20 days ago
नई दिल्ली:

सोमवार से नोएडा के सभी स्कूल खुल जाएंगे. जिला प्रशासन ने इसको लेकर आदेश जारी कर दिए हैं. हालांकि स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया गया है. घने कोहरे और कड़ाके की ठंड को देखते हुए स्कूल के समय बदले गए हैं. नोएडा–ग्रेटर नोएडा के सभी स्कूलों के समय में बदलाव हुआ है. 19 जनवरी से स्कूलों का बदला हुआ समय लागू होगा. सभी बोर्ड के स्कूलों पर ये आदेश लागू होगा. इसमें सीबीएसई, आईसीएसई, आईबी, यूपी बोर्ड सभी शामिल हैं. परिषदीय, राजकीय और अशासकीय स्कूलों पर भी ये आदेश लागू होगा.

सभी कक्षाएं सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेंगी. अगले आदेश तक नया समय लागू रहेगा. जिला प्रशासन ने आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं.
 

 LIVE Updates:

Jan 18, 2026 21:10 (IST)

गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर कर्तव्य पथ पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, बदले गए ये नियम

गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर दिल्ली पुलिस कड़ी सुरक्षा और सुविधा का इंतजाम कर रही है. देश ऐतिहासिक कर्तव्य पथ पर 77वां गणतंत्र दिवस मनाने की तैयारी में जुटा है, ऐसे में नई दिल्ली जिला पुलिस सभी के लिए सुरक्षित और उत्सवपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है. आगामी गणतंत्र दिवस समारोह के लिए, परिसरों के नाम बदलकर भारतीय नदियों के नाम पर रखे गए हैं. इसके अलावा, इस बार मेहमानों की सुविधा के लिए सुरक्षा व्यवस्था में भी कई बदलाव किए गए हैं.

Jan 18, 2026 18:43 (IST)

चमोली में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का काला झंडा दिखाकर विरोध

सांसद खेल महाकुंभ के दौरान गृह जनपद पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट का कांग्रेस और उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर विरोध किया. रविवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सांसद खेल महाकुंभ कार्यक्रम में शिरकत करने स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचे थे. इसी दौरान कांग्रेस और उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं ने पीजी कॉलेज गोपेश्वर के गेट पर काले झंडे दिखाकर उनका जमकर विरोध किया. विरोध प्रदर्शन के चलते मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और जोर-आजमाइश देखने को मिली, जिसे नियंत्रित करने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी.

विरोध कर रहे लोगों का आरोप था कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बदहाल है और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि भाजपा नेता जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं. उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड में संदिग्ध वीआईपी के नाम का खुलासा नहीं होने को लेकर भी नाराजगी जताई और कहा कि पूरे प्रदेश में इसको लेकर विरोध जारी है.

Jan 18, 2026 18:39 (IST)

प्रशांत किशोर और आरसीपी सिंह की जेडीयू में वापसी की अटकलों पर क्या बोले ललन सिंह?

लखीसराय पहुंचे केन्द्रीय मंत्री ललन सिंह ने जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर और आरसीपी सिंह पर जेडीयू में वापसी की खबर पर जमकर पलटवार किया. ललन सिंह ने कहा कि कौन हैं प्रशांत किशोर, ये वही व्यक्ति हैं जिन्होंने कहा था कि नीतीश कुमार को मिट्टी में मिला देंगे, अभी भी वो राजनीति कर रहे हैं क्या, हम वैसे लोगों को नहीं पहचानते हैं. वहीं आरसीपी सिंह की वापसी पर तीखा हमला करते हुए उन्होंने कहा कि यह वही व्यक्ति है जो बिहार में पार्टी को 74 से 25 सीट पर लाने का काम किया.

Jan 18, 2026 18:37 (IST)

लातेहार के ओरसा घाटी में बस दुर्घटनाग्रस्त, 5 लोगों की मौत

लातेहार महुआडाड़ के ओरसा घाटी में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. यहां एक यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इस हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही महुआडांड़ थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और सभी घायलों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया. 

Jan 18, 2026 18:22 (IST)

बेलडांगा में प्रवासी मजदूर की मौत पर अशांति के बीच असम में प्रवासी मजदूर का शव मिला

पश्चिम बंगाल के एक और प्रवासी मज़दूर की मौत हो गई है. कूचबिहार ज़िले के शीतलकुची पुलिस स्टेशन के भवरथना ग्राम पंचायत इलाके के प्रवासी मज़दूर हिमांकर पाल (35) की मौत हो गई है. मृतक के परिवार का दावा है कि अरुणाचल प्रदेश से लौटते समय उसकी लाश असम में मिली. रविवार को उसकी मौत की खबर मिलने के बाद हिमांकर पाल के परिवार वाले असम के लिए रवाना हुए.

Jan 18, 2026 13:43 (IST)

ए आर रहमान ने अपनी टिप्पणी को लेकर दी सफाई, कहा- किसी को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं था

जानेमाने संगीतकार ए आर रहमान ने रविवार को अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने हाल में दिए गए एक साक्षात्कार में अपनी टिप्पणी के बाद हो रही आलोचनाओं का जवाब देते हुए कहा कि इरादे 'कभी-कभी गलत समझे जा सकते हैं', लेकिन वह अपने शब्दों से किसी को ठेस पहुंचाना नहीं चाहते थे. 'रोजा', 'बॉम्बे' और 'दिल से...' जैसी फिल्मों में अपने संगीत के लिए जाने जाने वाले रहमान ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने यह स्पष्टीकरण दिया. 

Advertisement
Jan 18, 2026 13:17 (IST)

कांग्रेस ने अपने शासन में वोट के लिए असम की जमीन घुसपैठियों को सौंप दी: प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने पूर्वोत्तर राज्य असम में अपने शासनकाल के दौरान वोट के लिए घुसपैठियों को जमीन सौंप दी.  मोदी ने यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि असम में कांग्रेस शासन के दौरान दशकों तक घुसपैठ बढ़ती रही तथा अवैध प्रवासी वनों, जानवरों के गलियारों और पारंपरिक संस्थानों पर अतिक्रमण करते रहे. 

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा सरकार अतिक्रमण करने वाले घुसपैठियों को निष्कासित करके असम की पहचान और संस्कृति की रक्षा कर रही है.’’ मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने लोगों का भरोसा खो दिया है क्योंकि वह ‘‘नकारात्मक राजनीति का संदेश’’ देती है और अब देश में मतदाताओं की ‘‘पहली पसंद’’ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) है. 

Jan 18, 2026 13:05 (IST)

भारत जब तक धर्म से चलता रहेगा, तब तक 'विश्वगुरु' बना रहेगा: भागवत

राष्ट्रवादी स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने रविवार को कहा कि जब तक धर्म भारत का मार्गदर्शन करता रहेगा, देश ‘विश्वगुरु’ बना रहेगा. उन्होंने कहा कि ऐसा आध्यात्मिक ज्ञान दुनिया के दूसरे हिस्सों में नहीं पाया जाता. भागवत ने यहां एक कार्यक्रम में कहा कि धर्म ही पूरे ब्रह्मांड को चलाता है और सब कुछ उसी सिद्धांत पर चलता है.

आरएसएस प्रमुख ने कहा कि भारत को अपने पूर्वजों से एक समृद्ध आध्यात्मिक धरोहर विरासत में मिली है और साधु-संतों से मार्गदर्शन मिलता रहा है. उन्होंने कहा, 'जब तक ऐसा धर्म भारत का मार्गदर्शन करता रहेगा, तब तक भारत 'विश्वगुरु' बना रहेगा. दुनिया के पास इस तरह का ज्ञान नहीं है क्योंकि उसमें आध्यात्मिकता की कमी है. यह हमारे पूर्वजों की विरासत है, जो हमें मिली है.”

Advertisement
Jan 18, 2026 11:51 (IST)

भाजपा पूरे देश में लोगों की पहली पसंद बन गई है: PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज भाजपा पूरे देश में लोगों की पहली पसंद बन गई है. बीते एक-डेढ़ वर्षों से भाजपा पर देश का भरोसा लगातार बढ़ता जा रहा है. हाल ही में बिहार में चुनाव हुए. वहां 20 वर्ष बाद भी जनता ने भाजपा को रिकॉर्ड वोट दिए हैं. रिकॉर्ड सीटें जिताई हैं. दो दिन पहले ही महाराष्ट्र के बड़े शहरों में मेयर और पार्षदों के चुनाव परिणाम आए हैं. मुंबई जो दुनिया के सबसे बड़े निगमों में से एक है, वहां की जनता ने पहली बार भाजपा को रिकॉर्ड जनादेश दिया. जीत मुंबई में हो रही है, जश्न काजीरंगा में मनाया जा रहा है. महाराष्ट्र के अधिकतर शहरों की जनता ने भाजपा को सेवा का अवसर दिया है. 

Jan 18, 2026 11:44 (IST)

बीजेपी सरकार ने ‘विकास भी विरासत भी’के मंत्र को मजबूत किया है: PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पिछले वर्ष मैं झुमोइर महोत्सव में भी शामिल हुआ था. इस बार मुझे माघ बिहू के अवसर पर आने का मौका मिला है. एक महीने पहले मैं विकास परियोजनाओं के लिए यहां आया था... ऐसे सभी अवसरों ने भाजपा सरकार के, ‘विकास भी विरासत भी’ इस मंत्र को और मजबूत किया है."

Advertisement
Jan 18, 2026 11:37 (IST)

मुझे हमेशा असम आकर एक अलग ही खुशी मिलती है: PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “...2 वर्ष पहले काजीरंगा में बिताए गए पल मेरे जीवन के बहुत खास अनुभवों में शामिल हैं। मुझे काजीरंगा नेशनल पार्क में रात्रि विश्राम करने का अवसर मिला था और अगली सुबह एलिफेंट सफारी के दौरान मैंने इस क्षेत्र की सुंदरता को बहुत करीबी से महसूस किया.  मुझे हमेशा असम आकर एक अलग ही खुशी मिलती है. ये धरती वीरों की धरती है, हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाने वाले बेटे-बेटियों की धरती है...”

Jan 18, 2026 11:18 (IST)

मौनी अमावस्या की हार्दिक शुभकामनाएं, मां गंगा देशवासियों का कल्याण करें: प्रियंका गांधी वाड्रा

मौनी अमावस्या के अवसर पर हरिद्वार से लेकर वाराणसी और प्रयागराज तक आस्था का भव्य संगम देखने को मिल रहा है. कड़ाके की ठंड के बावजूद लाखों की संख्या में श्रद्धालु घाट पर पहुंचकर स्नान कर रहे हैं. इसी बीच, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने देशवासियों को मौनी अमावस्या की शुभकामनाएं दी.

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "तप, त्याग, ध्यान, और दान के पावन महापर्व मौनी अमावस्या की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं. मोक्षदायिनी मां गंगा सभी देशवासियों का कल्याण करें. हर हर गंगे."

Advertisement
Jan 18, 2026 11:13 (IST)

लॉरेंस बिश्नोई गैंग का शूटर प्रदीप गोलू गिरफ्तार, दिल्ली-राजस्थान पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

दिल्ली क्राइम ब्रांच की एंटी गैंगस्टर स्क्वॉड ने राजस्थान पुलिस के साथ मिलकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक वांछित शूटर को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपी की पहचान प्रदीप शर्मा उर्फ गोलू के रूप में हुई है. आरोपी आगरा का रहने वाला है और हाल के दिनों में दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में छिपकर रह रहा था. यहां पढ़ें पूरी स्टोरी 

Jan 18, 2026 10:27 (IST)

प्रधानमंत्री मोदी बंगाल दौरे के दूसरे दिन सिंगूर में जनसभा को संबोधित करेंगे

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पश्चिम बंगाल के अपने दो दिवसीय दौरे के तहत रविवार को पुन: यहां आएंगे और राज्य में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक गहमागहमी के बीच, सिंगूर में बंद पड़े टाटा नैनो कार संयंत्र स्थल से जनसभा को संबोधित करेंगे.

असम में रातभर ठहरने के बाद इस राज्य में वापसी पर मोदी के कार्यक्रम के अनुसार, वह हुगली जिले के सिंगूर में 830 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे और कुछ परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे. इसके अलावा वह एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे जहां वह पश्चिम बंगाल में औद्योगीकरण को लेकर पार्टी के दृष्टिकोण को संभवत: और धार देंगे. 

Jan 18, 2026 10:14 (IST)

झारखंड के गिरीडीह में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में चार लोगों की मौत, सात लोग घायल

झारखंड के गिरिडीह में अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई और सात अन्य लोग घायल हो गए. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. शनिवार रात घासीडीह गांव के पास देवरी थाना क्षेत्र में एक कार और ट्रक की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया. पुलिस अधिकारी ने कहा, “दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति की अस्पताल में इलाज के दौरान जान चली गई.” शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और घायल व्यक्ति का इलाज जारी है. 

Jan 18, 2026 09:36 (IST)

तेलंगाना: अश्लील फोटो डाल हनी ट्रैप में फंसाते थे पति-पत्नी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

तेलंगाना के करीमनगर में पुलिस ने इंस्टाग्राम के जरिए हनी ट्रैप कर युवकों और कारोबारियों से लाखों रुपये वसूलने वाले एक दंपती को गिरफ्तार किया है. आरोप ये भी है कि ये दोनों अब तक करीब 100 लोगों को ब्लैकमेल कर चुके हैं. एक पीड़ित से तो उन्होंने 12 लाख रुपये ऐंठ लिए, जिन पैसों से उन्होंने कार और महंगे घरेलू सामान खरीदे थे. यहां पढ़ें पूरी खबर

Jan 18, 2026 08:03 (IST)

मौनी अमावस्या को लेकर प्रशासन अर्लट

प्रयागराज के पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार ने कहा कि मौनी अमावस्या के मौके पर सुरक्षा के उचित इंतजाम किए गए हैं... श्रद्धालु बड़ी संख्या में पवित्र स्नान करने आ रहे हैं..."

Jan 18, 2026 07:57 (IST)

जम्मू कश्मीर के सांबा में दिखे संदिग्ध ड्रोन

Jan 18, 2026 07:52 (IST)

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बेलडांगा हिंसा के दौरान महिला पत्रकार पर हमले की निंदा की

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में हाल में हिंसा के दौरान एक महिला पत्रकार पर हुए कथित हमले की शनिवार को निंदा करते हुए पश्चिम बंगाल में ‘भय और धमकी के माहौल’ को समाप्त करने के लिए महिलाओं और युवाओं से आगे आने की अपील की. झारखंड में एक प्रवासी मजदूर की मौत के बाद बेलडांगा में पैदा हुई अशांति का जिक्र करते हुए मोदी ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस सरकार के तहत पत्रकार और आम नागरिक असुरक्षित हैं. 

Jan 18, 2026 07:39 (IST)

एयर इंडिया और इंडिगो ने यात्रियों के लिए जारी की ट्रैवेल एडवाइजरी

आज सुबह दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में घना कोहरा रहने का अनुमान है. इससे उड़ानों के समय पर असर पड़ सकता है. उड़ानों में देरी या बदलाव संभव है. कम दृश्यता के कारण फ्लाइट लेट, डायवर्ट या कैंसिल हो सकती हैं और इसका असर पूरे नेटवर्क पर पड़ सकता है. एयर इंडिया की तरफ से कहा गया है कि यात्रियों की परेशानी कम करने के लिए एयरलाइन ने पहले से कुछ जरूरी कदम उठाए हैं.

Jan 18, 2026 07:33 (IST)

असम में PM मोदी का मेगा इंफ्रा गिफ्ट

पीएम मोदी आज नगांव के कालियाबोर में 6,950 करोड़ रुपये के काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर प्रोजेक्ट का भूमि पूजन करेंगे. वे दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाएंगे, जिससे पूर्वोत्तर–उत्तर भारत कनेक्टिविटी मजबूत होगी.

Jan 18, 2026 07:32 (IST)

भयंकर कोहरे की चपेट में दिल्ली-NCR

दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह ज्‍यादातर इलाकों में बेहद घना कोहरा छाया है. कई जगहों पर आलम ये है कि कुछ दूरी तक देखना तक संभव नहीं है. बेहद सुबह दिल्‍ली और नोएडा में सुबह-सुबह विजिबिलिटी बेहद कम दर्ज की गई, जिसका सबसे ज्‍यादा असर यातायात पर पड़ा है. दिल्‍ली और नोएडा के कई इलाकों में घने कोहरे के कारण कई स्थानों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और कई ट्रेनें अपने अपने निर्धारित समय से काफी देरी से चल रही हैं. उधर, मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले चार-पांच दिनों तक उत्तर भारत के लोगों को घने कोहरे से राहत नहीं मिलेगी.  

Featured Video Of The Day
BMC Mayor News: कौन हैं Ritu Tawde, जो मुंबई की नई मेयर होंगी? | Bharat Ki Baat Batata Hoon