- मार्च में पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर-पश्चिम भारत में अचानक तेज बारिश और हवाओं का दौर शुरू हुआ है
- 29-31 मार्च के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी के साथ तेज हवाओं के आसार हैं
- पूर्वोत्तर के कई राज्यों में 27 से 31 मार्च तक तेज बारिश और 30-50 किमी प्रति घंटे की हवाएं चलने की संभावना है
मौसम बदल रहा है. गर्मियों की आहट के बीच एक बार फिर झमाझम बारिश होने लगी है. दिल्ली-एनसीआर ही नहीं, बल्कि देश के कई हिस्सों में बारिश का अलर्ट है. मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बारिश होने का अनुमान लगाया है. मौसम विभाग का कहना है कि 29 मार्च से बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है.
मौसम विभाग ने शुक्रवार को बताया कि उत्तर-पश्चिमी भारत में इस हफ्ते बारिश होने की संभावना है और यह 29-30 मार्च को पीक पर हो सकती है. साथ ही कश्मीर घाटी में 30 मार्च को बारिश के साथ-साथ बर्फबारी होने के आसार भी हैं.
यह भी पढ़ेंः Rain Alert: आंधी, तूफान और बारिश...दिल्ली में फिर पलटेगा मौसम, UP-राजस्थान ही नहीं इन राज्यों में भी येलो अलर्ट
कहां-कहां बारिश के आसार?
- उत्तर-पश्चिम भारत: तेज बारिश होने की संभावना है. 28-30 मार्च के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश और 29-31 मार्च के दौरान उत्तराखंड में बर्फबारी के साथ बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. 29-30 मार्च को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी यही स्थिति रह सकती है.
- पूर्वोत्तर भारत: असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 27 से 31 मार्च के दौरान बारिश के साथ-साथ 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 29 मार्च को, अरुणाचल में 28-29 मार्च और 1-2 अप्रैल को और असम-मेघालय में 28-30 मार्च और 1-2 अप्रैल को बारिश होने के आसार हैं.
- पूर्वी भारत: 28-29 मार्च को बिहार में, 28-31 मार्च और 1 अप्रैल को झारखंड में और 30 मार्च से 2 अप्रैल को ओडिशा में बारिश होने की उम्मीद है. इस दौरान 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. 27 से 31 मार्च के दौरान पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है.
- मध्य भारत: 29 से 31 मार्च तक मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अगले 7 दिनों के दौरान बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के आसाल हैं. मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 30-31 मार्च को बारिश की संभावना है. 29-30 मार्च को महाराष्ट्र और गुजरात में बिजली गिरने की संभावना भी है.
- दक्षिण भारत: 27 से 31 के दौरान केरल, 27 से 30 मार्च के दौरान कर्नाटक, 28 मार्च से 2 अप्रैल के दौरान आंध्र प्रदेश, 27 मार्च से 1 अप्रैल के दौरान तेलंगाना में बिजली गिरने के साथ-साथ बारिश होने और 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है.
यह भी पढ़ेंः दुबई में बिछ गई बर्फ की चादर! रेगिस्तान की गर्मी हुई गायब, क्या ये कयामत की निशानी है?
लेकिन मौसम अचानक क्यों बदल गया?
मौसम विभाग ने मौसम में अचानक हुए इस बदलाव की वजह पश्चिमी विक्षोभ यानी वेस्टर्न डिस्टर्बेंस को बताया है. आसान शब्दों में कहें तो, यह कम दबाव का एक बड़ा क्षेत्र होता है जो काफी दूर बनता है और कई देशों को पार करते हुए आगे बढ़ता है. इस दौरान यह समुद्र और हवा से भारी मात्रा में नमी सोख लेता है. जब यह उत्तरी भारत तक पहुंचता है, तो यह नमी बादलों का रूप ले लेती है, जिससे लगातार बारिश होती है और तेज हवाएं चलती हैं.
मौसम विभाग के अधिकारियों ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया कि मार्च में यह असामान्य मौसम उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर रहे पश्चिमी विक्षोभ से जुड़ा है. 15 मार्च से ये वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव है और इस बार सामान्य से कम ऊंचाई पर आगे बढ़ रहा है, जिस कारण असर और भी गहरा हो गया है. यही वजह है कि मौसम का मिजाज भी बदला-बदला सा है.
अधिकारियों के अनुसार, इसके प्रभाव से कुछ हिस्सों में दिन में तेज हवाएं चलने, हल्की बारिश होने और हल्की धूल भरी आंधी की संभावना है. हालांकि, इस मौसम का तापमान पर कोई खास असर पड़ने के आसार नहीं हैं.














