- गोवा के Birch by Romeo Lane क्लब में आग लगने के बाद मालिक गौरव और सौरभ लूथरा विदेश भाग गए थे
- दिल्ली की कोर्ट में उनकी तरफ से दाखिल अग्रिम जमानत याचिका में उन्होंने खुद को पीड़ित बताया है
- उनका कहना है कि किसी क्लब की घटना के लिए लूथरा भाई नहीं बल्कि पार्टनर या मैनेजर जिम्मेदार हैं
गोवा के मशहूर Birch by Romeo Lane नाइटक्लब में रविवार आधी रात भीषण आग लगने के बाद देश छोड़कर भागे मालिक सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा ने गिरफ्तारी से बचने के लिए कोर्ट की शरण ली है. उन्होंने कोर्ट में विक्टिम कार्ड खेला है और कहा है कि इस घटना के लिए वो जिम्मेदार नहीं हैं. हालांकि अदालत ने तुरंत राहत देने से इनकार करते हुए गोवा पुलिस से जबाव मांगा है. याचिका पर गुरुवार को आगे सुनवाई की संभावना है.
गोवा के क्लब में आग लगी तो भाग गए विदेश
गोवा के नाइटक्लब में आग लगने से 25 लोग जिंदा जलकर मारे गए थे. इनमें 20 कर्मचारी और 5 टूरिस्ट बताए गए हैं. इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद क्लब के मालिक सौरभ और गौरव लूथरा कुछ घंटे बाद ही इंडिगो की फ्लाइट लेकर दिल्ली से थाईलैंड भाग गए थे. पुलिस ने उनके खिलाफ इंटरपोल से ब्लू नोटिस जारी करवा दिया है.
पुलिस बोली, केस ट्रायल के लायक नहीं
कोर्ट में सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की तरफ से कहा गया कि ये मामला ट्रायल के लिए उपयुक्त नहीं है. गोवा पुलिस ने क्लब के पार्टनर अजय गुप्ता को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जिसने गिरफ्तारी से बचने के लिए रीढ़ की हड्डी में चोट होने का नाटक किया था. हालांकि ये चाल काम नहीं आई और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. गुप्ता के अलावा गिरफ्तार क्लब के चार मैनेजरों को भी गिरफ्तार किया गया है.














