Sepsis From Dog Lick: कुत्ते इंसान के सबसे वफादार साथी माने जाते हैं. घर में पालतू जानवरों के साथ खेलना, उन्हें प्यार करना और उनका चेहरे या हाथ पर चाटना आम बात है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि एक मामूली-सा डॉग लिक भी जानलेवा साबित हो सकता है? यूके की 52 वर्षीय महिला मनजीत संघा के साथ कुछ ऐसा ही हुआ. जुलाई 2025 में वह एक दिन सामान्य रूप से काम से घर लौटीं, थोड़ा अस्वस्थ महसूस कर रही थीं. लेकिन अगले ही दिन हालात इतने बिगड़ गए कि वह बेहोश हो गईं. उनके हाथ-पैर बर्फ जैसे ठंडे हो चुके थे, होंठ नीले पड़ गए थे और उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी.
उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने पाया कि उन्हें सेप्सिस हो गया है. एक ऐसी खतरनाक स्थिति जिसमें बॉडी का इंफेक्शन रिस्पॉन्स ही शरीर को नुकसान पहुंचाने लगता है. हालत इतनी गंभीर थी कि डॉक्टरों को उनके दोनों पैर घुटनों के नीचे से और दोनों हाथ काटने पड़े. इलाज के दौरान उन्हें छह बार कार्डियक अरेस्ट भी आया और कई जटिलताओं का सामना करना पड़ा.
डॉक्टरों का मानना है कि इंफेक्शन की शुरुआत तब हुई जब उनके पालतू कुत्ते ने उनके शरीर पर मौजूद एक छोटे-से कट या खरोंच को चाटा. कुत्तों की लार में पाया जाने वाला बैक्टीरिया कैपनोसाइटोफेगा कैनिमोरसस आमतौर पर कुत्तों के लिए हानिकारक नहीं होता, लेकिन इंसानों में यह गंभीर संक्रमण और सेप्सिस का कारण बन सकता है.
सेप्सिस क्या है? | What is sepsis?
सेप्सिस एक जानलेवा स्थिति है, जिसमें शरीर का इम्यून सिस्टम किसी संक्रमण के खिलाफ बहुत ज्यादा प्रतिक्रिया करता है. यह प्रतिक्रिया पूरे शरीर में सूजन (Inflammation) फैला देती है और हेल्दी टिश्यू और अंगों को नुकसान पहुंचाती है.
गंभीर मामलों में यह सेप्टिक शॉक में बदल सकता है, जिसमें ब्लड प्रेशर अचानक गिर जाता है. इससे अंगों को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिलती और मल्टी-ऑर्गन फेल्योर का खतरा बढ़ जाता है.
सेप्सिस के कारण | Causes of Sepsis
सेप्सिस किसी भी संक्रमण से शुरू हो सकता है. आम कारणों में शामिल हैं:
- फेफड़ों का संक्रमण (निमोनिया)
- यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन
- पेट या आंत का संक्रमण
- त्वचा का संक्रमण
- दिमाग या रीढ़ की हड्डी का संक्रमण
ज्यादातर मामलों में बैक्टीरियल संक्रमण कारण होता है, लेकिन वायरस, फंगस या परजीवी भी इसे ट्रिगर कर सकते हैं.
सेप्सिस के लक्षण | Symptoms of Sepsis
सेप्सिस तेजी से बढ़ सकता है. इसके कुछ आम संकेत हैं:
- तेज बुखार या बहुत कम शरीर का तापमान
- तेज धड़कन
- सांस लेने में तेजी या दिक्कत
- बहुत कम पेशाब आना
- बहुत ज्यादा थकान
- त्वचा पर लाल या गहरे धब्बे
- लो ब्लड प्रेशर
- ठंड लगना या कांपना
- तेज दर्द या बेचैनी
अगर ये लक्षण अचानक दिखें, तो तुरंत मेडिकल मदद लें.
सेप्सिस की कॉम्प्लीकेशन्स | Complications of Sepsis
- सेप्टिक शॉक - ब्लड प्रेशर खतरनाक स्तर तक गिर जाता है.
- ARDS (एक्यूट रेस्पिरेटरी डिस्ट्रेस सिंड्रोम) - फेफड़ों में तरल जमा हो जाता है, सांस लेने में कठिनाई होती है.
- DIC - असामान्य ब्लड क्लॉटिंग और बहुत ज्यादा ब्लीडिंग.
- किडनी फेल्योर - डायलिसिस की जरूरत पड़ सकती है.
- पोस्ट-सेप्सिस सिंड्रोम - लंबे समय तक थकान, कमजोरी, मानसिक तनाव और परमानेंट ऑर्गन फेलियर.
क्या सावधानी बरतें?
- अगर त्वचा पर कट या खरोंच है, तो पालतू जानवर को उस जगह चाटने न दें.
- किसी भी छोटे घाव को तुरंत साफ और कवर करें.
- बुखार, ठंड लगना या अचानक कमजोरी को नजरअंदाज न करें.
- पालतू जानवरों के साथ स्वच्छता का ध्यान रखें.
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)














