- अशोक खरात को अदालत ने दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है, वह एक अप्रैल तक हिरासत में रहेगा.
- अभियोजन पक्ष के वकील ने कहा कि फॉरेंसिक लैब से खरात के मोबाइल डेटा की 'क्लोन कॉपी' प्राप्त हो चुकी है.
- शक है कि खरात ने कई रसूखदार लोगों और राजनेताओं के नंबर 'डमी' यानी फर्जी नामों से सेव कर रखे थे.
मर्चेंट नेवी कैप्टन से ज्योतिषी बने ढोंगी बाबा अशोक खरात को अदालत ने दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है. आरोपी खरात अब एक अप्रैल तक पुलिस हिरासत में रहेगा. इस मामले में अभियोजन पक्ष के वकील ने अदालत में कहा कि उन्हें मोबाइल डेटा की कॉपी मिल गई है. हालांकि आरोपी के मोबाइल की विस्तृत जांच अभी भी बाकी है. साथ ही उन्होंने अदालत को बताया कि आरोपी खरात जांच में सहयोग नहीं कर रहा है. इसके चलते पुसि को जांच में परेशानी हो रही है. आरोपी खरात पर रेप और महिलाओं के यौन शोषण का आरोप है.
अभियोजन पक्ष के वकील ने अदालत में कहा कि फॉरेंसिक लैब से आरोपी अशोक खरात के मोबाइल डेटा की 'क्लोन कॉपी' प्राप्त हो चुकी है. शक है कि खरात ने कई रसूखदार लोगों और राजनेताओं के नंबर 'डमी' यानी फर्जी नामों से सेव कर रखे थे. अब इन क्लोन कॉपियों के जरिए उन असली चेहरों की पहचान की जाएगी. साथ ही उन्होंने अदालत को बताया कि खरात जांच में बिल्कुल सहयोग नहीं कर रहा है, जिससे उसकी बेनामी संपत्तियों की जानकारी जुटाने में पुलिस को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
ये भी पढ़ें: कौन मंत्री बनेगा? ये तक तय करता था अशोक खरात! NCP नेता के आरोप से बढ़ी हलचल
रेप के आरोप के बाद अशोक खरात को किया था गिरफ्तार
नासिक जिले के सिन्नर तहसील के मीरगांव में एक मंदिर ट्रस्ट के प्रमुख खरात पर एक महिला ने तीन साल की अवधि में उसके साथ कई बार बलात्कार करने का आरोप लगाया था, जिसके बाद उसे 18 मार्च को गिरफ्तार किया गया था.
इसके बाद सात महीने की एक गर्भवती महिला के कथित यौन शोषण और एक अन्य महिला को दोबारा शादी कराने का झांसा देकर उसका शोषण किये जाने के आरोप में खरात के खिलाफ मामले दर्ज किए गए.
जांच एजेंसी को 276 आपत्तिजनक रिकॉर्डिंग मिली
अशोक खरात से जुड़े मामले में विशेष जांच दल (SIT) को जांच के दौरान बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक वीडियो सामग्री हाथ लगी है. सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी को कुल 276 वीडियो मिले हैं, जिनमें कई युवतियों और महिलाओं से जुड़ी आपत्तिजनक रिकॉर्डिंग शामिल बताई जा रही है. साथ ही सूत्रों ने बताया था कि आरोपी ने अपने कुकृत्यों को 'विधि का विधान' बताया था और कहा कि उसके अंतर्मन ने उसे धोखा दिया और जिन महिलाओं का उसने भला किया था, वही उसके खिलाफ खड़ी हो गईं.














