August Ekadashi 2026 : हिंदू धर्म में एकादशी व्रत को भगवान विष्णु की विशेष कृपा प्राप्त करने का सबसे श्रेष्ठ व्रत माना जाता है. हर महीने कृष्ण पक्ष और शुक्ल पक्ष में एक-एक एकादशी पड़ती है, जिनका अपना अलग धार्मिक महत्व होता है. अगस्त 2026 में भी श्रद्धालुओं को दो एकादशी पर व्रत रखने का अवसर मिलेगा. इस महीने कामिका एकादशी और श्रावण पुत्रदा एकादशी का शुभ संयोग बन रहा है. मान्यता है कि श्रद्धा और विधि-विधान से एकादशी व्रत रखने से व्यक्ति को पापों से मुक्ति मिलती है, जीवन में सुख-समृद्धि आती है और अंत में मोक्ष की प्राप्ति होती है. अगर आप भी अगस्त में एकादशी व्रत रखने की योजना बना रहे हैं, तो इसकी सही तिथि, व्रत खोलने का सही समय और धार्मिक महत्व जरूर जान लें.
कब है कामिका एकादशी 2026?
हिंदू पंचांग के अनुसार, एकादशी तिथि 8 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजकर 29 मिनट पर शुरू होगी और 9 अगस्त 2026 को सुबह 7 बजकर 34 मिनट पर समाप्त होगी. उदया तिथि के आधार पर कामिका एकादशी का व्रत 9 अगस्त 2026, रविवार को रखा जाएगा.
कामिका एकादशी व्रत पारण का शुभ मुहूर्त
कामिका एकादशी का पारण 10 अगस्त 2026 को किया जाएगा. पारण का शुभ समय सुबह 6 बजकर 36 मिनट से सुबह 9 बजकर 32 मिनट तक रहेगा.
कब है श्रावण पुत्रदा एकादशी 2026?
पंचांग के अनुसार, एकादशी तिथि 22 अगस्त 2026 को रात 10 बजकर 30 मिनट पर शुरू होगी और 23 अगस्त 2026 को रात 12 बजकर 48 मिनट पर समाप्त होगी. उदया तिथि के अनुसार, श्रावण पुत्रदा एकादशी का व्रत 23 अगस्त 2026, रविवार को रखा जाएगा.
श्रावण पुत्रदा एकादशी पारण का समय
श्रावण पुत्रदा एकादशी व्रत का पारण 24 अगस्त 2026 को किया जाएगा. पारण का शुभ मुहूर्त सुबह 7 बजकर 19 मिनट से सुबह 9 बजकर 43 मिनट तक रहेगा.
क्या है एकादशी व्रत का धार्मिक महत्व?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, एकादशी का व्रत भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी को समर्पित होता है. इस दिन व्रत रखकर विधि-विधान से पूजा करने, मंत्र जाप और दान-पुण्य करने से घर में सुख-समृद्धि, शांति और पॉजिटिविटी का वास होता है. मान्यता है कि एकादशी व्रत करने वाले भक्तों पर लक्ष्मी-नारायण की विशेष कृपा बनी रहती है, सभी कष्ट दूर होते हैं और अंत में विष्णु लोक की प्राप्ति का पुण्य फल मिलता है. इसलिए सावन मास में पड़ने वाली इन दोनों एकादशियों का महत्व और भी अधिक माना गया है.
यह भी पढ़ें:- Grah Gochar 2026: मेष समेत इन 4 राशियों की किस्मत चमकाएगा गजलक्ष्मी राजयोग, करियर में मिलेगा बड़ा लाभ
यह भी पढ़ें:- Vastu Tips: बच्चों का पढ़ाई में नहीं लगता मन? स्टडी रूम में रखें ये 5 चीजें, बढ़ेगा फोकस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं