- केरल के अटिंगल में एक निजी गैस एजेंसी से लगभग 500 अवैध LPG सिलेंडर जब्त किए गए हैं.
- देश में LPG की कालाबाजारी रोकने के लिए अब तक 1.31 लाख से अधिक छापे मारे गए हैं.
- 59,000 से अधिक सिलेंडर जब्त, 1000 से अधिक FIR दर्ज और 238 लोग गिरफ्तार किए गए हैं.
देश में LPG की कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए जारी क्रैकडाउन के तहत केरल के नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने तिरुवनंतपुरम के अटिंगल स्थित एक निजी गैस एजेंसी के परिसर से लगभग 500 अवैध रूप से रखे गए गैस सिलेंडर जब्त किए हैं. पेट्रोलियम मंत्रालय के मुताबिक, देश में LPG की कमी के दौरान इसकी कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए केरल में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान ये ज़ब्ती की गयी. केरल सरकार फिलहाल इस मामले की जांच कर रही है.
दरअसल, मध्य पूर्व एशिया में युद्ध की वजह से एलपीजी सप्लाई के मोर्चे पर बढ़ती चुनौती को देखते हुए सरकारी तेल कंपनियों ने देश में LPG की कालाबाज़ारी और जमाखोरी के खिलाफ अभियान तेज़ कर दिया है.
सरकारी आकंड़ों के मुताबिक, अब तक करीब 1.31 लाख से अधिक छापे मारे जा चुके हैं, जिस दौरान 59,000 से अधिक सिलेंडर जब्त किए गए हैं, 1000 से अधिक एफआईआर दर्ज की गई हैं और 238 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. सार्वजनिक तेल और गैस कंपनियों ने अब तक 232 एलपीजी वितरकों पर जुर्माना लगाया है, और सोमवार तक 56 एलपीजी वितरकों को निलंबित किया जा चुका है.
साथ ही, LPG उपभोक्ताओं को PNG नेटवर्क की तरफ शिफ्ट करने के लिए जारी विशेष अभियान के तहत मार्च, 2026 से अब तक लगभग 4.40 लाख PNG कनेक्शनों का गैसीकरण किया जा चुका है, और 4.88 लाख से ज़्यादा उपभोक्ता ने नए कनेक्शनों के लिए पंजीकरण कराया है.
सोमवार तक 33,000 से अधिक एलपीजी उपभोक्ताओं ने MYPNGD.in वेबसाइट के माध्यम से अपने एलपीजी कनेक्शन सरेंडर कर दिए हैं. इस दौरान, देश में 5 किलोग्राम वाले FTL सिलेंडर की बिक्री बढ़ती जा रही है. 23 मार्च 2026 से अब तक 14.3 लाख से अधिक 5 किलोग्राम के एफटीएल सिलेंडर बिक चुके हैं. सोमवार को देशभर में लगभग 1.1 लाख 5 किलोग्राम के एफटीएल सिलेंडर बिके, जबकि फरवरी 2026 में प्रतिदिन औसतन 77000 सिलेंडर बिके थे.
ये भी पढ़ें : 250 रोहिंग्या को तस्करी करके ले जा रहे थे, समुद्र में डूबी नाव, बचे शख्स ने बताई दिल दहला देने वाली कहानी













