विज्ञापन

Exclusive: शिक्षा मंत्री ने माना CBSE के OSM में था ग्लिच, NEET री-एग्जाम में एयरफोर्स की लेंगे मदद

Dharmendra Pradhan Exclusive: शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने एनडीटीवी के साथ एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में सीबीएसई के मार्किंग सिस्टम को लेकर विवाद और नीट पेपर लीक जैसे मुद्दों पर बातचीत की और जवाब दिए.

Education Minister Interview: शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इंटरव्यू

Education Minister Interview: शिक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार उठ रहे सवालों के बीच एजुकेशन मिनिस्टर धर्मेंद्र प्रधान ने एनडीटीवी के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत की. इस दौरान शिक्षा मंत्री ने CBSE के ताजा ऑन स्क्रीन मार्किंग (OSM) विवाद से लेकर पिछले दिनों हुई पेपर लीक की घटनाओं पर भी बातचीत की. शिक्षा मंत्री ने कहा कि मैं खुद को जवाबदेह मानता हूं, ये हमारी जिम्मेदारी है कि बच्चों को कैसे राहत दी जाए. शिक्षा मंत्री ने कहा कि हर साल परीक्षा होती है, परीक्षा के बाद कॉपी री-चेक की मांग होती है और हर साल ये होता है. ये कोई नई बात नहीं है. रिजल्ट में अगर छात्र सहमत नहीं है तो उसका अधिकार है कि वो पूछे कि नंबर कम क्यों आए.

नया पोर्टल होगा एक्टिव

धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि सीबीएसई ने नई चीज ये की है कि पहले मैनुअली कॉपी चेक होती थी और इस बार ऑन स्क्रीन मार्किंग को लागू किया गया. इस पर कुछ ग्लिच आए हैं, जिन्हें ठीक किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि कल तक नया पोर्टल एक्टिव हो जाएगा. इसके लिए आईआईटी और बाकी एजेंसियों की मदद ली गई है. 

ऑन स्क्रीन मार्किंग को लेकर धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि दुनियाभर में इसका इस्तेमाल हो रहा है. सीबीएसई ने रिफॉर्म के तौर पर इसे अपनाया है. 17 लाख छात्रों ने परीक्षा दी  थी, इनमें से 13 लाख छात्रों ने दोबारा कॉपी चेक करने के लिए आवेदन नहीं किया. सिर्फ 4 लाख छात्रों ने इसके लिए आवेदन किया, हर साल करीब दो लाख छात्र कॉपी री-चेक के लिए आवेदन करते हैं. 

शिक्षा मंत्री ने बताया कि इस बार जब छात्रों ने ऑनलाइन आवेदन करने की कोशिश की तो पोर्टल ठीक से नहीं चल पाया. दो-तीन दिन की गड़बड़ी हुई थी, जिसके चलते बच्चे भी नाराज हुए. अभी पोर्टल को ठीक किया जा रहा है, इसके लिए आईआईटी की टीम लगी है और पेमेंट के लिए पीएसयू बैंक को भी लगाया गया है. एक दो दिन में ये सारी व्यवस्था ठीक हो जाएगी. जब नया पोर्टल ऑन हो जाएगा तो बच्चे आएंगे और पर्टिकुलर सवालों पर अपनी शिकायतें बताएंगे. 

एयरफोर्स की ली जाएगी मदद

नीट मामले पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि नीट एग्जाम को लेकर सेना की मदद की कोई जरूरत नहीं है. इसमें क्वेश्चन पेपर को लेकर जाने की व्यवस्था पोस्टल डिपार्टमेंट करता है, हमने एयरफोर्स को अनुरोध किया कि इस काम को अच्छी तरह से पूरा किया जाए. एयरफोर्स ने हमें बताया है कि ये काम अच्छे से किया जाएगा. इसमें सारे राज्यों को शामिल किया जा रहा है और सरकार के कई विभाग भी शामिल हैं. 

अगले साल से CBT मोड में नीट

धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि बच्चों के मन में कुछ भी ऐसा न डाला जाए, जिससे उनकी परेशानी बढ़ जाए. बच्चे पहले से ही घबराए हुए हैं. उन्होंने कहा कि इस अव्यवस्था के जिम्मेदार हम हैं, हम दायित्व से भाग नहीं सकते हैं. नीट में अगले साल से कंप्यूटर बेस्ड एग्जाम होगा. हमें सीबीटी के लिए देश में जो इंफ्रास्ट्रक्चर चाहिए, वो बनाना होगा. हम पहले से जेईई और बाकी परीक्षाएं सीबीटी मोड में हो रही हैं. एनटीए सिर्फ परीक्षा कराती है, हेल्थ मिनिस्ट्री की तरफ से जो मंजूरी मिलेगी, वही किया जाएगा. 

थ्री लैंग्वेज फॉर्मूला पर भी दिया जवाब

सीबीएसई के थ्री लैंग्वेज फॉर्मूला और इसे 9वीं में अचानक लागू करने पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि, 2020 से नई शिक्षा नीति लागू हुई है. इसमें साफ किया गया है कि तीसरी भाषा लागू होगी. अभी 6 से 10वीं तक भारत के सभी बोर्ड में तीन भाषाओं में पढ़ाया जाता है. तीन में दो भाषाएं नेटिव होनी चाहिए. NEP से पहले भी तीसरी भाषा भी भारतीय होती थी. इस बार सीबीएसई ने यही कहा है कि जो 8वीं में पढ़ा, उसे ही 9वीं में कंटीन्यू करेंगे. इस भाषा का नंबर नहीं जोड़ा जाएगा. ये पूछा जा रहा है कि तीन भाषाओं में दो भारतीय भाषाएं क्यों हैं. किसी दूसरे देश की भाषा को सीखने वाले छात्रों की संख्या काफी कम है, ये करीब 1 पर्सेंट छात्र हैं. ज्यादातर छात्र नेटिव लैंग्वेज में ही पढ़ना चाहते हैं. 

शिक्षा मंत्री ने कहा कि 99 फीसदी सीबीएसई स्कूलों में 6 से लेकर 8 नेटिव भाषाएं ही पढ़ाई जा रही हैं. इसमें अलग से टीचर्स लाने की बात सही नहीं है.  जो छात्र विदेशी भाषाओं को पढ़ना चाहते हैं, वो चौथी भाषा के तौर पर इसे पढ़ सकते हैं, इसके लिए किसी ने रोका नहीं है. 
 

लेखक के बारे में
img
मुकेश बौड़ाई
Chief Copy Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
CBSE On Screen Marking, Education Minister Dharmendra Pradhan, Dharmendra Pradhan Exclusive Interview, Education Minister Interview, CBSE Osm Controversy
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com