Causes Of Blood Sugar Level Increase: ब्लड शुगर बढ़ने की बात आते ही सबसे पहले दिमाग में मीठा खाना, जंक फूड और ज्यादा कार्बोहाइड्रेट का ख्याल आता है. लोग अक्सर यही मानते हैं कि अगर उन्होंने मीठा कम कर दिया तो शुगर अपने आप कंट्रोल हो जाएगी. लेकिन सच्चाई इससे थोड़ी अलग है. कई बार सही डाइट लेने के बावजूद भी ब्लड शुगर बढ़ने लगता है. इसके पीछे शरीर के अंदर चल रही कुछ प्रक्रियाएं और रोजमर्रा की आदतें जिम्मेदार होती हैं. एक्सपर्ट्स का कहना है कि शुगर कंट्रोल करना है तो केवल खानपान नहीं, बल्कि पूरी लाइफस्टाइल को समझना जरूरी है.
तनाव बना सकता है बड़ा कारण
तनाव सिर्फ मानसिक समस्या नहीं है, यह शरीर के हार्मोन को भी प्रभावित करता है. जब आप ज्यादा तनाव में होते हैं, तो शरीर में कोर्टिसोल हार्मोन बढ़ जाता है. यह हार्मोन खून में ग्लूकोज की मात्रा बढ़ा सकता है. लंबे समय तक तनाव रहने पर इंसुलिन का असर भी कम होने लगता है, जिससे शुगर लेवल असंतुलित हो सकता है.
नींद की कमी से बिगड़ता संतुलन
अगर आप रोज 6-7 घंटे की अच्छी नींद नहीं ले रहे हैं, तो इसका असर सीधे ब्लड शुगर पर पड़ता है. नींद की कमी इंसुलिन रेजिस्टेंस को बढ़ाती है. इससे शरीर ग्लूकोज को सही तरीके से इस्तेमाल नहीं कर पाता. धीरे-धीरे यह आदत डायबिटीज का खतरा भी बढ़ा सकती है.
हर एक्सरसाइज में फायदा ही हो, जरूरी नहीं
एक्सरसाइज को शुगर कंट्रोल के लिए जरूरी माना जाता है, लेकिन कुछ स्थितियों में इसका असर उल्टा भी दिख सकता है. हाई इंटेंसिटी वर्कआउट के दौरान शरीर तुरंत ऊर्जा के लिए ज्यादा ग्लूकोज रिलीज करता है. इससे कुछ समय के लिए ब्लड शुगर बढ़ सकता है. हालांकि यह स्थिति अस्थायी होती है.
यह भी पढ़े: बासी रोटी बन सकती है ‘सुपरफूड'? जानिए, एक्सपर्ट्स क्या कहते हैं?
बीमारी के दौरान भी बढ़ सकता है शुगर
जब शरीर किसी संक्रमण या बीमारी से लड़ रहा होता है, तो उसे ज्यादा ऊर्जा की जरूरत होती है. ऐसे में शरीर खून में ज्यादा ग्लूकोज छोड़ता है. यही वजह है कि बुखार या इंफेक्शन के समय शुगर लेवल बढ़ा हुआ दिख सकता है.
हार्मोनल बदलाव को न करें नजरअंदाज
महिलाओं में पीरियड्स और मेनोपॉज के दौरान हार्मोन में बदलाव होता है. इससे इंसुलिन का काम प्रभावित होता है और ब्लड शुगर बढ़ सकता है. यह बदलाव कुछ दिनों तक बना रह सकता है.
किन बातों का रखें ध्यान?
अगर ब्लड शुगर बार-बार बढ़ रहा है, तो केवल खाने को दोष न दें. अपनी नींद, तनाव, एक्सरसाइज और हेल्थ कंडीशन पर भी ध्यान दें. सही समय पर जांच और डॉक्टर की सलाह से शुगर को बेहतर तरीके से कंट्रोल किया जा सकता है.
Video watch: एनेस्थीसिया कैसे सुन्न कर देता है शरीर? क्यों लोग डरते हैं इससे, जानिए इससे जुड़े मिथ्स और फैक्ट्स
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)














