सावधान! अब असली-नकली X-Ray में फर्क करना हुआ मुश्किल, डॉक्टर्स को भी चकमा दे रहा है AI, स्टडी

Deepfake X-rays: क्या सच में डीपफेक एक्स-रे रियल इमेज से इतने मिलते-जुलते हैं कि डॉक्टर भी धोखा खा जाते? इस आर्टिकल में जानें क्या कहती है स्टडी.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
Deepfake X-rays: असली और नकली X-Ray कैसे पहचानें.

​आज का समय AI का है. किसी भी चीज की जानकारी आसानी से AI में हमें मिल जाती है. अब जा सोचिए, आप डॉक्टर के पास जाते हैं, वह आपका X-ray देखता है और कहता है कि आपकी हड्डी टूटी हुई है. आप इलाज शुरू करवा देते हैं, लेकिन असल में आपकी हड्डी बिल्कुल ठीक थी! जो X-ray डॉक्टर देख रहे थे, वह किसी इंसान का नहीं बल्कि AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) द्वारा बनाया गया एक 'डीपफेक' था. ​सुनने में यह किसी साइंस-फिक्शन फिल्म की कहानी लग सकती है, लेकिन हाल ही में आई एक चौंकाने वाली रिसर्च ने हैरान कर दिया है. जर्नल 'रेडियोलॉजी' में छपी एक स्टडी के मुताबिक, AI अब इतने असली दिखने वाले 'नकली' X-ray बना रहा है कि बड़े-बड़े स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स भी धोखा खा जा रहे हैं.

​क्या है पूरा मामला?

​'माउंट सिनाई' (न्यूयॉर्क) के इकान स्कूल ऑफ मेडिसिन के शोधकर्ताओं ने एक अनोखा टेस्ट किया. इस स्टडी के लीड ऑथर डॉ. मिकेल टोर्डजमैन ने बताया कि आज का AI सिर्फ सुंदर तस्वीरें ही नहीं, बल्कि इंसानी शरीर के अंदरूनी अंगों के ऐसे X-ray तैयार कर रहा है जिन्हें पहचानना लगभग नामुमकिन है. इन्हें 'डीपफेक X-ray' कहा जा रहा है. ये वो तस्वीरें हैं जो किसी असली मरीज की नहीं हैं, बल्कि कंप्यूटर प्रोग्राम ने खुद से बनाई हैं. ये इतनी सटीक होती हैं कि इनमें हड्डियों की बनावट, फेफड़ों की परछाईं और यहां तक कि बीमारियों के लक्षण भी बिल्कुल असली लगते हैं.

​इस स्टडी में दुनिया के 6 देशों (अमेरिका, फ्रांस, जर्मनी, तुर्की, ब्रिटेन और यूएई) के 12 अस्पतालों से 17 अनुभवी रेडियोलॉजिस्ट्स को शामिल किया गया. उन्हें 264 छाती के X-ray दिखाए गए. इनमें से आधे असली थे और आधे AI से बने नकली. जब डॉक्टर्स को यह नहीं बताया गया कि इनमें कुछ नकली फोटो भी हैं, तो केवल 41% डॉक्टर ही कुछ गड़बड़ी पकड़ पाए. बाकी ने नकली X-ray को असली मानकर इलाज की सलाह दे दी.

​जब डॉक्टर्स को सावधान किया गया कि इसमें कुछ फोटो नकली हैं, ध्यान से देखो", तब भी वे केवल 75% बार ही सही पहचान पाए. यानी हर 4 में से 1 नकली X-ray बड़े डॉक्टर्स की नजरों से बच निकला.

Advertisement

​हैरान करने वाली बात यह है कि GPT-4o और Gemini जैसे एडवांस AI मॉडल्स भी इन तस्वीरों को पहचानने में फेल रहे. जिस GPT-4o ने ये नकली तस्वीरें बनाई थीं, वह खुद भी अपनी बनाई कई फोटो को 'असली' बता बैठा.

​​नकली X-ray की पहचान क्या है?

​डॉ. टोर्डजमैन ने बताया कि हालांकि ये तस्वीरें बहुत असली लगती हैं, लेकिन गौर से देखने पर कुछ कमियां दिखती हैं. उन्होंने बताया कि AI से बने X-ray "ज़रूरत से ज़्यादा परफेक्ट" दिखते हैं. असली हड्डियों में थोड़े बहुत निशान या उबड़-खाबड़पन होता है, लेकिन AI वाली हड्डियां बिल्कुल चिकनी (Smooth) होती हैं. AI वाली रीढ़ की हड्डी एकदम सीधी दिखती है, जो असलियत में मुमकिन नहीं है. नकली तस्वीरों में फेफड़ों के दोनों हिस्से बिल्कुल एक जैसे (Symmetrical) दिखते हैं, जबकि कुदरती तौर पर इनमें थोड़ा फर्क होता है.

Advertisement

​अभी तो सिर्फ X-ray की बात हो रही है, एक्सपर्ट्स का मानना है कि आने वाले समय में AI नकली CT स्कैन और MRI भी बनाने लगेगा. फिलहाल दुनिया में ऐसा कोई सॉफ्टवेयर नहीं है जो 100% गारंटी के साथ बता सके कि मेडिकल रिपोर्ट असली है या AI की बनाई हुई. ​डॉक्टर्स का कहना है कि हमें जल्द ही ऐसी तकनीक विकसित करनी होगी जो डिजिटल मेडिकल रिकॉर्ड की शुद्धता की जांच कर सके.

इससे आम आदमी को क्या खतरा है?

​गलत इलाज- (Misdiagnosis) अगर कोई हैकर या शरारती तत्व अस्पताल के सिस्टम में घुसकर आपके असली X-ray को नकली से बदल दे, तो डॉक्टर आपका गलत ऑपरेशन या इलाज कर सकते हैं.

​बीमा धोखाधड़ी- (Insurance Fraud) लोग फर्जी फ्रैक्चर या गंभीर बीमारी के X-ray बनाकर इंश्योरेंस कंपनियों से लाखों रुपये ऐंठ सकते हैं.

ये भी पढ़ें- क्या आप जानते हैं हार्ट को हेल्दी रखने और वजन घटाने के लिए किस समय करना चाहिए एक्सरसाइज? स्टडी

Advertisement

GB Road Files: दिल्ली के मशहूर रेड लाइट एरिया से रूह कंपा देने वाली आपबीती | Read

(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)

Advertisement
Featured Video Of The Day
Iran Attacks Israel: Tel Aviv पर ईरान ने जहां दागे क्लस्टर बम, वहां से NDTV की Ground Report