- संसद के विशेष सत्र में सोमवार को परिसीमन बिल पेश किया जाएगा, डीएमके इसका समर्थन कर रही है
- डीएमके चीफ स्टालिन ने कहा कि उनकी जो मांगे थीं, वे इस नए बिल में शामिल की गई हैं
- नए बिल के तहत, सभी राज्यों में लोकसभा की 50-50% सीटें बढ़ेंगी, तमिलनाडु में सीटें बढ़कर 59 हो जाएंगी
संसद के विशेष सत्र में सोमवार को लोकसभा में परिसीमन बिल पेश किया जाएगा. इससे एक दिन पहले कांग्रेस ने रुठों को मनाने की कोशिश तेज कर दी है. हालांकि, अब तक ये कोशिश नाकाम ही दिख रही है.
रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और ममता बनर्जी समेत इंडिया ब्लॉक के कई नेताओं ने चेन्नई पहुंचकर तमिलनाडु के पूर्व सीएम और डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन से बात की.
हालांकि, स्टालिन नहीं माने. यह वही स्टालिन हैं जिन्होंने अप्रैल में काले कपड़े पहनकर परिसीमन बिल की कॉपी जलाई थी. लेकिन अब स्टालिन बिल का समर्थन कर रहे हैं. लोकसभा में डीएमके के 22 सांसद हैं.
इंडिया ब्लॉक के नेताओं से मुलाकात के बाद स्टालिन ने X पर पोस्ट कर बता दिया है कि उनकी पार्टी परिसीमन बिल का समर्थन क्यों कर रही है. उन्होंने बताया कि उनकी जो चिंताएं थीं, उसे इस बिल में दूर कर दिया गया है, इसलिए उनकी पार्टी इसका समर्थन कर रही है.
क्या बोले स्टालिन?
स्टालिन ने X पर पोस्ट कर लिखा कि 'सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, ममता बनर्जी, एमए बेबी और तीन राज्यों के मुख्यमंत्रियों सहित कई नेताओं ने मुझसे मुलाकात की और परिसीमन बिल को लेकर अपनी मांगें और चिंताएं रखीं.'
उन्होंने कहा, 'मैंने उन्हें बताया कि डीएमके ने शुरुआत से ही जो मांगें उठाई थीं, वे नए परिसीमन बिल में शामिल की गई हैं. उन्होंने इस बात को माना लेकिन साथ ही कुछ अन्य मुद्दे भी उठाए. अगर यह बिल संसद में गिर जाता है तो हम तमिलनाडु के लिए उपलब्ध न्यूनतम सुरक्षा भी खो देंगे.'
उन्होंने कहा कि 'जनवरी 2027 में गठित होने वाले परिसीमन आयोग में दक्षिणी राज्यों के साथ होने वाले अन्याय को रोकने के लिए हमारे पास संसद में पर्याप्त संख्या बल नहीं होगा.'
स्टालिन ने समर्थन के गिनाए 3 कारण
स्टालिन ने अपनी पोस्ट में तीन कारण भी बता दिए हैं कि क्यों उनकी पार्टी इसका समर्थन कर रही है.
- पहला कारण: 1971 के बाद किसी भी जनगणना को आधार बनाकर परिसीमन किया गया, तो तमिलनाडु का प्रतिनिधित्व और उसकी राजनीतिक ताकत घट जाएगी.
- दूसरा कारण: दक्षिण भारत के राज्यों की पार्टियों के लिए यह अस्तित्व की लड़ाई है. इस विधेयक का समर्थन करने के अलावा हमारे पास कोई दूसरा रास्ता नहीं है. मुझसे मिलने आए दलों के पास भी कोई वैकल्पिक योजना नहीं है.
- तीसरा कारण: संसद में हमारे पास मौजूद संख्या बल का इस्तेमाल करते हुए हमने अगले 25 सालों तक तमिलनाडु की राजनीतिक ताकत को सुरक्षित रखने का काम किया है. इस मामले में जोखिम उठाने या भावनाओं में बहकर फैसला लेने की कोई गुंजाइश नहीं है.
यह भी पढ़ें | मोदी सरकार को परिसीमन बिल पर तीन दिन में मिला 6 दलों का साथ, 38 सांसदों का समर्थन बढ़ा, INDIA ब्लॉक में हलचल
Photo Credit: IANS
डीएमके आखिर क्यों मान गई?
लोकसभा सीटों के परिसीमन पर इंदिरा गांधी की सरकार ने ही रोक लगा दी थी. इस रोक की वजह दक्षिण के राज्यों का विरोध ही था. इसके बाद अटल सरकार ने भी इस रोक को 25 साल के लिए बढ़ाया.
इस साल अप्रैल में जब मोदी सरकार ने परिसीमन बिलको पेश किया था, तब भी दक्षिण के राज्यों ने इसका विरोध किया. सबसे ज्यादा विरोध तमिलनाडु में ही होता है.
लेकिन अब चीजें बदल गई हैं. अप्रैल में डीएमके ने बिल के खिलाफ वोटिंग की थी. लेकिन अब उनकी पार्टी इस बिल का समर्थन करने जा रही है. ऐसे में सवाल उठता है कि 9 महीनों में ऐसा क्या बदल गया कि स्टालिन इसके समर्थन में आ गई?
पहला: डीएमके की एक मांग ये थी कि किसी भी हाल में लोकसभा में तमिलनाडु की सीटों में 7.18% हिस्सेदारी में कमी नहीं होनी चाहिए.
बिल में क्या है: बिल में साफ है कि सभी राज्यों में लोकसभा सीटें 50-50% ही बढ़ेंगी. इससे किसी भी राज्य का लोकसभा में प्रतिनिधित्व अभी जितना है, उतना ही रहेगा.
दूसरा: डीएमके दूसरी मांग थी कि 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच संसद में प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात बनाया रखा जाए.
बिल में क्या है: बिल में साफ है कि परिसीमन 1971 की जनगणना के आधार पर ही होगा, ताकि 50% बढ़ोतरी के बाद भी आनुपातिक हिस्सा वही बना रहे.
यह भी पढ़ें | परिसीमन में PoK का भी इंतजाम, बिल पास हुआ तो क्या होगी आगे की प्रक्रिया? महिला आरक्षण भी इसी के भरोसे
Photo Credit: IANS
तमिलनाडु को फायदा होगा इससे
अप्रैल में जो परिसीमन बिल पेश किया गया था, उस बिल को सरकार वापस लेने वाली है. उसकी जगह अब नया बिल पेश किया जाएगा.
डीएमके का पहला विरोध इस पर था कि आबादी के आधार पर सीटों के परिसीमन से दक्षिणी राज्यों का राजनीतिक महत्व कम हो सकता है. इन राज्यों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, फैमिली प्लानिंग और सामाजिक विकास पर ध्यान दिया है, जिस कारण उत्तर की तुलना में यहां आबादी बढ़ने की रफ्तार धीमी रही है.
अब नए बिल के तहत, सभी राज्यों में लोकसभा सीटों को 50% तक बढ़ाने का प्रस्ताव है, जबकि सदन में उनकी मौजूदा हिस्सेदारी को बरकरार रखा जाएगा.
बिल में 1971 की जनगणना के आधार पर सीटों का आवंटन अगले 25 सालों तक फ्रीज रखने का प्रस्ताव भी है. इसका मतलब हुआ कि अगर परिसीमन हुआ तो सीटों की संख्या 2051 तक इतनी ही रहेगी.
अभी तमिलनाडु में 39 लोकसभा सीटें हैं. इस हिसाब से सदन में तमिलनाडु की हिस्सेदारी लगभग 7.18% है. डीएमके सांसद ए. राजा ने बताया कि नए बिल के तहत उनका हिस्सा घटने के बजाय बढ़कर 7.21% हो जाएगा.
यह भी पढ़ें | परिसीमन बिल पर तैयारियां तेज, लोकसभा में सोमवार को कब क्या होगा; आया पूरा एजेंडा
फिर कांग्रेस मनाने क्यों गई?
डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन को मनाने के लिए इंडिया ब्लॉक की पूरी टीएम उतर गई. सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, ममता बनर्जी समेत तीन राज्यों के मुख्यमंत्री चेन्नई पहुंचे.
सबने मिलकर स्टालिन को मनाने-समझाने की कोशिश की लेकिन स्टालिन माने नहीं. इस मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने कहा कि स्टालिन से मुलाकात अच्छी हुई. उन्होंने इस बिल को तमिलनाडु के खिलाफ बताया.
राहुल ने कहा, 'स्टालिन के साथ हमारी अच्छी बातचीत हुई. हमने उनके सामने अपना नजरिया रखा. हमारा मानना है कि परिसीमन के जरिए 850 सीटों वाली संसद बनाना और इसमें भाजपा को इन 850 सीटों का स्वरूप पूरी तरह से तय करने की छूट देना, न केवल भारत के लिए, बल्कि दक्षिण भारत और खासतौर पर तमिलनाडु के लिए भी नुकसानदेह है.'
उन्होंने कहा कि 'भाजपा ने इसे पहले ही असम में आजमा लिया है. उसने इसे जम्मू-कश्मीर में भी आजमाया है और अब वह इसे पूरे भारत में लागू करना चाहती है. इसलिए हमने स्टालिन भाई से अनुरोध किया कि उन्हें तमिलनाडु की रक्षा करनी चाहिए और सुनिश्चित करना चाहिए कि भाजपा की यह गंदी चाल कामयाब न हो पाए.'
राहुल ने आरोप लगाया कि 'आरएसएस तमिल विरोधी ताकत है. आरएसएस तमिल सभ्यता, तमिल भाषा और तमिल संस्कृति से नफरत करता है. वह इसे खत्म करना चाहता है. इसलिए हम सबसे कह रहे हैं कि भाजपा को अपने मंसूबों में कामयाब न होने दें.'
उन्होंने बताया कि हमने स्टालिन से कहा कि यह तमिल संस्कृति, तमिल भाषा, तमिल लोगों और भारत के लिए एक खतरा है और स्टालिन को सभी देशभक्त लोगों की तरह इस खतरे के खिलाफ खड़ा होना चाहिए.
यह भी पढ़ें | परिसीमन की पूरी तैयारी, क्या अब 2029 में एक देश एक चुनाव की आएगी बारी?
डीएमके का समर्थन क्यों मायने रखता है?
परिसीमन बिल संविधान संशोधन बिल है, इसलिए अनुच्छेद 368 के तहत इसे पास करवाने के लिए दो तिहाई बहुमत जरूरी है.
लोकसभा में डीएमके के 22 हैं और राज्यसभा में 8 सांसद हैं. ऐसे में, संवैधानिक बाधा को पार करने के लिए जरूरी संख्या जुटाने की कोशिश कर रही सरकार के लिए डीएमके का समर्थन राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण हो जाता है.
एनडीए के पास लोकसभा में लगभग 320 सांसद हैं, और जरूरी बहुमत हासिल करने के लिए सत्ताधारी गठबंधन के बाहर के दलों का समर्थन अहम साबित हो सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं