ईरान में छिड़ा युद्ध तीन हफ्ते से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी थमता नजर नहीं आ रहा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भले ही ईरान के कुछ ठिकानों पर 5 दिनों के लिए हमले रोकने की घोषणा की हो, लेकिन जमीनी हालात अब भी तनाव से भरे हैं और दोनों ओर से छिटपुट हमले जारी हैं. इस पूरे संकट का असर भारत की चिंताओं पर भी पड़ा है, जिसे लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद के दोनों सदनों में बयान दिया था.
इसी बीच केंद्र सरकार ने इस मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक बुलाई है. यह बैठक बुधवार शाम 5 बजे संसद भवन में होगी, जिसकी अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे. बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू समेत कई वरिष्ठ मंत्री मौजूद रहेंगे. विदेश सचिव विक्रम मिस्री के भी बैठक में शामिल होने की संभावना है. विपक्ष की लंबे समय से चल रही मांग के बाद सरकार ने यह कदम उठाया है.
ट्रंप का पीएम मोदी को फोन
इसी पश्चिम एशिया संकट के बीच मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच फोन पर अहम बातचीत हुई. दोनों नेताओं की यह चर्चा मौजूदा वैश्विक और क्षेत्रीय सुरक्षा परिदृश्य के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
इंडिगो की कई फ्लाइट्स का समय बदला
इंडिगो ने एक बयान जारी कर बताया है कि पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण कई फ्लाइट्स के समय में बदलाव हो सकता है. इंडिगो ने लोगों से अपील की है कि घर से एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर देख लें.
महादेव बेटिंग केस में ED का बड़ा एक्शन
महादेव बेटिंग ऐप केस में ED ने बड़ी कार्रवाई की है. ED ने इस मामले में मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर से जुड़ी 1,700 करोड़ रुपये की संपत्ति को जब्त कर लिया है. इन संपत्तियों में दुबई में मौजूद महंगे विला और प्रॉपर्टीज शामिल हैं, जिनमें खास तौर पर बुर्ज खलीफा और अन्य आलीशान जगहों पर मौजूद प्रॉपर्टीज शामिल हैं. इसके साथ ही, ED ने अब तक महादेव ऐप मामले में कुल मिलाकर 4,300 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्तियां जब्त कर ली हैं.
PNG सुविधा वाले घरों को LPG सप्लाई बंद करेगी सरकार, 3 महीने की समयसीमा तय
केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए कहा है कि जिन इलाकों में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) उपलब्ध है, वहां के परिवार यदि इसे अपनाते नहीं हैं, तो उनकी LPG सिलेंडर आपूर्ति तीन महीने बाद बंद कर दी जाएगी. यह आदेश पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय द्वारा नए नियमों,‘प्राकृतिक गैस तथा पेट्रोलियम उत्पाद वितरण आदेश, 2026' को अधिसूचित करते हुए जारी किया गया है.
सरकार का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य गैस पाइपलाइन नेटवर्क का तेजी से विस्तार, ऊर्जा सुरक्षा को मजबूती और एक ही ईंधन पर निर्भरता कम करना है. मिडिल ईस्ट के युद्ध से LPG सप्लाई पर असर पड़ा है, ऐसे में उपभोक्ताओं को PNG पर शिफ्ट करना सरकार की प्राथमिकता बन गया है.
दिल्ली विधानसभा को उड़ाने की धमकी, मेल में 1:40 बजे ब्लास्ट करने का दावा
दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं. दिल्ली विधानसभा को एक धमकी भरा ईमेल मिला है, जिसमें विधानसभा परिसर में विस्फोटक लगाए जाने का दावा किया गया है. मेल में धमाका दोपहर 1:40 बजे होने की बात लिखी गई है.
धमकी देने वाला कोयंबटूर का है
ईमेल भेजने वाले ने खुद को कोयंबटूर का रहने वाला बताया. दावा किया कि वह और उसके साथी कभी DMK का समर्थन करते थे. लेकिन अब अपने राजनीतिक अनुभव को लेकर ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं. ईमेल में कई व्यक्तिगत आरोप लगाए गए, साथ ही यह भी कहा गया कि उन्होंने अपनी शिकायतें सार्वजनिक करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें न मीडिया से मदद मिली और न ही अदालतों से.
'लोगों को विधानसभा परिसर से हटा लिया जाए'
मेल में भेजने वाले ने लिखा कि वे 'संपत्ति को नुकसान' पहुंचाना चाहते हैं, इसलिए परिसर में मौजूद लोगों को हटाने की बात कही गई. ईमेल के अंत में कुछ उग्र और विवादित नारे भी लिखे गए, जिनकी जांच की जा रही है.
AIADMK ने जारी की उम्मीदवारों की पहली सूची, EPS फिर एडप्पाडी से मैदान में
तमिलनाडु विधानसभा चुनावों से पहले AIADMK ने अपना पहला उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है. इस सूची में 23 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं. पार्टी महासचिव ई. पलानीस्वामी (EPS) एक बार फिर अपने पारंपरिक गढ़ एडप्पाडी सीट से चुनाव लड़ेंगे.
JDU सांसद गिरधारी यादव की सदस्यता रद्द कराने की मांग, लोकसभा स्पीकर को नोटिस
जेडीयू के लोकसभा नेता दिलेश्वर कमैत ने पार्टी के बांका से सांसद गिरधारी यादव को एंटी-पार्टी गतिविधियों के आरोप में अयोग्य घोषित करने की मांग की है. जेडीयू सूत्रों के अनुसार, इस संबंध में कमैत ने लोकसभा स्पीकर को औपचारिक नोटिस सौंपा है.
पार्टी का आरोप है कि गिरधारी यादव लगातार संगठनात्मक लाइन से हटकर काम कर रहे हैं और सार्वजनिक तौर पर पार्टी के खिलाफ रुख अपना रहे हैं. जेडीयू ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता बताते हुए उनकी सदस्यता रद्द करने की प्रक्रिया शुरू करने का फैसला लिया है.
फिलहाल मामले पर लोकसभा सचिवालय की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.
मिडिल ईस्ट संकट पर कृषि मंत्री ने बुलाई हाई लेवल बैठक
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान मिडिल ईस्ट संकट से जुड़ी उभरती चुनौतियों के मद्देनजर उर्वरक आपूर्ति, आवंटन और कृषि को प्रभावित करने वाले प्रमुख मुद्दों की समीक्षा के लिए जल्द ही एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाएंगे.
पाकिस्तान लिंक्ड इंटरनेशनल आर्म्स ट्रैफिकिंग मॉड्यूल का दिल्ली में भंडाफोड़, 10 गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पाकिस्तान से भारत में बड़े पैमाने पर हथियारों की तस्करी करने वाले इंटरनेशनल आर्म्स ट्रैफिकिंग मॉड्यूल का बड़ा खुलासा किया है. यह मॉड्यूल दिल्ली से ऑपरेट किया जा रहा था और इसके तार पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश से जुड़े हुए थे.
एजेंसी ने इस नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से अब तक 21 विदेशी हथियार बरामद किए गए हैं.
बरामद हथियारों में चीन, तुर्की, इटली, ब्राज़ील और जर्मनी में निर्मित आधुनिक हथियार शामिल हैं, जिन्हें पाकिस्तान से स्मगलिंग कर भारत-नेपाल बॉर्डर के रास्ते दिल्ली‑NCR और कई राज्यों में सक्रिय क्रिमिनल गैंग्स तक पहुँचाया जाता था.
क्राइम ब्रांच के अनुसार, यह मॉड्यूल लंबे समय से भारत में हाई-ग्रेड विदेशी हथियारों की सप्लाई कर रहा था. पुलिस अब नेटवर्क के और सदस्यों तथा सप्लाई चेन की तह तक पहुँचने में जुटी है.
कांग्रेस को 24 अकबर रोड का बंगला खाली करने का नोटिस, 28 मार्च तक खाली करना है बंगला
बीते 48 सालों से 24 अकबर रोड के बंगले में कांग्रेस का मुख्यालय है. हालांकि बीते साल कांग्रेस के नए मुख्यालय 'इंदिरा भवन' का उद्घाटन हो चुका है. लेकिन इसके बावजूद 24 अकबर रोड वाले कार्यालय को कांग्रेस ने खाली नहीं किया है. यहां भी पार्टी की गतिविधियां पहले की तरह ही चल रही हैं. कांग्रेस को 24 अकबर रोड के साथ ही यूथ कांग्रेस के ऑफिस 5 रायसीना रोड को भी खाली करने का नोटिस मिला है. सूत्रों के मुताबिक पार्टी राहत के लिए कानूनी विकल्प पर विचार कर रही है.
दिल्ली के करोल बाग में बड़ा हादसा: स्लीपर बस पलटी, 2 की मौत, 23 घायल
दिल्ली के करोल बाग इलाके में बुधवार तड़के एक स्लीपर बस के पलटने से बड़ा हादसा हो गया. दुर्घटना में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 23 से अधिक लोग घायल हुए हैं. यह जानकारी दिल्ली फायर सर्विस के एक अधिकारी ने दी.
हादसे की सूचना रात 1:10 बजे फायर सर्विस को मिली, जिसके बाद दो फायर टेंडर मौके पर भेजे गए और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. बताया गया कि बस जयपुर से दिल्ली पहुंची थी और करोल बाग के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई.
घायलों को इलाज के लिए अलग‑अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल राहत और बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि हादसे के कारणों की जानकारी के लिए जांच जारी है. अधिक जानकारी का इंतजार है.














