विज्ञापन

'जब काम करती हूं तो मां होने का गिल्ट होता है'...IIT बॉम्बे की रिसर्च स्कॉलर हेन्ना की कहानी

IIT Bombay Henna K Seethi Story: आईआईटी बॉम्बे में रिसर्च कर रही हैं हेन्ना के पति केरल में नौकरी करते हैं, ऐसे में अकेले बच्चे को संभालना और काम भी करना उनके लिए बड़ी चुनौती की तरह था.

'जब काम करती हूं तो मां होने का गिल्ट होता है'...IIT बॉम्बे की रिसर्च स्कॉलर हेन्ना की कहानी
IIT बॉम्बे की स्कॉलर हेन्ना की कहानी

किसी भी महिला के लिए प्रेग्नेंसी का फेज काफी मुश्किल भरा होता है. इस दौरान शारीरिक बदलाव तो होते ही हैं, लेकिन इसके साथ वर्क लाइफ बैलेंस भी पूरी तरह से बिगड़ने लगता है. कई महिलाओं को मजबूरी में अपना काम छोड़ना पड़ता है और वो काफी पीछे रह जाती हैं. हालांकि IIT बॉम्बे में रिसर्च स्कॉलर हेन्ना के. सेठी की कहानी कुछ अलग है. उन्होंने प्रेग्नेंसी के दौर में अपने करियर को भी संभाला और इस पूरे सफर में उनके पति ने उनका पूरा साथ दिया. हालांकि उन्हें कई बार मां होने का गिल्ट भी होता है. 

चार महीने के बच्चे के साथ पहुंचीं IIT बॉम्बे 

करीब 29 साल की उम्र में हेन्ना ने IIT बॉम्बे में PhD के लिए आवेदन किया था, इस दौरान वो प्रेग्नेंट थीं. उनके पति ने उनसे कहा कि उन्हें अपने सपनों को नहीं छोड़ना चाहिए, इससे हेन्ना को हिम्मत मिली और उन्होंने अपने सफर को आगे बढ़ाने का फैसला किया. इसके बाद अपने चार महीने के बच्चे के साथ हेन्ना ने IIT बॉम्बे में बतौर रिसर्च स्कॉलर ज्वाइन किया. वो ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंस डिपार्टमेंट में रिसर्च स्कॉलर हैं. 

पति की केरल में नौकरी

हेन्ना के पति केरल में एक मनोवैज्ञानिक के तौर पर नौकरी करते हैं और मुंबई नहीं रह सकते, ऐसे में हेन्ना मुंबई में अकेले ही बच्चे की देखभाल करती हैं. उन्हें अपने बच्चे को नैनी के पास छोड़ना पड़ता है और जब भी नैनी नहीं आती है तो वो अपने बच्चे को अपने साथ लैब ले जाती हैं. लैब के एक कोने में उन्होंने एक छोटा सा बिस्तर, कटोरा और कंबल रखा हुआ है, जहां ओमी खेलता और सोता है. इसी कैंपस में उनके बेटे ने चलना भी सीख लिया और इस दौरान प्रोफेसर्स से लेकर बाकी तमाम लोगों ने उनका पूरा साथ दिया. 

क्यों होता है मां होने का गिल्ट?

हेन्ना को कुछ शुरुआती महीनों में मानसिक तनाव से भी गुजरना पड़ा. इस दौरान उन्होंने कैंपस के ही वेलनेस सेंटर में थेरेपी भी ली थी. उनका कहना है कि जब भी वो काम पर आती हैं तो उन्हें एक मां होने का गिल्ट महसूस होता है, वहीं जब बच्चे को समय देती हैं तो उन्हें लगता है कि वो अपनी रिसर्च के साथ इंसाफ नहीं कर पा रही हैं. कई बार वो इसे लेकर परेशान भी हो जाती हैं. फिलहाल हेन्ना अपने बेटे के बड़े होने का इंतजार कर रही हैं, जिससे उनके लिए चीजें थोड़ी और आसान हो जाएं. 

यह भी पढ़ें | 50 लाख से लेकर 1 करोड़ तक की फीस, डीम्ड यूनिवर्सिटी से MBBS करना कितना महंगा?

यह भी पढ़ें | यूपी में डॉक्टर बनने का सपना होगा सस्ता, इस कॉलेज में बढ़ेंगी 50 सीटें; फीस सुनकर हो जाएंगे खुश

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
IIT Bombay, IIT Bombay PhD Scholar, Success Story, Pregnacy
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com