उत्तर प्रदेश पुलिस में सात अक्टूबर को भारतीय पुलिस सेवा के 20 अधिकारियों के तबादले किए गए हैं. इस फेरबदल में 2020 बैच के आईपीएस चिराग जैन को बरेली नगर का नया पुलिस अधीक्षक तैनात किया गया है. ये वही आईपीएस अधिकारी हैं, जिन्होंने कभी एक आरोपी को पकड़ने के लिए खुद हनी ट्रैप का जाल तक बिछा दिया था. यूपी सरकार ने आईपीएस चिराग जैन का पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, जनपद आजमगढ़ के पद से बरेली ट्रांसफर किया है. वहीं, उनकी जगह पुलिस अधीक्षक नगर, जनपद आजमगढ़ के पद पर उनके बैचमेट आईपीएस मानुष पारिक को तैनात किया गया है.
IPS चिराग जैन कौन हैं?
आईपीएस चिराग जैन मूल रूप से राजस्थान में भरतपुर के पास स्थित डीग के रहने वाले हैं. उनका जन्म 23 सितंबर 1994 को हुआ था. पिता का नाम धर्मेंद्र कुमार जैन है. चिराग की शुरुआती पढ़ाई डीग से ही हुई. इसके बाद उन्होंने एनआईटी जयपुर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री हासिल की. बीटेक के बाद चिराग संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी में जुट गए. शुरुआती दो प्रयासों में वे प्रारंभिक परीक्षा भी पास नहीं कर पाए थे, लेकिन तीसरे प्रयास में उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2019 में ऑल इंडिया स्तर पर 160वीं रैंक हासिल की और यूपी कैडर के आईपीएस अधिकारी बने.

IPS चिराग जैन को बरेली सिटी SP बनाया गया है. Photo Credit: Chirag Jain Instagram
लड़की के अपहरण का केस सुलझाया
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उत्तर प्रदेश पुलिस में चिराग जैन तब सुर्खियों में आए जब उन्होंने एक लड़की के अपहरण का मामला फिल्मी अंदाज में सुलझाया. साल 2022 में प्रयागराज में तैनाती के दौरान घूरपुर थाना क्षेत्र से एक युवती का अपहरण हो गया था. आरोपी युवक उसे अपने साथ मुंबई ले गया था. तब आईपीएस चिराग जैन ने हनी ट्रैप का जाल बिछाया और एक लड़की की आईडी से आरोपी युवक के साथ चैट करने लगे. इसके बाद उसकी लोकेशन ट्रेस की गई और उसे दबोच लिया गया.

यूपी में 20 IPS के तबादले, किसे-कहां लगाया?
- ए. सतीश गणेश - एडीजी, यातायात एवं सड़क सुरक्षा, उत्तर प्रदेश, लखनऊ
- भगवान एस श्रीवास्तव - एडीजी, तकनीकी सेवाएं एवं अतिरिक्त प्रभार एडीजी अपराध, उत्तर प्रदेश
- यशवीर सिंह - पुलिस अधीक्षक, जौनपुर
- कुंवर अनुपम सिंह - पुलिस अधीक्षक, पीएसी मुख्यालय, लखनऊ
- रवीना त्यागी - पुलिस अधीक्षक, बाराबंकी
- संजय कुमार - सेनानायक, 44वीं वाहिनी पीएसी, प्रयागराज
- ओमवीर सिंह - पुलिस अधीक्षक, बस्ती
- कुंवर ज्ञानंजय सिंह - पुलिस उपायुक्त, प्रयागराज कमिश्नरेट
- कमलेश बहादुर - पुलिस अधीक्षक, लोक शिकायत मुख्यालय (डीजीपी मुख्यालय), लखनऊ
- ईरज राजा - पुलिस अधीक्षक, बलिया
- अर्पित विजयवर्गीय - पुलिस उपायुक्त, लखनऊ कमिश्नरेट
- सर्वेश कुमार मिश्रा - पुलिस अधीक्षक, मऊ
- विनय कुमार सिंह - पुलिस अधीक्षक, गाजीपुर
- सूरज कुमार राय - वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरनगर
- चिराग जैन - पुलिस अधीक्षक नगर, बरेली
- मानुष पारिक - पुलिस अधीक्षक नगर, आजमगढ़
- आलोक राज नारायण - अपर पुलिस अधीक्षक, मथुरा
- पूर्णेंदु सिंह - पुलिस अधीक्षक, बागपत
- मधुवन कुमार सिंह - पुलिस अधीक्षक, हापुड़
- सुरेश चंद्र रावत - पुलिस अधीक्षक, जालौन
यह भी पढ़ें | यूपी में 20 आईपीएस अफसरों का ट्रांसफर; बस्ती, जौनपुर-मऊ से लेकर बलिया, बागपत-हापुड़ तक एसपी बदले
यह भी पढ़ें | IPS रवीना त्यागी बाराबंकी की नई SP, नोएडा में जन्म, बीटेक के बाद UPSC में पाई AIR-170
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं