विज्ञापन

NEET री-एग्जाम: पेपर लीक के दावों को NTA ने बताया गलत, अभ्यर्थियों को दी चेतावनी

21 जून को होने वाले NEET री-एग्जाम के पेपर लीक के दावों को NTA ने झूठा और गुमराह करने वाला बताया है. NTA ने एक बयान में कहा कि इस तरह के दावे नकल करवाने वाले गिरोहों की तरफ से किए जा रहे हैं.

NEET री-एग्जाम: पेपर लीक के दावों को NTA ने बताया गलत, अभ्यर्थियों को दी चेतावनी
NEET का री-एग्जाम 21 जून को होना है. (फाइल फोटो)
IANS

देश के सबसे बड़े मेडिकल एंट्रेस एग्जाम NEET का दोबारा एग्जाम 21 जून को होना है. लेकिन इससे पहले कुछ लोग इसके पेपर लीक का दावा कर रहे हैं. इन्हें नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA ने इन दावों को गलत बताया है. NTA ने एक बयान जारी कर कहा कि ये दावे झूठे और धोखाधड़ी वाले हैं और इनका मकसद लोगों को गुमराह करना है.

अपने बयान में NTA ने कहा कि सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर NEET (UG) 2026 के री-एग्जाम का पेपर 'लीक' होने या 'बिकने' का दावा किया जा रहा है. ऐसे सभी दावे झूठे हैं, जिनका मकसद लोगों को गुमराह करना है. 

NTA ने कहा कि इस तरह के दावे नकल कराने वाले गिरोहों का काम है, जो छात्रों और उनके परिवारों की चिंता का फायदा उठाते हैं. इनका मकसद नकली पेपर बेचकर पैसे ऐंठना है.

NTA ने क्या कुछ कहा?

1. NTA ने अपने बयान में कहा कि परीक्षा प्रक्रिया की विश्वसनीयता पूरी तरह बरकरार है और सभी उम्मीदवारों के लिए निष्पक्ष और सुरक्षित परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर जरूरी सुरक्षा उपाय किए गए हैं.

2. NTA ऐसे गलत काम करने वाले चैनलों, अकाउंट्स और कंटेंट की पहचान कर रहा है और उन्हें संबंधित प्लेटफॉर्म और साइबर-क्राइम अधिकारियों को रिपोर्ट कर रहा है ताकि उन्हें तुरंत हटाया जा सके और कार्रवाई की जा सके.

3. NTA कानूनी एजेंसियों और साइबर-क्राइम अधिकारियों के पास औपचारिक शिकायत दर्ज करा रहा है. ऐसा धोखाधड़ी वाला कंटेंट बनाना, फैलाना या आगे भेजना और छात्रों को धोखा देने की कोशिश करना  एक गंभीर दंडनीय अपराध है, और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

4. उम्मीदवारों और अभिभावकों को सलाह दी जाती है कि वे ऐसे किसी भी मैसेज पर ध्यान न दें, पैसे न दें या उसे आगे न भेजें, और धोखाधड़ी वाली इन बातों के झांसे में न आएं.

21 जून को होना है री-एग्जाम

NEET की परीक्षा 3 मई को हुई थी. इसके कुछ दिन बाद ही पेपर लीक का मामला सामने आ गया था. बाद में NTA ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी थी. इस फैसले का असर NEET एग्जाम देने वाले 22 लाख से ज्यादा छात्रों पर पड़ा था. इस पेपर लीक की जांच CBI कर रही है. अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. अब 21 जून को NEET का री-एग्जाम होगा. 

यह भी पढ़ेंः पांच लाख जवान, AI कैमरे और पैरामिलिट्री... NEET Re-Exam के लिए सरकार ने झोंकी पूरी ताकत
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
NEET 2026, NEET Paper Leak, NEET UG 2026, NTA, NEET 2026 Controversy
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com