विज्ञापन

CUET UG 2026: चिलचिलाती धूप में फुटपाथ पर बैठे परीक्षार्थी, रोते हुए बोली छात्रा- "इस माहौल में कोई अच्छा परफॉर्म कैसे करे?"

CUET UG 2026 परीक्षा में तकनीकी खराबी और भीषण गर्मी से छात्र परेशान हुए. साथ ही बुनियादी सुविधाओं की कमी और भीषण गर्मी के चलते छात्रों को भारी मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा.

CUET UG 2026: चिलचिलाती धूप में फुटपाथ पर बैठे परीक्षार्थी, रोते हुए बोली छात्रा- "इस माहौल में कोई अच्छा परफॉर्म कैसे करे?"
इस अव्यवस्था को देखते हुए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षा छोड़कर जाने वाले 3,765 छात्रों के लिए दोबारा परीक्षा (Re-exam) कराने की घोषणा की है.

CUET UG 2026 Cancellation News : शनिवार को देशभर के कई केंद्रों पर CUET UG 2026 की परीक्षा में उस समय भारी रुरावट आ गई, जब टेक्निकल ग्लिच के कारण सिस्टम ठप हो गए. इस वजह से हजारों छात्र घंटों फंसे रहे और उन्हें भीषण गर्मी के बीच फुटपाथ पर बैठने को मजबूर होना पड़ा. परीक्षा केंद्रों पर पीने का पानी, बैठने की व्यवस्था और साफ वॉशरूम जैसी बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी देखी गई, जिससे छात्रों और अभिभावकों में भारी आक्रोश देखने को मिला.

2 से 4 घंटे की देरी, चिलचिलाती धूप में इंतजार

CUET UG की पहली पारी की परीक्षा सुबह 10:30 बजे समाप्त होना था, लेकिन सर्वर डाउन होने के कारण परीक्षा समय पर शुरू ही नहीं हो सकी. छात्रों को केंद्रों के बाहर दो से चार घंटे तक इंतजार करना पड़ा. हालांकि, सिस्टम ठीक होने के बाद उम्मीदवारों को पूरा समय दिया गया, लेकिन तब तक छात्रों का हौसला पस्त हो चुका था और एकाग्रता पूरी तरह भंग हो चुकी थी.

दिल्ली के सरिता विहार स्थित TCS iON केंद्र के बाहर अफरा-तफरी का माहौल था. सड़कें जाम थीं और परेशान पेरेंट्स व छात्रों की लंबी कतारें फुटपाथों पर बैठी थीं. चिलचिलाती धूप में छात्र चादरें बिछाकर बैठे थे और छतरियों के सहारे अपने नोट्स दोहरा रहे थे.

पहले NEET, फिर CBSE और अब CUET

परीक्षा केंद्र के बाहर खड़ी छात्रा जिया शर्मा ने अपना दर्द बयां करते हुए NDTV से बताया कि "मैं खाली पेट करीब दो घंटे का सफर तय करके यहां पहुंची, लेकिन यहां आकर भी दो घंटे इंतजार करना पड़ा क्योंकि सर्वर डाउन था. यह नाइंसाफी है. पहले NEET, फिर CBSE, और अब CUET. इस भीषण गर्मी में न बैठने की जगह थी, न पानी. इसके बाद कोई छात्र अच्छा परफॉर्म कैसे कर सकता है? मेंटल प्रेशर बहुत ज्यादा है. महीनों की मेहनत पर पानी फिरने का डर सता रहा है."

एक अन्य उम्मीदवार, शाहीन ने कहा  "जब हम आखिरकार परीक्षा कक्ष में पहुंचे और हमने निरीक्षक (invigilator) के सामने इस देरी का मुद्दा उठाया, तो उन्होंने हमसे कहा कि हम 'वर्तमान स्थिति का आनंद लीजिए'. वे हमें शांत करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन हमें ऐसा लगा जैसे वे हमारी परेशानी का मजाक उड़ा रहे हों." 

शाहीन ने आगे बताया कि हममें से कई लोग पहले से ही घबराए हुए थे और हमने ठीक से खाना भी नहीं खाया था, बस पानी या सड़क किनारे मिलने वाला नींबू पानी ही पिया था. हम घंटों तक बाहर खड़े रहे, जहां कोई साफ-सुथरा वॉशरूम भी नहीं था. लड़कियों के लिए, इतनी ज्यादा देरी होने पर यह एक बहुत बड़ी समस्या बन जाती है.

अभिभावकों का भी फूटा गुस्सा

छात्रों के साथ आए अभिभावकों ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठाए. एक नाराज पिता ने कहा, "NTA हर साल ऐसी लापरवाही क्यों करता है? ऐसा तब होता है जब देश 'काम की बात' के बजाय 'मन की बात' को ज्यादा अहमियत देता है. अगर छात्र 5 मिनट लेट हों तो गेट बंद कर दिए जाते हैं, लेकिन सिस्टम की इस लेट-लतीफी का जवाबदेह कौन है? हेल्पलाइन पर फोन करो तो वे मेल करने को कहते हैं."

वहीं, अपनी बेटी के साथ आई एक मां ने बताया कि भीषण गर्मी और अव्यवस्था के कारण कई बच्चों की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें उल्टी जैसा महसूस होने लगा था.

NTA 3,765 छात्रों का कराएगी दोबारा एग्जाम

हालांकि इस भारी हंगामे और अव्यवस्था के बाद, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने शुक्रवार देर शाम एक आधिकारिक बयान जारी किया. NTA अपनी गलती मानते हुए कहा कि दिन 3,765 उम्मीदवारों की परीक्षा प्रभावित हुई है उनका रिएग्जाम होगा. 

TCS iON पर जांच

 NTA ने इस गड़बड़ी के लिए अपने टेक्नोलॉजी पार्टनर, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS iON) को जिम्मेदार ठहराया है और मामले की तुरंत जांच के आदेश दिए हैं.

95% छात्रों ने दी परीक्षा

एजेंसी के मुताबिक, देरी के बावजूद लगभग 95 फीसदी छात्र परीक्षा में शामिल हुए. जो छात्र बायोमेट्रिक रजिस्ट्रेशन के बाद केंद्र से चले गए थे, उन्हें नई तारीखों के साथ परीक्षा का एक और मौका दिया जाएगा.

CUET UG 2026: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने मानी तकनीकी खराबी की बात, प्रभावित छात्रों के लिए दोबारा होगी परीक्षा

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com