौर पर इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े निवेशकों से मुलाकात करेंगे. इस दौरे में ग्रीन एनर्जी पर ख़ास फोकस रहने वाला है. योगी आदित्यनाथ चाहते हैं कि सेमीकंडक्टर की कुछ इकाइयां यूपी में आयें. इसको लेकर निवेशकों को सहूलियत देने का प्रस्ताव देकर यूपी में निवेश करने के लिए प्रोत्साहित करने की कोशिश करेंगे.
अजित पवार के भतीजे रोहित पवार बोले- अब PM मोदी से ही न्यास की आस
अजित पावार की प्लेन क्रैश में हुए मौत के मामले पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रोहित पवार ने VSR एयरलाइंस पर कई गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि VSR किसी नियम का पालन नहीं कर रहा था. कंपनी को किसी का डर नहीं है, क्योंकि उसके पीछे 'बहुत शक्तिशाली लोग' हैं. कंपनी अपना व्यापार दुबई और अमेरिका शिफ्ट करने की तैयारी में है. VSR की फ्लाइटें आज भी चल रही हैं. रोहित पवार ने कहा कि यदि अजित पवार के साथ न्याय होना है, तो वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ही कर सकते हैं. उन्होंने बताया कि वे इस मामले में प्रधानमंत्री को एक पत्र भी लिख रहे हैं.
कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगी, देश की जनता: मनोज तिवारी
विरोध प्रदर्शन के दौरान मनोज तिवारी ने कहा, 'देश की जनता कांग्रेस को इस कृत्य के लिए माफ नहीं करने वाली है. एआई समिट में 80 से अधिक देशों के लोग आए थे और सभी ने भारत के प्रयासों की दिल खोलकर सराहना की है.'
कांग्रेस के प्रदर्शन के विरोध में BJP का हल्लाबोल, मनोज तिवारी भी सड़क पर उतरे
भारत मंडपम में इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भारत अमेरिका ट्रेड डील को लेकर प्रदर्शन किया जिसमें उन्होंने टी शर्ट उतारकर प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ नारेबाजी की. अब बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. दिल्ली के मानसिंह रोड पर सुरक्षा को बढ़ा दी गई है. दिल्ली पुलिस के साथ RAF को तैनात किया गया. यहीं पर कांग्रेस का ऑफिस है. बीजेपी कार्यकर्ता यहां विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे हैं. प्रदर्शन में दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी भी शामिल हुए हैं.
राहुल गांधी पहुंचे भिवंडी, कोर्ट में पेश होने से पहले दिखाए गए काले झंडे
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी महाराष्ट्र के भिवंडी पहुंच गए हैं. वह आज आरएसएस मानहानि मामले में भिवंडी कोर्ट पहुंचे हैं. इस दौरान मुलुंड टोल के पास उन्हें काले झंडे दिखाए गए.
Delhi Road Accident: तेज रफ्तार कार की टक्कर से डिलिवरी ब्वॉय की मौत
दिल्ली में एक और बड़ा सड़क हादसा हुआ है,जहां तेज रफ्तार कार की टक्कर से डिलिवरी ब्वॉय की मौत हो गई. पश्चिमी दिल्ली के सुभाष नगर इलाके में ये दुर्घटना हुई. जहां शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार कार ने डिलिवरी ब्वॉय को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई. कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्क्र लगने के बाद बाइक सवार काफी दूर जाकर गिरा. पुलिस ने आरोपी वाहन ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है, जो नशे में धुत बताया जा रहा है. पुलिस ने कार और ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है. कार ही हालत देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि टक्कर कितनी भीषण थी. कार के सभी एयरबैग खुले हुए हैं. ऐसा तभी होता है, जब टक्कर बेहद भीषण हो. गाड़ी का अगला हिस्सा पूरा डैमेज हो गया है, जिससे पता चलता है कि कार की रफ्तार कितनी तेज रही होगी.
Dacoity in Barpeta: असम के बारपेटा रोड कस्बे में दिनदहाड़े डकैती
असम में दिनदहाड़े डकैती का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. पांच हथियारबंद डकैतों के एक गिरोह ने बारपेटा रोड कस्बे के एक फेमस ज्वेलरी शोरूम, सेन्को अलंकार से करोड़ों रुपये का सोना, चांदी और हीरे का आभूषण लूट लिये. यह घटना व्यस्त कस्बे के मध्य में स्थित दुर्गाबारी रोड पर सेंको अलंकार ज्वैलर्स पर हुई. खबरों के अनुसार, पिस्तौल से लैस पांच सदस्यीय गिरोह ने दिनदहाड़े शोरूम में धावा बोला और कर्मचारियों व वहां मौजूद सभी ग्राहकों को डराकर काबू में कर लिया. इसके बाद चोरों ने करोड़ों की ज्वेलरी पर हाथ साफ कर दिया.
Delhi Narela Murder: दिल्ली के नरेला में फैक्ट्री मालिक की सरेआम हत्या
दिल्ली के नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में फैक्ट्री मालिक की सरेआम हत्या कर दी गई. जे-ब्लॉक स्थित जूता-चप्पल बनाने वाली फैक्ट्री के पास अज्ञात हमलावरों ने हमले को अंजाम दिया. मृतक की पहचान रवि चौधरी के रूप में हुई है. सरेआम हुई इस हत्या के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. हमले में गंभीर रूप से घायल रवि को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. रवि चौधरी के परिजनों का आरोप हाल ही में फैक्ट्री के एक कर्मचारी के साथ मृतक का विवाद हुआ था. पुलिस को अंदेशा है कि पुरानी रंजिश या आपसी कहासुनी के चलते वारदात को अंजाम दिया गया.














