- आईएएस अनु कुमारी का तिरुवनंतपुरम जिला कलेक्टर पद से स्पेशल कमिश्नर जीएसटी के पद पर तबादला हुआ है
- अनु कुमारी ने अपने कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों और जनता के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है
- तिरुवनंतपुरम में स्थानीय निकाय उपचुनाव के कारण उनके ट्रांसफर आदेश पर अस्थायी रोक लगी थी
भारतीय प्रशासनिक सेवा की चर्चित आईएएस अधिकारी अनु कुमारी की केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम के डीएम पद से विदाई हो गई है. अनु कुमारी की जगह आईएएस अंजू केएस ने पदभार संभाल लिया है. तिरुवनंतपुरम से नए पद स्पेशल कमिश्नर, जीएसटी के लिए विदाई लेते समय आईएएस अनु कुमारी ने ‘Thank You, Thiruvananthapuram' वीडियो के जरिए अनूठे अंदाज में यहां की जनता का आभार जताया. तिरुवनंतपुरम की पूर्व जिला कलेक्टर आईएएस अनु कुमारी ने 3 अक्टूबर 2026 की शाम अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने दो साल पहले तिरुवनंतपुरम डीसी पद पर ज्वाइन करने, अपने कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों और उपलब्धियों का जिक्र किया तथा लोगों को धन्यवाद कहा. वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा कि, “यहां के स्टाफ और आम लोगों का धन्यवाद, जिन्होंने डीसी (तिरुवनंतपुरम) के तौर पर मेरे कार्यकाल के दौरान मुझे प्यार, सम्मान और सहयोग दिया. राजधानी की जनता की सेवा करने का मौका मिलने के लिए मैं आभारी हूं. इन सुखद यादों को हमेशा संजोकर रखूंगी.”
यह भी पढ़ें- IAS अनु कुमारी ने ओणम पर त्रिवेंद्रम कलेक्ट्रेट में किया पारंपरिक डांस, UPSC में पाई थी AIR-2
आईएएस अनु कुमारी की वर्तमान पोस्टिंग
11 सितंबर 2026 को केरल कैडर के 36 आईएएस अधिकारियों का तबादला किया गया था. उस समय तिरुवनंतपुरम डीसी आईएएस अनु कुमारी का तबादला स्पेशल कमिश्नर, जीएसटी के पद पर किया गया था. इसी दौरान 28 सितंबर 2026 को केरल में स्थानीय निकाय वार्डों के उपचुनाव भी प्रस्तावित थे. तिरुवनंतपुरम में उपचुनाव को देखते हुए केरल सरकार ने राज्य चुनाव आयोग के निर्देश के बाद तिरुवनंतपुरम की जिला कलेक्टर अनु कुमारी के ट्रांसफर आदेश पर 1 अक्टूबर तक रोक लगा दी थी. उपचुनाव में 29 सितंबर को मतगणना हुई. 1 अक्टूबर 2026 को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अनु कुमारी ने जानकारी शेयर की कि तिरुवनंतपुरम जिला कलेक्टर के तौर पर उनका आधिकारिक कार्यकाल समाप्त हो गया है. इसी दिन तिरुवनंतपुरम की नई जिला कलेक्टर ने पदभार ग्रहण किया.

अनु कुमारी आईएएस हरियाणा के सोनीपत की रहने वाली हैं. यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा 2017 में देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त किया था.
कौन हैं आईएएस अनु कुमारी?
हरियाणा के सोनीपत की रहने वाली अनु कुमारी केरल कैडर की 2018 बैच की आईएएस अधिकारी हैं. वह बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान की ब्रांड एंबेसडर भी हैं. संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2017 में अनु कुमारी ने पूरे देश में दूसरा स्थान प्राप्त किया था. उन्होंने आईएमटी नागपुर से एमबीए और दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज से बीएससी की डिग्री हासिल की है. अनु कुमारी का जन्म 18 नवंबर 1986 को हुआ था. सोनीपत के शिवा शिक्षा सदन से स्कूली शिक्षा प्राप्त करने वाली अनु कुमारी ने यूपीएससी परीक्षा पास करने से पहले करीब नौ वर्षों तक बैंकिंग क्षेत्र में नौकरी की थी.

आईएएस अनु कुमारी का तिरुवनंतपुरम जिला कलेक्टर से स्पेशल कमिश्नर, जीएसटी पद पर तबादला हुआ है.
यह भी पढ़ें- IAS अनु कुमारी ने छोड़ा तिरुवनंतपुरम DM पद, विदाई पर भावुक हुईं हरियाणा की UPSC टॉपर बेटी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं