विज्ञापन

कुलपति की नियुक्ति के लिए बनाई जाएगी नई गाइडलाइन, बिहार के प्रोफेसर और शिक्षाविदों को दी जाएगी प्राथमिकता

बिहार में कुलपतियों की नियुक्ति के लिए नई गाइडलाइन बनाए जाने की तैयारी चल रही है. सूत्रों की माने तो इन नियुक्तियों में स्थानीय शिक्षाविदों को प्राथमिकता मिलेगी. नई सर्च कमिटी बनाई जाएगी जो कि कुलपतियों का चयन करेगी.

कुलपति की नियुक्ति के लिए बनाई जाएगी नई गाइडलाइन, बिहार के प्रोफेसर और शिक्षाविदों को दी जाएगी प्राथमिकता
बीते दिनों मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और गवर्नर सैयद हसनैन के बीच उच्च शिक्षा को लेकर चर्चा हुई थी.

बिहार में कुलपतियों की नियुक्ति के लिए नई गाइडलाइन बनाई जाएगी. प्रशासनिक और शैक्षणिक रूप से इसे बड़ा कदम माना जा रहा है. लोकभवन ने 4 विश्वविद्यालयों में कुलपति की नियुक्ति के लिए जारी विज्ञापनों को रद्द कर दिया है. वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय आरा, मौलाना मज़हरूल हक अरबी - फारसी विश्वविद्यालय पटना, मगध विश्वविद्यालय बोधगया, तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय में कुलपति की नियुक्ति प्रक्रिया अंतिम चरण में थी. मगध विश्वविद्यालय के कुलपति के लिए 5 जून को इंटरव्यू होना था. लेकिन इससे पहले ही इन सभी विज्ञापनों को रद्द कर दिया गया. 

मुख्यमंत्री और गवर्नर की मुलाकात में हुआ था फैसला! 

दरअसल बीते दिनों मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और गवर्नर सैयद हसनैन के बीच उच्च शिक्षा को लेकर चर्चा हुई थी. सूत्रों की मानें तो उसी दौरान कुलपति की नियुक्ति, सत्र में देरी, वित्तीय अनियमितता की शिकायतों, उच्च शिक्षा में व्यापक सुधार जैसे विषयों पर बातचीत हुई थी. माना जा रहा था कि दोनों कि मुलाकात के बाद इन विश्वविद्यालयों में कुलपतियों के नामों की घोषणा हो जाएगी. लेकिन ऐसा नहीं हुआ. लोकभवन की तरफ से जारी नोटिस में अपरिहार्य कारणों का हवाला देते हुए विज्ञापन रद्द किए गए हैं. हालांकि अब यह साफ है कि कुलपतियों की नियुक्ति नई गाइडलाइन के मुताबिक होगी. 

गाइडलाइन में क्या होगा इस पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. लेकिन माना जा रहा है कि इन नियुक्तियों में स्थानीय शिक्षाविदों को प्राथमिकता मिलेगी. नई सर्च कमिटी बनेगी और वही कुलपतियों का चयन करेगी. लोक भवन ने सरकार से सभी विश्वविद्यालयों के लिए अलग-अलग प्रतिनिधियों के नाम भेजने को कहा है. 

6 विश्वविद्यालय में कुलपति नियुक्ति की प्रक्रिया चलती रहेगी

इससे पहले 20 मई को लोकभवन ने छह विश्वविद्यालयों में कुलपति की नियुक्ति के लिए आवेदन मांगे थे. जिन विश्वविद्यालयों में कुलपतियों की नियुक्ति के आवेदन मांगे गए थे, उनमें बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (मुजफ्फरपुर), ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (दरभंगा), कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय (दरभंगा), भूपेन्द्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय (मधेपुरा) तथा जय प्रकाश विश्वविद्यालय (छपरा) और आर्यभट्ट नॉलेज यूनिवर्सिटी शामिल हैं। इन सभी की नियुक्ति प्रक्रिया जारी रहेगी.

ये भी पढ़ें- ‘NCERT ने हमें बलि का बकरा बना दिया'...ज्यूडिशियरी वाले चैप्टर को लेकर पहली बार खुलकर बोले मिशेल दानिनो

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com