- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने असम में चुनावी रैली के दौरान RSS‑BJP की तुलना सांपों से की थी
- भाजपा ने खरगे के इस बयान को आपत्तिजनक बताते हुए कड़ी निंदा की और राजनीतिक माहौल खराब करने की बात कही
- भाजपा नेता रंजीव कुमार शर्मा ने खरगे के खिलाफ राज्य कार्यालय के पास पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के एक बयान को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है. दरअसल खरगे ने असम में एक चुनावी रैली के दौरान RSS‑BJP की तुलना सांपों से की थी, जिस पर BJP ने कड़ा विरोध जताया है. इस बयान के बाद BJP नेता रंजीव कुमार शर्मा ने कांग्रेस अध्यक्ष खरगे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. यह शिकायत BJP के राज्य कार्यालय के पास स्थित पुलिस थाने में दी गई है. भारतीय जनता पार्टी का कहना है कि चुनावी मंच से दिया गया यह बयान आपत्तिजनक है और इससे राजनीतिक माहौल को नुकसान पहुंचता है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले को दर्ज कर लिया है और आगे की प्रक्रिया जारी है.
गिरिराज सिंह का खरगे पर निशाना
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे के बीजेपी और आरएसएस को लेकर दिए गए विवादित बयान को लेकर सियासत गरम है. इस बीच केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि जब तक देश में बीजेपी और आरएसएस है तब तक देश में दहशतगर्दों के लिए कोई जगह नहीं है. गिरिराज सिंह ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपने कार्यकाल में देश को खूब लूटा है और आज इस तरह की बात कर रहे हैं. उनका बयान ये दिखाता है कि वो परेशान हो गए हैं और देश की जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं. ये नमाज पढ़ने वालों के साथ रहते हैं, इसीलिए इस तरह का विवादित बयान देते हैं.
ये भी पढ़ें : असम में चुनाव प्रचार खत्म होने से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका, खरगे की रैली के दौरान दिग्गज नेता का इस्तीफा
खरगे के किस बयान पर गरमाया मामला
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक चुनावी रैली में आरएसएस और भारतीय जनता पार्टी को जहरीला सांप बताया और लोगों से उसे कुचलने की अपील की थी. चुनावी रैली में खरगे ने कहा, 'कुरान शरीफ में साफ लिखा है, नमाज पढ़ते वक्त भी अगर कोई जहरीला सांप सामने आ जाए तो नमाज छोड़ दो और पहले उस सांप को मार दो. आज आरएसएस और भाजपा वही सांप हैं. अगर आप उन्हें नहीं मारोगे, तो बचोगे नहीं.'
ममता बनर्जी पर भी बोला हमला
इसके साथ ही पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि वह चुनाव जीतने के लिए भ्रम फैला रही हैं. उनको भी पता है कि राज्य सरकार ने कुछ काम नहीं किया है और जनता उनके साथ नहीं है, इसीलिए ममता बनर्जी एसआईआर को लेकर भ्रम फैला रही हैं. आने वाले समय में जनता इनको जवाब देने के लिए तैयार बैठी है. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल का हाल बहुत खराब हो गया है, जनता की समस्याओं को नहीं सुना जा रहा है और बाहरी लोगों को राज्य में प्रवेश दिया जा रहा है. लोग सोचते थे कि बाहरी लोग चुनाव जीता देंगे, लेकिन उनको यह नहीं पता कि इससे कुछ नहीं होने वाला है, एसआईआर ने उनको मतदान करने का अधिकार छीन लिया है.
(आईएएनएस इनपुट्स के साथ)














