खुद को फिट रखने के लिए लोग अपनी डेली रूटीन में कई तरह के बदलाव करते हैं. कोई सुबह उठकर जिम जाता है, कोई अपनी डाइट में हेल्दी चीजें शामिल करता है, तो कोई शाम को वॉक पर निकल जाता है. वहीं, कुछ लोग रोजाना मेडिटेशन भी करते हैं. जहां हर कोई खुद को स्वस्थ और फिट रखने की कोशिश करता है, वहीं कई लोग इस बात पर ध्यान नहीं देते कि खाना खाने के तुरंत बाद क्या करना चाहिए. '
अगर आप खाना खाने के बाद कुछ अच्छी आदतें अपनाते हैं और अपनी रूटीन में थोड़ा बदलाव करते हैं, तो कई स्वास्थ्य समस्याओं से बच सकते हैं, जो लोग खाना खाते ही बैठ जाते हैं या लेट जाते हैं, उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है, जैसे
- ब्लड शुगर में उतार-चढ़ाव होना
- पाचन तंत्र का ठीक से काम न करना
- मेटाबॉलिज्म प्रभावित होना
ऐसा क्या करें जिससे शरीर फिट रहे?
फोर्टिस मेमोरियल रिसर्च इंस्टीट्यूट, गुरुग्राम के एंडोक्रिनोलॉजी विभाग के निदेशक डॉक्टर अभय इंदरजीत आहलूवालिया का कहना है कि खाना खाने के बाद अपनाई गई छोटी-छोटी अच्छी आदतें लंबे समय तक शरीर को स्वस्थ रखने में मदद कर सकती हैं.
डायबिटीज के मरीज क्या करें?
डॉक्टर अभय इंदरजीत आहलूवालिया बताते हैं कि भारत दुनिया में के सबसे ज्यादा मरीजों वाले देशों में शामिल है. अगर आप डायबिटीज के मरीज हैं और खाना खाने के बाद तुरंत बैठ जाते हैं, तो इससे ब्लड शुगर तेजी से बढ़ सकता है साथ ही दिल की बीमारियों और दूसरी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा भी बढ़ सकता है.
फिट रहने के लिए क्या करें?
डॉक्टर के अनुसार, खाना खाने के बाद शरीर पर पड़ने वाला असर सिर्फ इस बात पर निर्भर नहीं करता कि आपने क्या खाया है, बल्कि इस बात पर भी निर्भर करता है कि खाने के बाद आप क्या करते हैं. कुछ आदतें पाचन को बेहतर बनाने और ब्लड शुगर कंट्रोल करने में मदद करती हैं, जबकि कुछ आदतें परेशानी बढ़ा सकती हैं.
खाना खाने के बाद 15 मिनट में क्या करें?
- 10 से 15 मिनट तक आराम से टहलें
- खाने के तुरंत बाद लेटने की बजाय सीधे बैठें या खड़े रहें
- जरूरत के अनुसार पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं
- खाना खाने के तुरंत बाद भारी एक्सरसाइज करने से बचें
- तनाव वाले काम शुरू करने से पहले कुछ मिनट आराम करें
टहलना क्यों जरूरी है?
डॉक्टर आहलूवालिया का कहना है कि खाना खाने के बाद हल्की वॉक करना सबसे आसान और फायदेमंद आदतों में से एक है. यह आदत खासतौर पर डायबिटीज, इंसुलिन रेजिस्टेंस, मोटापे और मेटाबॉलिक सिंड्रोम से जूझ रहे लोगों के लिए लाभदायक हो सकती है.
सीधे क्यों बैठना चाहिए?
डॉक्टर के अनुसार, खाना खाने के तुरंत बाद लेटने से एसिडिटी, सीने में जलन और खट्टी डकारों की समस्या बढ़ सकती है. खासतौर पर उन लोगों में जिन्हें पहले से एसिड रिफ्लक्स की परेशानी है. सीधे बैठने या खड़े रहने से खाना पाचन तंत्र में सही तरीके से आगे बढ़ता है, जिससे भोजन आसानी से पचता है.
पानी पिएं, लेकिन जरूरत से ज्यादा नहीं
डॉक्टर आगे बताते हैं कि शरीर की जरूरत के हिसाब से पानी पीना पाचन और शरीर में पानी की कमी न होने के लिए फायदेमंद है. सामान्य मात्रा में पानी पीने से पाचन पर कोई बुरा असर नहीं पड़ता.
खाने के तुरंत बाद तनाव लेने से बचें
अगर आप खाना खत्म करते ही किसी तनाव वाले काम में लग जाते हैं या लंबे समय तक स्क्रीन देखते रहते हैं, तो शरीर में तनाव बढ़ाने वाले हार्मोन सक्रिय हो सकते हैं. ये हार्मोन कुछ लोगों में ब्लड शुगर को प्रभावित कर सकते हैं.
किन लोगों के लिए ये आदतें सबसे ज्यादा जरूरी हैं?
ये सलाह खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद हो सकती है जिन्हें,
- टाइप-2 डायबिटीज है
- प्रीडायबिटीज है
- मोटापे की समस्या है
- पीसीओएस (PCOS) है
- इंसुलिन रेजिस्टेंस की समस्या है
डॉ. अभय इंद्रजीत आहलूवालिया, निदेशक, एंडोक्राइनोलॉजी विभाग, फोर्टिस मेमोरियल रिसर्च इंस्टीट्यूट, गुरुग्राम)
इसे भी पढ़ें: चॉकलेट के दीवानों... डार्क, मिल्क या व्हाइट? कौन सी चॉकलेट आपकी पर्सनैलिटी से करती है मैच