उत्तर प्रदेश प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (UP PET) में शामिल होने वाले लाखों उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. नॉर्थ सेंट्रल रेलवे की तरफ से जानकारी दी गई है कि इस परीक्षा के लिए कुल 13 स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं. परीक्षा केंद्र पर पहुंचने में किसी भी उम्मीदवार को कोई परेशानी न हो, इसके लिए पूरे इंतजाम किए जा रहे हैं. त्योहारों के मौके पर ट्रेनों में पहले से ही काफी भीड़भाड़ है, ऐसे में रेलवे की तरफ से यूपी के अभ्यर्थियों के लिए ये कदम उठाया गया है. सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी गई है.
35 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी
यूपी पीईटी परीक्षा में पहले दिन शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की संख्या एक लाख से भी ज्यादा रही. 25 अक्टूबर से इस परीक्षा की शुरुआत हो चुकी है. परीक्षा 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को भी होगी, ऐसे में ये तमाम अभ्यर्थी एक शहर से दूसरे शहर की यात्रा कर रहे हैं. इसके लिए सबसे ज्यादा ट्रेनों का सहारा लिया जाता है. ऐसे में आवाजाही की समस्या को कम करने के लिए रेलवे ने 13 स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है. करीब 35 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने इस परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया है.
UP PET 2026 - परीक्षार्थियों की सुविधा, रेलवे की प्राथमिकता 🚆 परीक्षार्थियों की सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने हेतु उत्तर मध्य रेलवे द्वारा 13 परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया, जिससे अभ्यर्थियों को अपने गंतव्य तक पहुँचने में सुविधा मिली। #UPPET #UPSSSC #PETExam #ExamSpecialTrain #NCRailway
— North Central Railway (@CPRONCR) October 25, 2026
अभ्यर्थियों के लिए खास इंतजाम
तमाम शहरों से अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने वाले अभ्यर्थियों के लिए रहने और उनके ट्रैवल की पूरी व्यवस्था का इंतजाम किया जा रहा है. रेलवे के अलावा उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने भी पीईटी परीक्षा के लिए खास इंतजाम किए हैं, परीक्षा के दिन अतिरिक्त बसें चलाई जा रही हैं. इसके अलावा महिला अभ्यर्थियों के लिए हर जगह हेल्प डेस्क बनाए गए हैं.
क्या है UP PET परीक्षा?
यूपी में जूनियर असिस्टेंट से लेकर लेखपाल, ग्राम विकास अधिकारी और ग्रुप-सी की तमाम भर्तियों के लिए उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की तरफ से पीईटी परीक्षा आयोजित की जाती है. पीईटी पास करने के बाद ही इन परीक्षाओं में आवेदन किया जा सकता है. एक बार परीक्षा पास करने के बाद अगले एख साल तक होने वाली तमाम परीक्षाओं के लिए ये मान्य होता है. इसके बाद दोबारा पीईटी परीक्षा देनी होती है. 10वीं पास उम्मीदवार भी इसके लिए आवेदन कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें | JEE Main के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू, इंजीनियरिंग का सपना देखने वाले छात्रों के लिए बड़ी खबर
यह भी पढ़ें | जज ने पुलिस अफसर को 45 मिनट तक खड़ा रखा, जानें कौन हैं मेरठ के SSP संतोष मूर्ति
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं