उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. एक निजी स्कूल ने बच्ची की मां को स्कूल में बुलाकर उससे उल्टी साफ करवाई. जानकारी के अनुसार बच्ची की मां प्रियंका शर्मा को स्कूल से एक फोन आया था, जिसमें प्रियंका को कहा गया कि उनकी बेटी ने उल्टी कर दी है, उन्हें स्कूल आना होगा. जब प्रियंका स्कूल पहुंची तो उनसे कहा गया कि आप बेटी की उल्टी को साफ कर दें. बच्ची की मां प्रियंका शर्मा ने इस पूरे मामले पर बताया कि उनकी बेटी बालाजी मेमोरियल पब्लिक स्कूल में नर्सरी में पढ़ करती थी. उसकी आयु 3 साल की है. 8 मई को बेटी की तबीयत खराब हो गई थी और उल्टी होने लगी. शर्मा ने कहा कि स्कूल ने इलाज की व्यवस्था करने के बजाय बेटी को दो घंटे तक उसी हालत में रखा. उन्हें बुलाकर फर्श साफ करवाया और दाखिला रद्द करने की धमकी भी दी.
"लिखित माफीनामा सौंपा"
मामला तब सामने आया जब घटना की सूचना मिलने पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) कार्यकर्ताओं ने स्कूल के बाहर हंगामा किया. जिसके बाद पुलिस ने भी मामले पर गौर किया और स्कूल पहुंच गई. अधिकारियों ने बताया कि विवाद बढ़ने पर स्कूल प्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने गोविंद नगर थाने के प्रभारी निरीक्षक को लिखित माफीनामा सौंपा है. अधिकारियों के अनुसार उन्होंने गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसा न करने और स्कूल में पेयजल व सफाई की बेहतर व्यवस्था का आश्वासन दिया है.
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं