Surat Mother Child Death Case: गुजरात के सूरत में इंसानियत को झकझोर देने वाली दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक मां ने पहले अपने चार महीने के मासूम बेटे को एसिड पिलाया और फिर खुद भी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया. गंभीर हालत में दोनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान मां और बच्चे की मौत हो गई. इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है. प्रारंभिक जांच में महिला की मानसिक और शारीरिक स्थिति ठीक न होने की बात सामने आई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में इस भयावह कदम को अंजाम दिया गया.
एवेन हाइट्स अपार्टमेंट में हुई घटना
यह दर्दनाक घटना सूरत के सरथाणा इलाके में योगी चौक स्थित एवेन हाइट्स अपार्टमेंट की है. यहां रहने वाली 28 वर्षीय धाराबेन कोटडिया और उनके चार महीने के बेटे रिशान को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया था. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. उस समय दोनों बेहोशी की हालत में थे.
MLC के जरिए पुलिस को मिली जानकारी
सरथाणा पुलिस के इंस्पेक्टर दर्शन पटेल के अनुसार, 1 जून 2026 को अस्पताल से एक मेडिको-लीगल केस (MLC) प्राप्त हुआ था, जिसमें महिला द्वारा एसिड पीने और अपने बच्चे को भी एसिड पिलाने की जानकारी दी गई. इस सूचना के बाद पुलिस तुरंत अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की.
इलाज के दौरान मां-बेटे की मौत
प्रारंभिक उपचार के दौरान ही रात करीब 10 बजे अस्पताल ने चार महीने के मासूम रिशान को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद कुछ समय के भीतर महिला धाराबेन की भी मौत हो गई. इस घटना के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल छा गया.
महिला की बीमारी और मानसिक तनाव की जानकारी
मृतका के पति मनीषभाई कोटडिया ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी पिछले करीब चार वर्षों से मिर्गी (एपिलेप्सी) की बीमारी से पीड़ित थीं. उनका इलाज भी चल रहा था, लेकिन पिछले कुछ समय से उनकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी और वे तनाव में रहती थीं.
बच्चे के जन्म के बाद बढ़ी परेशानियां
परिजनों के मुताबिक, बच्चे के जन्म के बाद महिला की सेहत और मानसिक स्थिति में और गिरावट आई थी. ऐसा आशंका जताई जा रही है कि इसी तनाव या बीमारी के चलते उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया. हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
पुलिस कर रही हर पहलू से जांच
पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मौत का केस दर्ज कर लिया है और घटना के हर पहलू की जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि महिला की मानसिक हालत, पारिवारिक परिस्थितियों और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है.
यह भी पढ़ें : नाबालिग के साथ गैंगरेप के बाद हत्या, शव जलाने की कोशिश; ग्वालियर में दहला देने वाली वारदात
यह भी पढ़ें : उज्जैन जमीन घोटाला: फर्जी आधार बनाकर 1.40 करोड़ की ठगी, नकली मालिक बनकर सौदा, 2 गिरफ्तार
यह भी पढ़ें : 5 लाख की सुपारी, फर्जी नंबर प्लेट और सेकंड हैंड बाइक से रची गई साजिश, संदीप सिंह हत्याकांड में हुआ खुलासा
यह भी पढ़ें : स्वामित्व योजना को मंजूरी, मुफ्त रजिस्ट्री से लाखों परिवारों को राहत; जानिए मोहन कैबिनेट के बड़े फैसले











