- सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी विधानसभा चुनाव में कोई नया गठबंधन नहीं होगा और मौजूदा गठबंधन जारी रहेगा
- अखिलेश यादव ने भाजपा पर चुनावी मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी करने का आरोप लगाया
- अखिलेश यादव ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का समर्थन किया और योगी सरकार को नकली संत बताकर आलोचना की
अगले साल होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बड़ा बयान दिया है. जयपुर पहुंचे अखिलेश यादव ने कहा है कि उनकी पार्टी किसी नए दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी. उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में जो गठबंधन है, वही विधानसभा चुनाव में भी काम करेगा. वर्तमान में समाजवादी पार्टी इंडिया अलायन्स का हिस्सा है और यूपी में कांग्रेस से उसका गठबंधन है. उन्होंने ये भी साफ किया कि सपा का राजस्थान में चुनाव लड़ने का फिलहाल कोई इरादा नहीं है.
'जो गठबंधन है वही आगे जारी रहेगा'
राजस्थान के जयपुर में विजन इंडिया के कार्यक्रम में पहुंचे अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने अलग-अलग समय में कई पार्टियों से गठबंधन किया है और हमारे पास गठबंधन का काफी अनुभव है. उन्होंने कहा कि फिलहाल यही कह सकता हूं कि जो गठबंधन मौजूदा समय में है, वही आगे भी जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि बीजेपी के खिलाफ इस बार गठबंधन नहीं, बल्कि समुदाय मुकाबला करेगा. ये समुदाय पीडीए समुदाय होगा.
'BJP ने बड़े पैमाने पर की गड़बड़ी'
यूपी में एसआईआर के बाद जारी अंतिम मतदाता सूची के ग्रामीण इलाकों के बजाय शहरी इलाके में ज्यादा नाम कटने पर अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी ने बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की साजिश रची थी. हालांकि तमाम राज्यों से आते-आते यूपी में उसकी गणित फेल हो गई. उनका दावा है कि समाजवादी पार्टी के पीडीए प्रहरियों ने पूरी प्रक्रिया पर पैनी निगाह रखी, जिससे बीजेपी की साजिश को ज्यादा कामयाब नहीं होने दिया.
अविमुक्तेश्वरानंद मामले पर क्या बोले अखिलेश?
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद मामले पर भी अपनी बात रखी और कहा कि अविमुक्तेश्वरानंद नकली संतों से संघर्ष कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि जो लोग दूसरों से प्रमाण मांग रहे हैं, उनके पास खुद कोई प्रमाण नहीं है. सीएम योगी पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने उन्हें नकली संत बताया और कहा कि समाजवादी पार्टी स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का सम्मान करती है और आगे भी उनका आशीर्वाद लेती रहेगी.\
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान से लिंक, भारत विरोधी गतिवधि और कट्टरपंथी ग्रुप से जुड़ाव, दिल्ली पुलिस ने भुवनेश्वर से युवक को दबोचा
जयपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि फिल्म धुरंधर के जरिए विपक्ष को घेरने की कोशिश की गई है. बीजेपी से जुड़े हुए लोग काल्पनिक बातों को फिल्मों के जरिए वास्तविकता की तरह पेश करते हैं लेकिन जनता ने धुरंधर का जवाब धुआंधार से दे दिया. अब तो लगता है कि नकली संत पर भी कोई वेब सीरीज बन जाएगी. बिहार के सीएम नीतीश कुमार को लेकर अखिलेश यादव ने आज फिर से बीजेपी पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि बीजेपी ने नीतीश कुमार का डिमोशन करते हुए उन्हें रिटायरमेंट की राह पकड़ाई है.
यह भी पढ़ें: हजारों घर खरीदारों से 2000 करोड़ की ठगी, ED की रडार पर 'अर्थ ग्रुप', 10 ठिकानों पर छापेमारी













