FSSAI Jobs : हाल ही में FSSAI ने देश की 8 फूड कंपनियों पर बड़ी कार्रवाई की है. इन कंपनियों पर आरोप है कि वे अपने ब्रांड नाम, टैगलाइन और प्रोडक्ट्स से जुड़े दावों के जरिए कस्टमर्स को गुमराह कर सकती हैं. यह फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 के खिलाफ माना जा सकता है. इस कार्रवाई के बाद लोगों के बीच FSSAI को लेकर जिज्ञासा बढ़ गई है. कई लोग जानना चाहते हैं कि यह संस्था क्या है, इसका काम क्या है और इसमें नौकरी पाने के लिए क्या करना होगा.
क्या है FSSAI?
फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया यानि कि FSSAI भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की देख-रेख में करने वाली एक संस्था है. इसकी स्थापना साल 2006 में फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट के तहत की गई थी. इस संस्था का मकसद देशभर में उपलब्ध खाने की चीजों की क्वालिटी को चेक करना है. पैकेज्ड फूड, रेस्टोरेंट, होटल, डेयरी प्रोडक्ट्स, फूड बनाने वाली कंपनियों और फूड बिजनेस से जुड़े सभी संस्थानों के लिए FSSAI के नियमों का पालन करना जरूरी होता है.
FSSAI की जिम्मेदारियां
FSSAI देश में खाने की चीजों से जुडी व्यवस्था को मजबूत बनाने का काम करती है. इनमें खाने की चीजों के लिए सेफ्टी स्टैंडर्ड्स तय करना, कंपनियों को लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन देना, फूड प्रोडक्ट्स की क्वालिटी की निगरानी करना और भ्रामक एडवर्टाइजमेंट या गलत दावों पर कार्रवाई करना शामिल है. इसके अलावा संस्था समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को बेहतर क्वालिटी वाले खाने के लिए जागरूक करने के साथ-साथ उनके अधिकारों की रक्षा करती है.
FSSAI में नौकरी कैसे मिलती है?
सरकारी क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए FSSAI एक बेहतर ऑप्शन बनकर उभरा है. संस्था समय-समय पर अलग-अलग टेक्निकल और प्रशासनिक पदों पर भर्ती निकालती है. इसके प्रमुख पदों में फूड सेफ्टी ऑफिसर (FSO), टेक्निकल ऑफिसर, सेंट्रल फूड सेफ्टी ऑफिसर, असिस्टेंट, पर्सनल असिस्टेंट, एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर और असिस्टेंट डायरेक्टर शामिल हैं.
योग्यता और चयन प्रक्रिया
टेक्निकल पदों के लिए उम्मीदवारों के पास फूड टेक्नोलॉजी, फूड साइंस, डेयरी टेक्नोलॉजी, बायोटेक्नोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, केमिस्ट्री, एग्रीकल्चर साइंस या वेटरिनरी साइंस जैसे सब्जेक्ट्स में डिग्री या पोस्ट ग्रेजुएशन होना जरूरी होता है. भर्ती प्रक्रिया में आमतौर पर कंप्यूटर बेस्ड एग्जाम (CBT), स्किल टेस्ट, इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन शामिल होते हैं.
क्यों बढ़ रही है FSSAI में करियर की मांग?
देश में फूड प्रोसेसिंग, पैकेज्ड फूड और ऑनलाइन फूड डिलीवरी सेक्टर तेजी से बढ़ रहा है. ऐसे में फूड सेफ्टी एक्सपर्ट्स और रेग्युलेटरी ऑफिशियल्स की जरूरत भी बढ़ रही है. यही वजह है कि FSSAI में नौकरी युवाओं के लिए एक बेहतर करियर ऑप्शन बनती जा रही है.
यह भी पढ़ें- एयर होस्टेस की नौकरी में कितनी होती है कमाई? जानिए यहां जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं