देशभर में मॉनसून की झमाझम बारिश, रविवार को भी गरज कर बरसेंगे बदरा; IMD का अलर्ट जारी

शनिवार को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और मेघालय में बहुत भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मिजोरम, तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश हुई.

विज्ञापन
Read Time: 5 mins
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • मॉनसून पूरे देश में सक्रिय हो गया है, जिससे कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी है
  • दक्षिण बंगाल और कोलकाता में अगले चार से पांच दिनों तक लगातार बारिश होने की संभावना जताई गई है
  • उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन से कई सड़कें बंद हो गईं, जनजीवन प्रभावित हुआ
नई दिल्ली:

मॉनसून अब देशभर में पूरी तरह सक्रिय हो गया है. देश के कई हिस्सों में शनिवार को भी भारी से बहुत भारी स्तर की बारिश हुई. मौसम विभाग ने रविवार को भी देशभर के कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई है. आईएमडी ने गरज के साथ बौछारें पड़ने और कुछ इलाकों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है.इसको लेकर मौसम संबंधी येलो अलर्ट और रेड अलर्ट जारी किया गया है.

दक्षिण बंगाल और कोलकाता में 5 दिनों तक बारिश

मौसम विज्ञान केंद्र ने दक्षिण बंगाल के जिलों और कोलकाता में अगले चार से पांच दिनों तक बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान जारी किया है. इससे राज्य में चल रहा बारिश का मौजूदा दौर और लंबा खिंचने की संभावना है. कोलकाता और दक्षिण बंगाल के कई जिलों में पिछले रविवार (5 जुलाई) से मध्यम से भारी बारिश हो रही है. मौसम विभाग के अनुसार, अनुकूल परिस्थितियों के कारण मानसूनी हवाओं ने रफ्तार पकड़ ली है और सक्रिय निम्न दबाव का क्षेत्र (लो-प्रेशर सिस्टम) आने वाले दिनों में भी अच्छी बारिश कराएगा.

मौसम विभाग के अनुसार, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है. वहीं, मानसून ट्रफ राजस्थान से पूर्वोत्तर भारत के मिजोरम तक फैली हुई है. उन्होंने कहा कि लो-प्रेशर एक्सिस उत्तर की ओर होने के कारण बंगाल में बारिश की तीव्रता अधिक रहेगी. खराब समुद्री मौसम को देखते हुए रविवार को मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है.

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, शनिवार को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और मेघालय में बहुत भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मिजोरम, तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश हुई.

दिल्ली में न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हल्की बारिश के पूर्वानुमान के बीच शनिवार को न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई. शहर के सफदरजंग मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यह सामान्य से 0.7 डिग्री कम और शुक्रवार की तुलना में 0.8 डिग्री अधिक रहा. अन्य मौसम केंद्रों में, पालम में न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री, लोधी रोड में 26.2 डिग्री, रिज में 23.5 डिग्री और आया नगर में 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

Advertisement

उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य बारिश

उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में शनिवार को सामान्य बारिश हुई. 10 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई, जबकि 21 जिलों में बारिश नहीं हुई. लखनऊ मौसम केंद्र की ताजा वर्षा रिपोर्ट के अनुसार, इस मानसून सीजन में अब तक किसी भी जिले में बहुत अधिक या बहुत कम बारिश दर्ज नहीं की गई है. अधिकांश जिलों में सामान्य के आसपास बारिश हुई है, हालांकि 21 जिलों में अब भी कम बारिश हुई है. आईएमडी ने रविवार को उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है.

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश सबसे ज्यादा प्रभावित

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य रहे, जहां भारी बारिश और भूस्खलन के कारण सड़कें बंद हो गईं और जनजीवन प्रभावित हुआ. इससे तीन राष्ट्रीय राजमार्गों समेत 120 सड़कें बंद हो गईं. वहीं यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग का एक हिस्सा बह जाने के कारण दो दिन से रास्ता बंद था. इस दौरान करीब 100 तीर्थयात्रियों को सुरक्षित निकाला गया.

Advertisement
हिमाचल प्रदेश में भी मध्यम से भारी बारिश हुई. शिमला में भूस्खलन हुआ, सांगला में एक ‘बेली' पुल ढह गया और किन्नौर जिले में बाढ़ का पानी एक मंजिला मकान में घुस गया. किन्नौर जिले में लगातार भारी बारिश से लिप्पा झरने का जलस्तर बढ़ गया, जिससे लिप्पा बस अड्डे के पास एक मंजिला मकान जलमग्न हो गया. कई अन्य मकानों में भी पानी भरने का खतरा मंडरा रहा है.

मौसम विभाग ने शिमला, कुल्लू, चंबा, बिलासपुर और सिरमौर जिलों में कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी स्तर की बारिश होने का पूर्वानुमान जताते हुए ‘येलो अलर्ट' जारी किया है.

राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश

राजस्थान में पिछले 24 घंटे के दौरान कुछ हिस्सों में तेज हवाएं चलीं और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हुई. मौसम विभाग की दैनिक रिपोर्ट के अनुसार, चुरू जिले के राजगढ़/सादुलपुर में सबसे अधिक 55 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. राज्य में सबसे अधिक 42 डिग्री सेल्सियस तापमान श्रीगंगानगर में और सबसे कम 21 डिग्री सेल्सियस तापमान सिरोही में दर्ज किया गया.  मौसम विभाग ने कहा कि रुक-रुक कर हो रही बारिश और हवाओं से कुछ इलाकों में लोगों को राहत मिली है.

केरल में कल्लाडी में भूस्खलन प्रभावित सुरंग परियोजना स्थल पर पांचवें दिन भी लापता व्यक्ति की तलाश जारी रही. लापता व्यक्ति हिमाचल प्रदेश का रहने वाला है अधिकारियों ने बताया कि तलाश अभियान 12 जुलाई को भी जारी रहेगा. वायनाड और कोझिकोड जिलों को जोड़ने वाली अनक्कमपोयिल-मेप्पाडी सुरंग परियोजना के स्थल पर सात जुलाई को हुए भूस्खलन में सात लोगों की मौत हो गई थी, जबकि एक व्यक्ति अब भी लापता है.

इसे भी पढ़ें: देश में अब भी बारिश की कमी, झमाझम मॉनसून से भी नहीं हुई पूरी; बना हुआ है सूखे का खतरा?

Advertisement
Featured Video Of The Day
'अगली बार 40 साल नहीं लगेंगे' - ऑकलैंड में ऐसा क्यों बोले PM मोदी?

Topics mentioned in this article
Monsoon Rain
Tomorrow Weather
Weather Update
IMD Alert