विज्ञापन

देश में नंबर 1 और दुनिया के टॉप 200 में शामिल हुआ IIT दिल्ली, सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग में हासिल किया 194वां स्थान

QS Sustainability Ranking 2027: आईआईटी दिल्ली (IIT Delhi) ने पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास (Sustainable Development) के क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल करते हुए क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग, 'सस्टेनेबिलिटी 2027' में भारत में पहला स्थान प्राप्त किया है.

देश में नंबर 1 और दुनिया के टॉप 200 में शामिल हुआ IIT दिल्ली, सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग में हासिल किया 194वां स्थान
उन्नत भारत अभियान के राष्ट्रीय समन्वय संस्थान के रूप में यह देश के दूसरे उच्च शिक्षण संस्थानों और ग्रामीण समुदायों के साथ मिलकर काम कर रहा है.

IIT Delhi QS Sustainability Ranking: देश के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में शामिल आईआईटी दिल्ली ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है. संस्थान ने क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग, ‘सस्टेनेबिलिटी 2027' में भारत में पहला स्थान हासिल किया है. यही नहीं, आईआईटी दिल्ली दुनिया के टॉप 200 यूनिवर्सिटी में भी शामिल हो गया है. आईआईटी दिल्ली को ग्लोबल लेवल पर 194वां स्थान मिला है. पिछले साल के मुकाबले संस्थान ने अपनी रैंकिंग में 11 स्थान का सुधार किया है. वहीं, एशिया में भी पांच पायदान ऊपर चढ़कर 19वां स्थान हासिल किया है. 

सस्टेनेबिलिटी स्कोर में सुधार 

आईआईटी दिल्ली के अनुसार उनका कुल सस्टेनेबिलिटी स्कोर भी 83.1 से बढ़कर 86.5 हो गया है. यह रैंकिंग बताती है कि संस्थान पर्यावरण की सुरक्षा और संसाधनों के सही इस्तेमाल के लिए लगातार काम कर रहा है. परिसर में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने, बिजली की खपत कम करने, पानी बचाने, कचरे का सही मैनेज करने और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन सुविधाएं विकसित करने जैसी कई पहल की जा रही हैं. आईआईटी दिल्ली जलवायु परिवर्तन, क्लीन एनर्जी और संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल जैसे सब्जेक्ट पर शोध कर रहा है.

इंटरनेशनल सोलर अलायंस (ISA) के साथ साझेदारी

इसी साल संस्थान ने अंतरराष्ट्रीय सोलर अलायंस के साथ मिलकर सौर ऊर्जा के इस्तेमाल को बढ़ाने और इस क्षेत्र में युवाओं को प्रशिक्षण देने के लिए एक रूपरेखा तैयार की है.

ग्रीन कैंपस के लिए स्पेशल Task Force

संस्थान के प्रो. सोमनाथ बैद्य रॉय ने बताया कि सतत विकास आईआईटी दिल्ली की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है. संस्थान इस क्षेत्र में पढ़ाई और शोध के काम में भी आगे है. उन्होंने बताया कि परिसर को पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए एक स्पेशल वर्क फोर्स बनाया गया है. यह वर्कफोर्स अलग-अलग विभागों के साथ मिलकर योजनाएं तैयार करता है और उनके काम की लगातार निगरानी करता है.

वॉटर कंजर्वेशन, वेस्ट मैनेजमेंट और क्लीन एनर्जी का मॉडल

उन्होंने कहा कि ग्लोबल रैंकिंग में सुधार संस्थान की इन्हीं कोशिशों का नतीजा है. दरअसल, आईआईटी दिल्ली अपने परिसर में स्वच्छ ऊर्जा के इस्तेमाल को बढ़ावा दे रहा है. इसके लिए नवीकरणीय ऊर्जा का उत्पादन बढ़ाने और बिजली की खपत कम करने पर काम किया जा रहा है. पानी बचाने के लिए बारिश जल संचयन, भूजल को फिर से भरने और इस्तेमाल किए गए पानी का दोबारा उपयोग करने जैसी व्यवस्थाएं अपनाई जा रही हैं. इसके साथ ही कचरे को अलग-अलग करके इकट्ठा करने, जैविक कचरे से खाद बनाने और दोबारा इस्तेमाल लायक कंटेंट के रिसाइक्लिंग पर भी जोर दिया जा रहा है.

'नेट जीरो इंडिया परियोजना' और 2070 का महा-लक्ष्य

परिसर में पर्यावरण के अनुकूल परिवहन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है. संस्थान का लक्ष्य पानी के इस्तेमाल में नेट जीरो लेवल हासिल करना और कचरे को लैंडफिल यानी कचरा भराव स्थलों तक पहुंचने से रोकना है. संस्थान के सार्वजनिक नीति विद्यालय के नेतृत्व में चल रही 'नेट जीरो इंडिया परियोजना' के तहत श्मिट साइंसेज के साथ भी काम किया जा रहा है. इस परियोजना का मकसद यह पता लगाना है कि भारत साल 2070 तक नेट जीरो उत्सर्जन का लक्ष्य कैसे हासिल कर सकता है.

ग्लोबल तकनीक और डेल्फ्ट टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी के साथ गठजोड़

इसके लिए देश के अलग-अलग फिल्ड्स की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए टेक्निकल ऑप्शंस का अध्ययन किया जा रहा है. इसके अलावा आईआईटी दिल्ली ने नीदरलैंड के डेल्फ्ट प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के साथ भी साझेदारी की है. दोनों संस्थान शहरों में बाढ़ और गर्मी के असर को कम करने, जलवायु परिवर्तन का सामना कर सकने वाले बुनियादी ढांचे और ऊर्जा से जुड़े नए समाधानों पर काम कर रहे हैं.

जिंदल स्टील के साथ एक्सिलेंस सेंटर

वहीं, जिंदल स्टील के साथ मिलकर स्ट्रक्चरल स्टील के क्षेत्र में शोध, नई डिजाइन तकनीक और कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए एक उत्कृष्टता केंद्र भी स्थापित किया जा रहा है. आईआईटी दिल्ली पर्यावरण संरक्षण के साथ सामाजिक विकास पर भी ध्यान दे रहा है. संस्थान दिव्यांगजनों के लिए सुविधाएं बढ़ाने, लैंगिक समानता और ग्रामीण विकास से जुड़े कामों में योगदान दे रहा है.

उन्नत भारत अभियान और ग्रामीण विकास का मॉडल

उन्नत भारत अभियान के राष्ट्रीय समन्वय संस्थान के रूप में यह देश के दूसरे उच्च शिक्षण संस्थानों और ग्रामीण समुदायों के साथ मिलकर काम कर रहा है. इस पहल के तहत गांवों में ऊर्जा, पानी और आजीविका से जुड़ी समस्याओं के टिकाऊ समाधान खोजने की कोशिश की जा रही है.

यह भी पढ़ें- JNU New VC Appointment: जेएनयू में नए वाइस चांसलर की तलाश शुरू, 2.10 लाख होगी सैलरी जानें कौन कर सकता है Apply

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com