उत्तर प्रदेश के सीतापुर जनपद से एक गर्व करने वाली खबर सामने आई है, जहां बेटियों ने यूपी बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर पूरे जिले का नाम रोशन किया है. महमूदाबाद क्षेत्र स्थित बाबूराम सावित्री देवी इंटर कॉलेज, बिलौली बाजार की छात्राओं ने इस वर्ष यूपी बोर्ड परीक्षा में ऐतिहासिक सफलता हासिल की है.
विद्यालय की छात्रा कशिश वर्मा ने हाईस्कूल यानी कक्षा 10वीं की परीक्षा में प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है. वहीं, इसी विद्यालय की छात्रा अर्पिता ने कक्षा 10वीं में तीसरा स्थान हासिल कर स्कूल और जिले का गौरव बढ़ाया. इसके अलावा, इंटरमीडिएट यानी कक्षा 12वीं की छात्रा शिखा ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर इतिहास रच दिया.
हाईस्कूल (कक्षा 10वीं) की परीक्षा में सीतापुर की कशिश वर्मा और बाराबंकी की अंशिका वर्मा ने 97.83 प्रतिशत अंक हासिल कर संयुक्त रूप से प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है. वहीं, इंटरमीडिएट (कक्षा 12वीं) में सीतापुर की शिखा वर्मा ने 97.60 प्रतिशत अंकों के साथ टॉप किया है.
'काफी संघर्षों के बीच पढ़ाई की...'
अपनी सफलता पर टॉपर कशिश वर्मा ने कहा कि उन्होंने काफी संघर्षों के बीच पढ़ाई की है. उन्होंने बताया कि उनके परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी और उनकी मां की तबीयत भी खराब रहती थी, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने मेहनत करना नहीं छोड़ा. कशिश ने कहा कि वह रोज़ाना शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक पढ़ाई करती थीं. जब कभी थककर सो भी जाती थीं, तो उनकी मां उन्हें जगाकर पढ़ाई के लिए प्रेरित करती थीं.
कशिश ने उन छात्रों को भी संदेश दिया, जो परीक्षा में टॉप नहीं कर पाए
कशिश का कहना है कि इस सफलता में उनके गुरुओं और परिवार का पूरा सहयोग रहा है. उन्होंने बताया कि वह आगे चलकर शिक्षक बनना चाहती हैं. साथ ही उन्होंने उन छात्रों को भी संदेश दिया, जो परीक्षा में टॉप नहीं कर पाए हैं, कि उन्हें निराश नहीं होना चाहिए, बल्कि और मेहनत कर आगे बढ़ने की कोशिश करनी चाहिए.
बता दें कि यूपी बोर्ड 2026 की कक्षा 10वीं (हाईस्कूल) और 12वीं (इंटरमीडिएट) की परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च के बीच आयोजित कराई गई थीं. यूपीएमएसपी की ओर से बोर्ड परीक्षाएं राज्य भर में दो पालियों में सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई थीं. पहली शिफ्ट सुबह 08:30 से 11:45 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 02:00 से शाम 05:15 बजे तक आयोजित की गई थी.
ये भी पढ़ें : पापा खाना बनाते थे और मैं पढ़ती थी... बिना मां के बेटी ने यूपी बोर्ड में किया टॉप, बताई पूरी कहानी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं