दिल्ली-रेवाड़ी से जयपुर के बीच 191 किलोमीटर की नई रेल लाइन बनाने की तैयारी तेज हो गई है. रेलवे बोर्ड ने नए रेल मार्ग के लिए डीपीआर और फाइनल लोकेशन सर्वे की मंजूरी दे दी है. बीजेपी के जयपुर से सांसद राव राजेंद्र सिंह ने बुधवार को इस मुद्दे को लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की. ये नई रेल लाइन सीधे तौर पर हरियाणा और राजस्थान के कई बड़े औद्योगिक क्षेत्रों को जोड़ेगी, जो अभी सीधे रेल नेटवर्क से कनेक्ट नहीं थे. यह रेल लाइन रेवाड़ी जंक्शन से शुरू होगी और राजस्थान के शाहजहांपुर, नीमराणा, बहरोड़, कोटपूतली, पावटा-प्रागपुरा, शाहपुरा होते हुए सीधे जयपुर तक जाएगी. दिल्ली से जयपुर के लिए अलवर-बांदीकुई के पुराने रेल रूट की जगह ये नया वैकल्पिक रेल कॉरिडोर तैयार होगा.
दिल्ली-रेवाड़ी-जयपुर रेल लाइन का पूरा रूट
दिल्ली-रेवाड़ी से जयपुर के रेल यात्रियों को अभी के रेल रूट पर भारी ट्रैफिक झेलना पड़ता है, जिससे ट्रेनें लेटलतीफी का शिकार होती हैं. वाया नीमराणा-कोटपूतली के नए रूट से ट्रेनों की लेटलतीफी खत्म होगी. रेलयात्रा के समय में 1 से 1.5 घंटे की बचत होगी. नीमराणा दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का हिस्सा है. अभी यहां कोई सीधी रेल कनेक्टिविटी नहीं थी. नई रेल लाइन से नीमराणा की कंपनियों और कोटपूतली के बड़े सीमेंट उद्योग को कच्चा माल लाने, ले जाने के लिए सस्ता और तेज रास्ता मिलेगा. इससे ट्रकों से ढुलाई की भारी लागत भी कम होगी.
राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र को बड़ा फायदा
ये नया रेल रूट दिल्ली-जयपुर के यात्रियों के साथ तीन राज्यों को फायदा पहुंचाएगा. दिल्ली से हरियाणा के रेवाड़ी जिले, राजस्थान में जयपुर, गुजरात के अहमदाबाद और महाराष्ट्र में मुंबई की लंबी दूरी की ट्रेनों को एक वैकल्पिक रूट मिलेगा. इससे रेल ट्रैफिक का परिचालन बेहद आसान हो जाएगा. लोगों को रोजगार और पढ़ाई के लिए दिल्ली-जयपुर आना-जाना बहुत आसान हो जाएगा. दिल्ली से रेवाड़ी लाइन के जरिये जयपुर, अहमदाबाद और मुंबई की राजधानी, तेजस जैसी लंबी दूरी की ट्रेनों को एक वैकल्पिक और सुपरफास्ट रूट मिल जाएगा.
जयपुर सांसद ने रेल मंत्री से की मुलाकात
बीजेपी सांसद राव राजेंद्र सिंह ने ट्वीट कर जानकारी दी कि दिल्ली-रेवाड़ी से जयपुर तक नई रेल लाइन निर्माण की डीपीआर पर उनकी रेल मंत्री से चर्चा हुई. DPR बनते ही नई रेल लाइन परियोजना को मंजूरी मिल जाएगी. जयपुर-रींगस रेल सेक्शन पर प्रस्तावित रेलवे स्टेशन सुंदरपूरा के अलावा बधाल रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के लिए भी उन्होंने रेल मंत्री से अनुरोध किया.
बधाल से खाटूश्याम के देशभर के लाखों श्रद्धालुओं को बड़ा लाभ मिलेगा. किशनगढ़-रेनवाल, नरैना और सांभरलेक समेत जयपुर ग्रामीण स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव को लेकर भी चर्चा हुई.
रेल मंत्रालय ने आसलपुर-जोबनेर लाइन पर 4 लेन की ROB के लिए बजट मंजूरी मिल गई है.
ये भी पढ़ें - 31 अक्टूबर को मिलेगी 5 नई ट्रेनों की सौगात! दिवाली छठ पर जाने वाले जल्दी देखें वंदे भारत स्लीपर समेत सभी ट्रेनों का रूट
दिल्ली-रेवाड़ी-जयपुर रेल लाइन डबल ट्रैक होगी
दिल्ली-रेवाड़ी-जयपुर रेल लाइन का रूट दिल्ली के सराय रोहिल्ला, दिल्ली कैंट से शुरू होगा और गुरुग्राम, रेवाड़ी, अलवर, बांदीकुई से जयपुर तक जाता है. दिल्ली से इसकी लंबाई लगभग 308 किमी तक होगी. यह पूरा रूट पूरी तरह से दोहरी रेल लाइन और इलेक्ट्रिक होगी.इस पर हाईस्पीड एलएचबी कोच और ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नल का विस्तार होगा. इस रूट पर दिल्ली-अजमेर वंदे भारत एक्सप्रेस, दिल्ली-जयपुर डबल डेकर, शताब्दी और आश्रम एक्सप्रेस जैसी कई सुपरफास्ट ट्रेनें हैं. इसी रूट के समानांतर रेवाड़ी-फुलेरा होते हुए वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर गुजरता है. इससे मालगाड़ी का भारी ट्रैफिक मेन पैसेंजर लाइन से अलग रहेगा.
यात्री ट्रेनों की लेटलतीफी घटेगी
मालगाड़ियों के वेस्टर्न फ्रेट कॉरिडोर पर शिफ्ट होने से दिल्ली-रेवाड़ी-जयपुर ट्रैक खाली हो गया है. इससे दिल्ली से अहमदाबाद, राजकोट, सूरत और मुंबई, पुणे तक जाने वाली लंबी दूरी की यात्री ट्रेनों को तेज ट्रैक मिलता है. भविष्य में नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें चलना आसान हो गया है. दिल्ली-रेवाड़ी-जयपुर लाइन DMIC प्रोजेक्ट का हिस्सा है. इससे हरियाणा के मानेसर, बावल होते हुए राजस्थान के नीमराना, भिवाड़ी के जरिये गुजरात के साणंद, धोलेरा तक कनेक्टिविटी देते हैं.
दिल्ली-अहमदाबाद-मुंबई हाईस्पीड रेल नेटवर्क
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट को उत्तर भारत से जोड़ने के लिए दिल्ली-अहमदाबाद हाईस्पीड रेल कॉरिडोर की योजना इसी रूट यानी दिल्ली-गुरुग्राम-रेवाड़ी-जयपुर-उदयपुर-अहमदाबाद के समानांतर बनी है. इससे मुंबई से दिल्ली का सफर बुलेट ट्रेन के जरिए मात्र 8 से 9 घंटे में तय होगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं