Positive Thinking: मनुष्य का जीवन उसकी सोच से निर्मित होता है. जैसे सीढ़ियां हमें ऊपर भी ले जा सकती हैं और नीचे भी, वैसे ही व्यक्ति की सोच उसे उन्नति की ओर उठा सकती है या पतन की गहराइयों में गिरा सकती है. यह पूर्णतः व्यक्ति पर निर्भर करता है कि वह अपनी सोच का उपयोग आत्मविकास के लिए करता है या आत्मविनाश के लिए. भारतीय दर्शन, विशेषकर उपनिषद और स्वामी विवेकानंद के विचार, इस सत्य को अत्यंत गहराई से स्पष्ट करते हैं.
जैसी वाणी, वैसे कर्म
उपनिषदों में कहा गया है- 'यथा मनः तथा वाक्, यथा वाक् तथा कर्म', अर्थात जैसा मन होता है, वैसी वाणी होती है और जैसी वाणी होती है, वैसे ही कर्म होते हैं. यह सूक्ति स्पष्ट करती है कि मनुष्य की सोच ही उसके कर्मों की आधारशिला है. यदि विचार सकारात्मक, शुद्ध और उच्च होंगे तो कर्म भी श्रेष्ठ होंगे और व्यक्ति उन्नति की सीढ़ियां चढ़ेगा. इसके विपरीत नकारात्मक, संकीर्ण और स्वार्थपूर्ण सोच व्यक्ति को अधोगति की ओर ले जाती है.
'व्यक्ति की सोच सीढियों की तरह होती है..अब ये आप पर निर्भर करता है कि आप उसका उपयोग चढने के लिए करते है या फिर उतरने के लिए!'
बौद्धिक जागरण का आह्वान
कठोपनिषद में एक प्रसिद्ध मंत्र है- 'उत्तिष्ठत जाग्रत प्राप्य वरान्निबोधत', अर्थात उठो, जागो और श्रेष्ठ लक्ष्य को प्राप्त करो. यह मंत्र केवल शारीरिक जागरण की बात नहीं करता, बल्कि मानसिक और बौद्धिक जागरण का आह्वान है. जब तक व्यक्ति अपनी सोच को जाग्रत नहीं करता, तब तक वह जीवन की सीढ़ियों पर चढ़ नहीं सकता. सोई हुई, भ्रमित सोच व्यक्ति को नीचे की ओर खींचती रहती है.
विश्वास ही सफलता की सीढ़ी
स्वामी विवेकानंद ने उपनिषदों के इन्हीं विचारों को आधुनिक संदर्भ में प्रस्तुत किया. उनका प्रसिद्ध कथन है- 'मनुष्य वही है जो वह अपने विचारों से बनाता है.' विवेकानंद के अनुसार व्यक्ति की शक्ति उसके भीतर निहित है, किंतु नकारात्मक सोच उसे दुर्बल बना देती है. वे कहते हैं कि स्वयं पर विश्वास ही सफलता की पहली सीढ़ी है. यदि व्यक्ति यह सोच ले कि वह कमजोर है, असमर्थ है, तो वह नीचे उतरना शुरू कर देता है. लेकिन यदि वह यह माने कि उसके भीतर असीम शक्ति है, तो वही सोच उसे ऊँचाइयों तक ले जाती है.
सोच ही उन्नति और पतन की सीढ़ियां
विवेकानंद युवाओं से विशेष रूप से कहते थे- 'उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए.' यह विचार व्यक्ति को निरंतर ऊपर चढ़ने की प्रेरणा देता है. लक्ष्य के प्रति स्पष्ट और दृढ़ सोच व्यक्ति को हर सीढ़ी पार करने की क्षमता देती है, चाहे मार्ग कितना ही कठिन क्यों न हो. अतः स्पष्ट है कि सोच कोई साधारण मानसिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि जीवन की दिशा तय करने वाली शक्ति है.
Sant Ki Seekh: इच्छा और जरूरत में क्या अंतर है? अगर समझ लिया तो सफलता आपके कदम चूमेगी
उपनिषद आत्मज्ञान और आत्मोन्नति की प्रेरणा देते हैं, जबकि विवेकानंद उसी ज्ञान को कर्म और आत्मविश्वास से जोड़ते हैं. व्यक्ति यदि अपनी सोच को सकारात्मक, साहसी और उच्च आदर्शों से युक्त बना ले, तो वही सोच उसे सफलता और आत्मविकास की सीढ़ियों पर चढ़ा देती है. अन्यथा वही सोच पतन का कारण भी बन सकती है. सोच ही वह सीढ़ी है जिस पर खड़े होकर मनुष्य अपना भविष्य चुनता है-चढ़ना या उतरना.