- देश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया है.
- हिमाचल, गुजरात और कोंकण क्षेत्र में मार्च के पहले सप्ताह में हीट वेव और सीवियर हीट वेव की स्थितियां बनीं.
- अहमदाबाद में बारह से तेरह मार्च के बीच अधिकतम तापमान चालीस डिग्री तक पहुंचने की संभावना है.
देश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया. उत्तर भारत, उत्तर-पूर्व भारत और उनसे जुड़े मध्य भारत के अनेक क्षेत्रों में तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक सामान्य से अधिक रहा, जबकि उत्तर-पूर्व, पूर्व भारत और सटे हुए मध्य भारत में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया. इसी सप्ताह मौसम के इस सीजन की पहली हीट वेव उत्तर भारत में देखी गई.
हीट वेव से लेकर सीवियर हीट वेव तक की स्थितियां हिमाचल प्रदेश में 7 से 11 मार्च तक, गुजरात में 10 और 11 मार्च को तथा कोंकण क्षेत्र में 11 मार्च को दर्ज हुईं. हीट वेव कंडीशन 6 मार्च को कोंकण, 7 मार्च को तटीय आंध्र प्रदेश और 8 से 11 मार्च के बीच विदर्भ के कुछ हिस्सों में दर्ज की गई. इसके अलावा गुजरात और कोंकण के तटीय इलाकों में 6 मार्च को गर्म और उमसभरी स्थिति (हॉट एंड ह्यूमिड) भी देखी गई.
गुजरात के अहमदाबाद में 12 और 13 मार्च से भीषण गर्मी शुरू होने वाली है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सुबह 8:30 बजे से शहर में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है. अगले सात दिनों तक अधिकतम तापमान 37 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री के आसपास रहेगा.
मौसम विभाग के अनुसार, 12 मार्च से 13 मार्च की सुबह तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है. इसके बाद 13 मार्च से 19 मार्च तक गर्मी का दौर जारी रहेगा. तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने से शहरवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. हीटवेव की स्थिति में लू लगने का खतरा बढ़ जाता है, जिससे सिरदर्द, चक्कर आना, उल्टी, थकान और गंभीर मामलों में बेहोशी जैसी समस्याएं हो सकती हैं.
लाहौल और स्पीति में बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश के लाहौल और स्पीति जिले के ऊंचे इलाकों में कुछ अलग-थलग क्षेत्रों में बृहस्पतिवार को एक बार फिर बर्फबारी हुई, जबकि निचले पहाड़ी क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश हुई. जिस्पा, दारचा और शिंकुला में बर्फबारी हुई, वहीं हंसा में 2.5 सेंटीमीटर बर्फ दर्ज की गई. इस बीच, शिमला मौसम विभाग के अनुसार, भरमौर में 12 मिमी, गोंडला में 6.2 मिमी, केलांग में चार मिमी, भुंतर और धर्मशाला में दो मिमी, कुकुमसेरी और कांगड़ा में 1.3 मिमी, जोत में एक मिमी और कल्पा में 0.4 मिमी बारिश दर्ज की गई.
13 और 14 मार्च को हीट वेव की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार पहले सप्ताह में उत्तर-पश्चिम भारत, पूर्व भारत, अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, कोस्टल कर्नाटक, कोंकण–गोवा और गुजरात के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है. इसी वजह से सौराष्ट्र और कच्छ में 13 मार्च को हीट वेव की स्थिति बन सकती है. गुजरात 13 मार्च, हिमाचल प्रदेश और उत्तरी कोंकण–गोवा में 13 और 14 मार्च को हीट वेव की संभावना है. दक्षिण-पश्चिम प्रदेश के कुछ इलाकों में भी 13 मार्च को हीट वेव या सीवियर हीट वेव की स्थिति बन सकती है.
दूसरे सप्ताह में अधिकतम तापमान उत्तर भारत, उत्तर-पूर्व भारत और पूर्व भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य से अधिक रह सकता है, जबकि अच्छी वर्षा गतिविधि के कारण मध्य भारत और पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें : LPG पर पैनिक फैलाकर देश को नुकसान पहुंचा रहे कुछ लोग, PM मोदी ने कालाबाजारी करने वालों को दी सख्त चेतावनी













