नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों की भूमिका को ऐतिहासिक बताते हुए उनका खास आभार जताया. सीएम योगी ने कहा कि जहां पहले किसान आंदोलन करते नजर आते थे, वहीं आज वही अन्नदाता विकास के भागीदार बने हैं. समय पर मुआवजा और पुनर्वास योजनाओं से जुड़कर किसानों ने करीब 13 हजार एकड़ जमीन एयरपोर्ट परियोजना के लिए उपलब्ध कराई, जिससे यह महत्वाकांक्षी सपना साकार हो सका.
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों का यह सहयोग साबित करता है कि जब सरकार विश्वास और पारदर्शिता के साथ काम करती है, तो विकास के रास्ते खुद-ब-खुद खुलते हैं. योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसानों के त्याग और सहयोग से ही उत्तर प्रदेश विकसित भारत की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट इसका बड़ा उदाहरण है.
वैश्विक एविएशन मैप पर UP को मिली नई पहचान
इस अवसर पर सीएम योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करते हुए कहा कि बीते 11–12 वर्षों में उनके नेतृत्व में ‘न्यू इंडिया' को ‘विकसित भारत' की ओर ले जाने के लिए बड़े कदम उठाए गए हैं. उन्होंने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश को वैश्विक एविएशन मैप पर नई पहचान दिलाने वाला प्रोजेक्ट है, जो किसानों, युवाओं और उद्योगों के लिए नए अवसर खोलेगा.
यह भी पढ़ें- 'अभी आधा काम हुआ है, मैंने सिर्फ पर्दा उठाया है...', PM मोदी ने नोएडा एयरपोर्ट का उद्घाटन कर ऐसा क्यों कहा
दुनिया अशांति से गुजर रही- सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता की ओर से वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इस भव्य और आत्मीय समारोह में हार्दिक स्वागत और अभिनंदन करते हैं, जिन्होंने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के जरिए प्रदेश के विकास को नई ऊंचाइयां दी हैं. उन्होंने कहा कि कल रामनवमी के पावन अवसर पर पूरे देश में उत्सव और उत्साह का माहौल था, जबकि वैश्विक स्तर पर आज दुनिया अशांति, अनिश्चितता और अव्यवस्था के दौर से गुजर रही है, जहां पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं और कई देशों में भारी कमी भी है. ऐसे कठिन अंतरराष्ट्रीय हालात में भारत में पेट्रोलियम उत्पादों की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने, कीमतों को नियंत्रित करने और एक्साइज ड्यूटी में फिर से कटौती के ऐतिहासिक फैसले के लिए मुख्यमंत्री ने प्रदेश की 25 करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया.














