Tulsi Water Offering Rules: हिंदू धर्म में तुलसी का पौधा बेहद खास और पवित्र माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार तुलसी में मां लक्ष्मी और भगवान विष्णु का वास होता है, इसलिए इसकी पूजा-अर्चना का विशेष महत्व बताया गया है. कई घरों में दिन की शुरुआत तुलसी को जल अर्पित करने और दीपक जलाने से होती है. हालांकि, तुलसी को जल चढ़ाने के भी कुछ नियम और सही समय बताए गए हैं. मान्यता है कि विधि-विधान से तुलसी की सेवा करने पर घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है और भगवान विष्णु-माता लक्ष्मी की कृपा प्राप्त होती है. ऐसे में आइए जानते हैं तुलसी के पौधे में जल चढ़ाने का सही समय क्या है और किन बातों का ध्यान रखना चाहिए.
तुलसी को किस समय जल चढ़ाना होता है शुभ?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार तुलसी के पौधे में जल चढ़ाने का सबसे शुभ समय सुबह का माना जाता है. आमतौर पर स्नान करने के बाद और भोजन ग्रहण करने से पहले, सूर्योदय के समय यानी सुबह 5 बजे से 8 बजे के बीच तुलसी को जल अर्पित किया जाता है. माना जाता है कि इस समय वातावरण शांत और पॉजिटिव एनर्जी से भरपूर होता है, इसलिए तुलसी पूजा का खास फल प्राप्त होता है.
यह भी पढ़ें: Vastu Tips: तेज पत्ते पर कौन सा नंबर लिखने से खुलेंगे तरक्की के रास्ते? एस्ट्रोलॉजर से जानें उपाय
कैसे अर्पित करें जल?
तुलसी पर तांबे के लोटे से धीरे-धीरे जल अर्पित करना चाहिए. इस दौरान 'ॐ तुलस्यै नमः' मंत्र का जाप भी करना चाहिए. साथ ही जल चढ़ाने के बाद तुलसी के पौधे की एक या तीन बार परिक्रमा कर हाथ जोड़कर प्रणाम जरूर करें.

सुबह का समय क्यों माना जाता है शुभ?
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि सुबह के समय मौसम ठंडा होता है और मिट्टी गर्म नहीं होती, इसलिए जल आसानी से जड़ों तक पहुंच जाता है और जल्दी सूखता नहीं है. इससे तुलसी के पौधे को दिनभर की धूप सहने के लिए पर्याप्त नमी मिलती है. वहीं, पत्तियों पर गिरने वाली पानी की बूंदें भी सुबह की रोशनी में जल्दी सूख जाती हैं, जिससे पत्तियां हेल्दी रहती हैं और फफूंद लगने का खतरा कम हो जाता है.
कब अर्पित न करें जल?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सूर्यास्त के बाद तुलसी के पौधे में जल नहीं चढ़ाना चाहिए. माना जाता है कि शाम का समय तुलसी माता के विश्राम का समय होता है. इसलिए संध्या के समय जल अर्पित करने के बजाय तुलसी के पास दीपक जलाकर पूजा की जाती है और प्रार्थना की जाती है. इसके पीछे एक वैज्ञानिक कारण भी बताया जाता है. रात में मिट्टी में डाला गया पानी लंबे समय तक जड़ों के आसपास जमा रह सकता है.
किस-किस दिन न अर्पित करें जल?
कई श्रद्धालु रविवार और एकादशी के दिन तुलसी के पौधे में जल अर्पित नहीं करते हैं. धार्मिक मान्यता है कि एकादशी के दिन तुलसी माता भगवान विष्णु की आराधना और व्रत में लीन रहती हैं, इसलिए उस दिन उन्हें जल नहीं चढ़ाया जाता.
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.
यह भी पढ़ें: सोते समय सिर किस दिशा में होना चाहिए? एस्ट्रोलॉजर सुरेंद्र कांबले ने बताया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं