विज्ञापन

दिल्ली के छात्रों को मिले जोधपुर और बरेली जैसे एग्जाम सेंटर, CUET परीक्षा को लेकर हजारों छात्र परेशान

CUET Exam Centres: सीईयूईटी परीक्षा को लेकर NDTV के पास ऐसे कई अभिभावकों के फोन आए, जिनके बच्चों का बरेली, जयपुर, रुड़की यहां तक कि जोधपुर सेंटर दिया गया है. सभी परेशान हैं कि इस गर्मी के मौसम में कैसे इतनी दूर बच्चों को भेजा जाए.

दिल्ली के छात्रों को मिले जोधपुर और बरेली जैसे एग्जाम सेंटर, CUET परीक्षा को लेकर हजारों छात्र परेशान
CUET परीक्षा से पहले हजारों छात्र परेशान

CUET Exam Centres: दिल्ली समेत पूरे देश में CUET की परीक्षा 11 मई से 31 मई के बीच में होगी, लेकिन दिल्ली NCR के हजारों छात्रों के परीक्षा केंद्र दिल्ली NCR से बाहर दे दिए गए हैं, जिससे छात्र परेशान हैं. CUET में आवेदन करने वाले छात्रों को चार परीक्षा केंद्र का विकल्प दिया जाता है. अक्सर दिल्ली NCR के छात्र परीक्षा केंद्र का विकल्प दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद देते हैं, लेकिन पहली बार देखा जा रहा है कि इन चारों में से एक विकल्प न देकर NTA ने किसी को जयपुर, किसी को मोहाली किसी को बरेली दिया है. इस मामले को लेकर छात्र और उनके पेरेंट्स काफी परेशान हैं. 

पेरेंट्स ने बताई अपनी परेशानी

CUET परीक्षार्थी के पिता सुनील ने बताया कि उनके बेटे ने दिल्ली, नोएडा फरीदाबाद का विकल्प दिया था लेकिन उसका सेंटर जयपुर अलॉट कर दिया गया है. अब बताइए 11 मई को दिल्ली से जयपुर फिर 19 मई को लेकर जाऊं, फिर 28 मई को बच्चे को लेकर जाऊं... इन सबमें कितना पैसा और भीषण गर्मी में कितनी परेशानी होगी. 12वीं के बच्चे इतने भी बड़े नहीं होते हैं, उनको अकेला छोड़ दें.

इसी तरह एक और अभिभावक राहुल अरोड़ा ने बताया कि उनके भी बच्चे का सेंटर जयपुर दे दिया गया है. NDTV के पास ऐसे कई अभिभावकों के फोन आए, जिनके बच्चों का बरेली, जयपुर, रुड़की यहां तक कि जोधपुर सेंटर दिया गया है. इस तरह की शिकायत एक दो नहीं बल्कि हजारों CUET के छात्रों की हैं. 

क्या सेंटर बांटने में एआई का हुआ इस्तेमाल?

इस बाबत मशहूर शिक्षाविद केशव अग्रवाल से जब संपर्क किया गया तो उन्होंने भी माना बहुत सारे उनके छात्रों के सेंटर में बदलाव किया गया है, इससे अभिभावकों की मुश्किलें बढ़ी हैं बच्चों को अनावश्यक तनाव में डाला जा रहा है. ऐसा लगता है कि जैसे सेंटर देने में AI का इस्तेमाल किया गया है. अब आप खुद बताइए सरकार क्या छात्रों को परीक्षा से दूर नहीं कर रही है. इस तरह की प्रक्रिया पहली बार हुई है जब परीक्षा केंद्र को दूसरे शहर में दे दिया गया हो. 

ये भी पढ़ें - NEET एग्जाम में बड़ी चूक, हिंदी में परीक्षा देने वाले छात्रों को पांच घंटे तक नहीं मिला क्वेश्चन पेपर

एनटीए ने क्या कहा?

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने भी माना है कि बहुत सारे दिल्ली NCR के छात्रों की शिकायत उन तक आई हैं. NTA ने एक्स पर लिखा है कि छात्र सब्र रखें वो इसका समाधान खोज रही है. NTA ने जानकारी दी है कि इस बार दिल्ली NCR में परीक्षार्थियों की तादात बढ़ने से इस तरह की दिक्कत आई है, लेकिन वो समाधान खोज रहे हैं.

CUET की परीक्षा कितने छात्र देंगे 

CUET की परीक्षा में इस साल करीब 15 लाख छात्रों ने आवेदन किया है, इसमें दिल्ली से ही करीब 1 लाख 39 हजार छात्रों ने CUET की परीक्षा के लिए आवेदन किया है, जबकि उप्र से करीब तीन लाख छात्रों ने आवेदन किया है. पिछले साल CUET की परीक्षा में 13 लाख 54 हजार छात्रों ने आवेदन किया था. छात्रों की बढ़ती संख्या और परीक्षा केंद्रों की कमी की वजह से ही हजारों छात्रों को मनमाफिक जगह के सेंटर नहीं अलॉट हो पाए हैं.

(छात्रों, अभ्यर्थियों और उनके पेरेंट्स की ऐसी ही समस्याओं को उठाने के लिए एनडीटीवी ने खास मुहिम शुरू की है. इस तरह की किसी भी समस्या के लिए छात्र और उनके पेरेंट्स सीधे एनडीटीवी एजुकेशन से संपर्क कर सकते हैं. इसके लिए उन्हें educationkhabar@ndtv.com पर अपनी समस्या भेजनी होगी. ऐसा करने पर आपकी आवाज हम लोगों और जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचाने का काम करेंगे.) 

लेखक के बारे में
img
रवीश रंजन शुक्ला
Senior Special Correspondent
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
CUET Exam Centres, CUET Exam Centres Row, CUET Exam NTA, CUET Exam Centre Problem, Delhi NCR Students CUET
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com