महाराष्ट्र : एकनाथ शिंदे ने जारी की उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, 45 नामों का ऐलान

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए शिवसेना ने 45 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
शिवसेना उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी
मुंबई:

शिवसेना ने 20 नवंबर को होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार देर रात 45 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी कर दी, जिसमें मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को ठाणे शहर के कोपरी-पाचपाखाडी से और आधा दर्जन से अधिक कैबिनेट सदस्यों को उनकी संबंधित सीटों से उम्मीदवार बनाया गया है.

सत्तारूढ़ दल ने लगभग उन सभी विधायकों को फिर से टिकट दिया है, जिन्होंने जून 2022 में तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ विद्रोह का नेतृत्व करते समय शिंदे का समर्थन किया था.

शिंदे ठाणे शहर से सटे कोपरी-पाचपाखाडी से फिर से चुनाव लड़ेंगे. पार्टी ने जलगांव ग्रामीण, सावंतवाड़ी, सिल्लोड और पाटन से क्रमश: गुलाबराव पाटिल, दीपक केसरकर, अब्दुल सत्तार और शंभुराज देसाई को मैदान में उतारा है.

एक अन्य कैबिनेट सदस्य दादा भुसे नासिक जिले के मालेगांव आउटर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे. मंत्री उदय सामंत और तानाजी सावंत को क्रमशः रत्नागिरी और परांदा से मैदान में उतारा गया है. एक अन्य प्रमुख नेता सदा सर्वणकर मुंबई के माहिम से चुनाव लड़ेंगे.

Advertisement

पार्टी ने कई विधायकों के रिश्तेदारों को भी मैदान में उतारा है. राजापुर से मंत्री उदय सामंत के भाई किरण सामंत को टिकट दिया गया है. दिवंगत विधायक अनिल बाबर के बेटे सुहास बाबर सांगली जिले के खानपुर से चुनाव लड़ेंगे.

मुंबई उत्तर-पश्चिम से शिवसेना के लोकसभा सदस्य रवींद्र वाईकर की पत्नी मनीषा वाईकर को जोगेश्वरी (पूर्व) से मैदान में उतारा गया है, जबकि शिवसेना नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद अडसुल के बेटे अभिजीत अडसुल अमरावती जिले के दरियापुर से चुनाव लड़ेंगे.

Advertisement

छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) के लोकसभा सदस्य संदीपन भुमरे के बेटे विलास भुमरे पैठन से चुनाव लड़ेंगे.

इसके साथ ही शिवसेना अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करने वाली दूसरी बड़ी राजनीतिक पार्टी बन गई है. उसकी सहयोगी भाजपा ने पिछले रविवार को 99 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी.

सत्तारूढ़ महायुति ने 288 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव के लिए अभी तक सीट बंटवारे की घोषणा नहीं की है. इसमें भाजपा, शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शामिल हैं.

Featured Video Of The Day
Iran Israel War: US Warship USS Abraham Lincoln को नुकसान - ईरान का दावा, क्या बोला America?