विज्ञापन

RBSE Result 12th Topper: पिता दिहाड़ी मजदूर, पैसे नहीं थे तो प्राइवेट स्‍कूल से निकाला; अब सरकारी से पढ़कर बेटा बना राजस्‍थान टॉपर

Rajasthan RBSE 12th Result 2026: राजस्थान बोर्ड 12वीं परीक्षा में टॉप करने वाले सोनू ने गरीबी से लड़कर आज ये मुकाम हासिल किया है. सोनू ने कहा कि अगला टारगेट UPSC परीक्षा को टॉप करना है.

RBSE Result 12th Topper: पिता दिहाड़ी मजदूर, पैसे नहीं थे तो प्राइवेट स्‍कूल से निकाला; अब सरकारी से पढ़कर बेटा बना राजस्‍थान टॉपर
Rajasthan RBSE 12th Result 2026: सोनू मेहरा ने किया टॉप

Rajasthan RBSE 12th Result 2026: कहते हैं कि अगर हौसले बुलंद हों, तो गरीबी कभी सपनों की उड़ान के आड़े नहीं आ सकती. राजस्थान के टोंक जिले (मूल रूप से बड़ागांव) के रहने वाले सोनू मेहरा ने इस बात को सच साबित कर दिखाया है. पिछले 15 सालों से जयपुर के वाटिका इलाके में रहकर पढ़ाई कर रहे सोनू ने 12वीं बोर्ड परीक्षा गणित-विज्ञान संकाय में 99.80% का शानदार स्कोर हासिल कर पूरे प्रदेश में अपना परचम लहराया है. इस अद्भुत कामयाबी के बाद उनके परिवार में जश्न का माहौल है.

दिहाड़ी मजदूर हैं सोनू के पिता

सोनू के पिता विनोद मेहरा एक दिहाड़ी मजदूर हैं, जो इमारतों में कलर पेंट करने का काम करते हैं. खुद 10वीं की परीक्षा पास न कर पाने वाले विनोद का हमेशा से एक ही सपना था, अपने बच्चों को अच्छी से अच्छी शिक्षा देना. विनोद ने भावुक होते हुए NDTV को बताया कि, मैं खुद पढ़ नहीं पाया, लेकिन बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले इसके लिए दिन-रात मजदूरी करता हूं. मुझे महीने में मुश्किल से 20 दिन ही काम मिल पाता है. 

आर्थिक तंगी का आलम यह था कि 8वीं कक्षा तक सोनू को प्राइवेट स्कूल में पढ़ाने के बाद, बढ़ती महंगाई के कारण मजबूरी में उसे सरकारी स्कूल में डालना पड़ा. विनोद कहते हैं, मुझे यकीन था कि यह 10वीं में ही टॉप करेगा, लेकिन अब 12वीं में 99.80% लाकर इसने मेरा सबसे बड़ा सपना पूरा कर दिया है.

टीचर्स ने पहचाना टैलेंट

सोनू की इस सफलता के पीछे उसकी अपनी लगन के साथ-साथ उसके शिक्षकों का भी बड़ा योगदान रहा है. सोनू के टीचर गणेश मीणा और बनवारी मीणा ने उसकी प्रतिभा को पहचाना और पिछले तीन सालों तक उसे बिना कोई फीस लिए कोचिंग पढ़ाई. शिक्षकों का गर्व से कहना है कि आज उनकी निस्वार्थ मेहनत रंग लाई है. घर पर भी सोनू पढ़ाई के प्रति पूरी तरह समर्पित रहे हैं. उनकी बड़ी बहनें, किरण और शिवानी मेहरा बताती हैं कि सोनू न सिर्फ खुद घंटों पढ़ाई करता था, बल्कि वक्त निकालकर अपनी बहनों को भी पढ़ाता था.

इस बड़ी कामयाबी के बाद भी सोनू के कदम रुकने वाले नहीं हैं. अपने भविष्य के विजन को लेकर सोनू बिल्कुल स्पष्ट हैं. उन्होंने कहा, मेरा अगला लक्ष्य UPSC परीक्षा को टॉप करना है. मैं IAS ऑफिसर बनकर प्रदेश की कानून व्यवस्था को और मजबूत करना चाहता हूं. साथ ही, मेरी प्राथमिकता एक ऐसी बेहतर शिक्षा पद्धति लागू करने की होगी जिससे हर जरूरतमंद बच्चे को अच्छी तालीम मिल सके.

Rajasthan Board 12 Result: टॉप करने के बाद भी निकिता नहीं देख पाई अपना रिजल्ट, 10 दिन पहले हो गई थी मौत

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com