- कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी पर 3 देशों के पासपोर्ट रखने का आरोप लगाया है.
- हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस के आरोपों को निराधार और चुनावी हताशा का परिणाम बताते हुए पूरी तरह खारिज किया है.
- सरमा ने कहा कि वे अगले 48 घंटों में पवन खेड़ा के खिलाफ आपराधिक और दीवानी मानहानि के मुकदमे दायर करेंगे.
असम विधानसभा चुनाव की दहलीज पर खड़ा है और राज्य का सियासी पारा अपने चरम पर पहुंच गया है. रैलियों और जनसभाओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर इतना तीखा हो गया है कि अब हमले व्यक्तिगत स्तर तक जा पहुंचे हैं. कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर सीधा हमला बोलते हुए एक गंभीर और चौंकाने वाला दावा किया. खेड़ा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की पत्नी के पास तीन अलग-अलग देशों के पासपोर्ट हैं, जो न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी बड़ा सवाल है.
कांग्रेस के इन तीखे तेवरों पर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी उतनी ही तेजी से पलटवार किया है. उन्होंने पवन खेड़ा के सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार और चुनावी हताशा करार देते हुए खारिज कर दिया.
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने एक्स पोस्ट में कहा, 'पवन खेड़ा की आज की प्रेस कॉन्फ्रेंस कांग्रेस पार्टी के भीतर गहरे असंतोष और घबराहट को दर्शाती है. जैसे-जैसे असम एक ऐतिहासिक जनादेश की ओर निर्णायक रूप से आगे बढ़ रहा है, इस तरह के हताश और बेबुनियाद हमले केवल उनके कमज़ोर होते जनाधार को ही उजागर करते हैं.
हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि मैं उनके द्वारा लगाए गए हर आरोप को पूरी तरह से खारिज करता हूं. ये दुर्भावनापूर्ण, मनगढ़ंत और राजनीतिक रूप से प्रेरित झूठ हैं, जिनका मकसद असम की जनता को गुमराह करना है.
सरमा ने कहा कि मेरी पत्नी और मैं अगले 48 घंटों के भीतर श्री पवन खेड़ा के खिलाफ आपराधिक और दीवानी, दोनों तरह के मानहानि के मुकदमे दायर करेंगे. उनके इन गैर-जिम्मेदाराना और मानहानिकारक बयानों के लिए उन्हें पूरी तरह से जवाबदेह ठहराया जाएगा. मुझे न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है. एक बार जब अदालत में सच्चाई साबित हो जाएगी, तो पवन खेड़ा को अपने कृत्यों का परिणाम भुगतना पड़ेगा, और कानून अपना काम करेगा.
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का एक्स पोस्ट
कांग्रेस के प्रोपेगैंडा का पर्दाफाश हो गया है और इसमें गंभीर विसंगतियां सामने आई हैं. जो दस्तावेज सर्कुलेट किए जा रहे हैं, उनमें साफ़ तौर पर कई गड़बड़ियां दिखती हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह डिजिटल हेरफेर की एक कच्ची और असफल कोशिश है.
सबसे पहले, सरनेम में बेमेल पाया गया है- आधिकारिक रूप से “SHARMA” की जगह “SARMA” लिखा गया है. इसके अलावा इस्तेमाल की गई फोटो किसी मानक बायोमेट्रिक कैप्चर की बजाय सार्वजनिक रूप से उपलब्ध तस्वीर प्रतीत होती है.
UAE ID में भी कई अनियमितताएं हैं. ID नंबर का क्रम जन्म वर्ष के अपेक्षित पैटर्न से मेल नहीं खाता, वहीं राष्ट्रीयता Egypt दर्ज की गई है, जबकि MRZ में किसी अन्य देश का कोड दिखाई देता है.
Antigua & Barbuda पासपोर्ट में प्रिंटेड फील्ड और MRZ के बीच एक्सपायरी डेट में बेमेल है. वहीं Egypt पासपोर्ट में भी गंभीर त्रुटियां सामने आई हैं, जहां प्रिंटेड फ़ील्ड और MRZ के बीच पासपोर्ट नंबर मेल नहीं खाता. इसके साथ ही “Egyptiann” जैसी स्पेलिंग की गलतियां और अरबी संदर्भों में भी त्रुटियां पाई गई हैं.
इसके अलावा, टाइटल डीड में दिया गया QR कोड अमान्य प्रतीत होता है और किसी भी वास्तविक रिकॉर्ड से उसका मिलान नहीं हो पा रहा है. ये सभी विसंगतियां स्पष्ट रूप से किसी मनगढ़ंत कहानी या डिजिटल हेरफेर की ओर इशारा करती हैं. सच की जीत होगी. जो लोग गलत जानकारी फैला रहे हैं, उन्हें जवाब देना होगा. मुझे पूरा विश्वास है कि पवन खेड़ा का झूठ का अभियान अब अपने अंत के करीब है.
ये भी पढ़ें : गरीब पाकिस्तान का अजीब जुगाड़... दुकान खुलने का समय बदलकर बचाएगा बिजली! मंत्री ने की वकालत














