विज्ञापन

Sonu Mehra Success Story: राजस्थान 12वीं बोर्ड का टॉपर 2 साल पहले भी कर चुका है कमाल, अब 99.80% लाकर तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड

Rajasthan RBSE Rajasthan Board 12th Result 2026: राजस्थान के सोनू मेहरा ने 12वीं बोर्ड में 99.80% अंक लाकर साबित कर दिया कि गरीबी सफलता में बाधा नहीं है. पिता पेंटर हैं, पर बेटा अब देश का IAS ऑफिसर बनेगा. पढ़िए संघर्ष से शिखर तक की पूरी कहानी.

Sonu Mehra Success Story: राजस्थान 12वीं बोर्ड का टॉपर 2 साल पहले भी कर चुका है कमाल, अब 99.80% लाकर तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड
Sonu Mehra 12th Topper: राजस्थान बोर्ड 12वीं रिजल्ट 2026 जारी, मजदूर के बेटे सोनू मेहरा ने 99.80% के साथ किया टॉप
NDTV Reporter

RBSE 12th Result 2026 Topper: कहते हैं कि अगर हौसले बुलंद हों, तो गरीबी कभी सपनों की उड़ान के आड़े नहीं आ सकती. राजस्थान के टोंक जिले के मूल निवासी और पिछले 15 सालों से जयपुर के वाटिका इलाके में रह रहे सोनू मेहरा (Sonu Mehra) ने इस बात को सच साबित कर दिखाया है. सोनू ने 12वीं बोर्ड परीक्षा के गणित-विज्ञान संकाय (PCM) में 99.80% का शानदार स्कोर हासिल कर पूरे प्रदेश में अपना परचम लहराया है. इस अद्भुत कामयाबी के बाद उनके परिवार और पूरे गांव में जश्न का माहौल है.

मजबूरी में छोड़ना पड़ा था प्राइवेट स्कूल

सोनू के पिता विनोद मेहरा एक दिहाड़ी मजदूर हैं जो इमारतों में कलर पेंट करने का काम करते हैं. खुद 10वीं की परीक्षा पास न कर पाने वाले विनोद का हमेशा से एक ही सपना था कि उनके बच्चे अच्छी शिक्षा पाएं. विनोद ने भावुक होते हुए बताया कि उन्हें महीने में मुश्किल से 20 दिन ही काम मिल पाता है. आर्थिक तंगी का आलम यह था कि 8वीं कक्षा तक सोनू को प्राइवेट स्कूल में पढ़ाने के बाद, बढ़ती महंगाई के कारण मजबूरी में उसे सरकारी स्कूल में डालना पड़ा. विनोद कहते हैं कि उन्हें यकीन था कि सोनू 10वीं में ही टॉप करेगा, लेकिन अब 12वीं में 99.80% लाकर उसने पिता का सबसे बड़ा सपना पूरा कर दिया है.

शिक्षकों ने 3 साल तक दी नि:शुल्क शिक्षा

सोनू की इस सफलता के पीछे उसकी अपनी लगन के साथ-साथ उसके शिक्षकों का भी बड़ा योगदान रहा है. सोनू के टीचर गणेश मीणा और बनवारी मीणा ने उसकी प्रतिभा को पहचाना और पिछले तीन सालों तक उसे बिना कोई फीस लिए कोचिंग पढ़ाई. शिक्षकों का गर्व से कहना है कि आज उनकी निस्वार्थ मेहनत रंग लाई है. घर पर भी सोनू पढ़ाई के प्रति पूरी तरह समर्पित रहे हैं. उनकी बड़ी बहनें, किरण और शिवानी मेहरा बताती हैं कि सोनू न सिर्फ खुद घंटों पढ़ाई करता था, बल्कि वक्त निकालकर अपनी बहनों को भी पढ़ाता था.

UPSC टॉप कर IAS बनना है अगला लक्ष्य

इस बड़ी कामयाबी के बाद भी सोनू के कदम रुकने वाले नहीं हैं. अपने भविष्य के विजन को लेकर सोनू बिल्कुल स्पष्ट हैं. NDTV से खास बातचीत में उन्होंने कहा कि उनका अगला लक्ष्य UPSC परीक्षा को टॉप करना है. वह IAS ऑफिसर बनकर प्रदेश की कानून व्यवस्था को और मजबूत करना चाहते हैं. साथ ही, उनकी प्राथमिकता एक ऐसी बेहतर शिक्षा पद्धति लागू करने की होगी जिससे हर जरूरतमंद और गरीब बच्चे को अच्छी तालीम मिल सके और किसी की पढ़ाई पैसों की कमी की वजह से न रुके.

ये भी पढ़ें:- RBSE 12th Result 2026 LIVE: राजस्थान बोर्ड 12वीं में बेटियों ने गाड़ा झंडा, टॉप-5 में चार लड़कियां शामिल

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com